Kal Ka Mausam 31 March: देश के अलग-अलग हिस्सों में कल यानी मंगलवार को मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है. जहां एक ओर उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और तेज हवाएं चलेंगी तो वहीं, दूसरी ओर पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत में गर्मी और उमस बढ़ेगी.
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में कल यानी 31 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा. इस दौरान हल्के बादल, तेज हवाएं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. दिल्ली में 31 मार्च को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
यूपी में कैसा रहेगा कल का मौसम?
IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश और कुछ जगहों पर गर्मी रहेगी. इस दौरान 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. लखनऊ में 31 मार्च को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
कहां कितना रहेगा तापमान?

बिहार में कैसा रहेगा कल का मौसम?
बिहार में भी हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. इस दौरान 35 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. वहीं, पटना में 31 मार्च को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी
राजस्थान में ज्यादातर इलाकों में सूखा और गर्म मौसम बना रहेगा. रेगिस्तानी क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलेंगी. हालांकि कुछ हिस्सों में बादल और हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है. वहीं, जयपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतमत तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों में मौसम का हाल
31 मार्च को पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी की संभावना है. साथ ही, कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं. 3 और 4 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम वर्षा/बर्फबारी के साथ गरज-बिजली और तेज हवाओं का असर देखा जा सकता है. वहीं, उत्तराखंड में 3 से 5 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश और छिटपुट गरज-बिजली के साथ 30-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना है.
पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश
31 मार्च से 3 अप्रैल के बीच उत्तर पूर्वी भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-बिजली और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं की संभावना है.
राज्यों के अनुसार मौसम का अनुमान
अरुणाचल प्रदेश: 31 मार्च और 1 अप्रैल को बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना है.
असम और मेघालय: 30 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान भारी वर्षा हो सकती है.
नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा: 30 और 31 मार्च को इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
झारखंड और ओडिशा में मौसम कैसा रहेगा
झारखंड में 31 मार्च और 2-3 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-60 किमी प्रति घंटे) की संभावना है. वहीं, ओडिशा में 31 मार्च से 3 अप्रैल के बीच छिटपुट से मध्यम बारिश, गरज-बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. 30 मार्च को भी यहां बारिश की संभावना है.
दक्षिण भारत में मौसम कैसा रहेगा?
दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों में मौसम अस्थिर रहने की संभावना है. 31 मार्च को केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ बिजली गिरने की संभावना है. रायलसीमा में 1 अप्रैल तक बारिश होने की उम्मीद है. तमिलनाडु में 31 मार्च को, केरल और माहे में 1 से 3 अप्रैल तक और तटीय कर्नाटक में 31 मार्च से 3 अप्रैल तक बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. इसके अलावा, 31 मार्च को केरल और माहे तथा तटीय कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
हिमाचल और उत्तराखंड के मौसम का हाल
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा. इन राज्यों के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है. कई इलाकों में 30–50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी.










