9 March Gold Silver Rate: अगर आप सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतों से परेशान थे, तो आज की सुबह आपके लिए एक बड़ी राहत लेकर आई है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज 9 मार्च 2026 को कीमती धातुओं के भाव में भारी गिरावट देखी जा रही है. हफ्ते के पहले ही कारोबारी दिन निवेशकों के लिए यह बड़ा सरप्राइज है.
MCX पर 2 अप्रैल 2026 वायदे वाला सोना आज गिरावट पर कारोबार कर रहा है. सोने का भाव अभी सुबह 10:40 बजे 1107 रुपये गिरकर 160,527 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है. वहीं 5 मई वायदा वाली चांदी के दाम में अभी 5,248 रुपये की गिरावट देखी जा रही है, जिसके बाद चांदी का भाव 263,037 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है.
सोने चांदी में गिरावट
सोने में 1100 से 2000 रुपये के बीच गिरावट देखी जा रही है. वहीं चांदी में 7000 रुपये तक की गिरावट देखी गई. सुबह 10:54 बजे सोने में करीब 1300 रुपये ओर चांदी में 6000 रुपये से ज्यादा की गिरावट देखी जा रही है.
क्यों आई यह भारी गिरावट?
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस गिरावट के पीछे ये मुख्य कारण हो सकते हैं. रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने ऊंचे भाव पर बिकवाली कर मुनाफा कमाना शुरू कर दिया. लिहाजा दाम में नरमी आ गई. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बदलाव का असर भी सोने-चांदी पर दिख रहा है. वहीं दूसरी ओर मिडिल ईस्ट तनाव के बीच बाजार अब इस स्थिति को फैक्टर-इन यानी अडजस्ट कर रहा है, जिससे शुरुआती डर अब कीमतों में स्थिरता या गिरावट के रूप में दिख रहा है.
जो लोग सोना या चांदी खरीदने का इंतजार कर रहे थे, उनके लिए कीमतों में यह गिरावट एक एंट्री पॉइंट हो सकती है. हालांकि, बाजार अभी भी अस्थिर है, इसलिए किसी भी बड़े निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.










