अगर आप पर्सनल फाइनेंस की दुनिया में रुचि रखते हैं, तो रिच डैड पुअर डैड (Rich Dad Poor Dad) के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी का नाम आपने जरूर सुना होगा. कियोसाकी अपने बेबाक और कभी-कभी डराने वाले बयानों के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने एक बार फिर सोशल मीडिया पर एक ऐसी सलाह दी है जिसने निवेश करने वालों में खलबली मचा दी है.
किताबों के इस दिग्गज लेखक का कहना है, अगर आपके पास चांदी खरीदने के लिए 10 डॉलर भी नहीं हैं, तो एक दिन का खाना छोड़ दें, लेकिन निवेश शुरू करें. आइए जानते हैं कि वे ऐसा क्यों कह रहे हैं और आने वाले समय के लिए उन्होंने क्या खौफनाक भविष्यवाणी की है.
चांदी ही क्यों?
कियोसाकी का मानना है कि निवेश की शुरुआत करने के लिए लाखों की जरूरत नहीं होती. उनका कहना है कि आप किसी भी गोल्ड-सिल्वर डीलर के पास जाकर महज $10 (करीब ₹800-₹900) में भी जंक सिल्वर जैसे पुरानी चांदी के सिक्के खरीद सकते हैं. वे कहते हैं कि चांदी खरीदना सिर्फ एक निवेश नहीं है, बल्कि एक क्लास है. डीलर से बात करके आपको बाजार की समझ मिलती है और आप निवेश की आदत डालना शुरू करते हैं.
सबसे बड़ी मार्केट क्रैश की आहट?
कियोसाकी सिर्फ निवेश की सलाह नहीं दे रहे, वे चेतावनी दे रहे हैं कि इतिहास का सबसे बड़ा शेयर मार्केट क्रैश अब हमारे दरवाजे पर दस्तक दे रहा है. कियोसाकी ने दावा किया है कि 2026 में होने वाला क्रैश ब्लैक रॉक (Black Rock) के प्राइवेट क्रेडिट पॉन्जी स्कीम की वजह से होगा. उनका मानना है कि दुनिया भारी कर्ज में डूबी है जिसे चुकाना नामुमकिन है. इसके नतीजे में बेबी बूमर्स (Baby Boomers) की पूरी दुनिया भर की रिटायरमेंट सेविंग्स खत्म हो सकती हैं.
कियोसाकी का सुरक्षा कवच
कियोसाकी पारंपरिक स्टॉक मार्केट पर भरोसा नहीं करते. वे अपने पोर्टफोलियो में हमेशा इन चीजों को जगह देते हैं:
सोना और चांदी (Gold & Silver): महंगाई के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार
बिटकॉइन और इथेरियम (Crypto): वे इन्हें भविष्य की डिजिटल मुद्रा मानते हैं
असली तेल के कुएं (Real Oil Wells): उनका कहना है कि जैसे-जैसे दुनिया में उथल-पुथल बढ़ती है, तेल की कीमतें बढ़ती हैं और उन्हें फायदा होता है.
क्या उनकी बात मान लेनी चाहिए?
रॉबर्ट कियोसाकी की ये बातें थोड़ी आक्रामक जरूर लग सकती हैं, लेकिन उनका मूल मंत्र यही है कि सिस्टम पर निर्भर न रहें, अपनी मेहनत की कमाई को ऐसी संपत्तियों में डालें जो मुसीबत के समय काम आ सकें. चाहे आप उनके निवेश मॉडल को मानें या न मानें, यह सच है कि कठिन समय में कठोर संपत्ति (Tangible Assets) जैसे सोना और चांदी हमेशा निवेशकों की ढाल बने रहे हैं.










