---विज्ञापन---

क्राइम angle-right

बीड में ‘दुल्हन’ बनी ठगी का जरिया… 9 शादियों के बाद खुला खौफनाक रैकेट, VIDEO में छलका दर्द

जांच में जो शुरुआती तस्वीर उभरकर सामने आई है, वह बेहद खतरनाक है. ग्रामीण इलाकों में शादी की चाह रखने वाले युवकों को यह गिरोह निशाना बनाता था. (संजीब रॉय की रिपोर्ट)

---खबर नीचे जारी है---

महाराष्ट्र के बीड जिले से सामने आई एक घटना ने शादी जैसे पवित्र रिश्ते को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है. यहां एक युवती को कथित तौर पर ‘दुल्हन’ बनाकर बार-बार बेचा गया और जब उसकी मजबूरी की हद टूट गई, तो उसका दर्द एक वीडियो के जरिए बाहर आ गया. उमापुर की रहने वाली भारती गुमस्ते ने जो खुलासा किया है, वह चौंकाने वाला ही नहीं, बल्कि अंदर तक झकझोर देने वाला है. कुछ दिन पहले उसकी शादी योगेश शिंदे नाम के युवक से कराई गई, लेकिन यह उसके जीवन की पहली शादी नहीं थी. युवती के मुताबिक, इससे पहले भी उसे कई बार अलग-अलग लोगों से शादी करने के लिए मजबूर किया गया.

वीडियो में भारती का डर और बेबसी साफ झलकती है. वह बताती है कि एक संगठित गिरोह ने उसे अपने जाल में फंसा लिया था. इस गिरोह में शामिल लोगों – गणेश अंदुरे, राधा अंदुरे, अर्चना पाटिल और सागर – पर आरोप है कि उन्होंने धमकियों और दबाव के जरिए उससे बार-बार शादियां करवाईं.

---खबर नीचे जारी है---

जांच में जो शुरुआती तस्वीर उभरकर सामने आई है, वह बेहद खतरनाक है. ग्रामीण इलाकों में शादी की चाह रखने वाले युवकों को यह गिरोह निशाना बनाता था. एक ‘शादी’ की कीमत तय थी – करीब तीन से साढ़े तीन लाख रुपये. रकम मिलते ही शादी करवाई जाती, दुल्हन कुछ दिन ससुराल में रहती और फिर अचानक गायब हो जाती. इसके बाद वही युवती किसी और की ‘दुल्हन’ बनाकर पेश कर दी जाती.

यह सिर्फ ठगी नहीं, बल्कि इंसानियत को शर्मसार करने वाला खेल है, जिसमें एक लड़की को सामान की तरह इस्तेमाल किया गया. बीड में इस खुलासे के बाद हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.

---खबर नीचे जारी है---

First published on: May 06, 2026 11:28 PM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola