'माफ कीजिए, हमारा खालिस्तानियों से लेना-देना नहीं', ग्लासगो गुरुद्वारा प्रबंधन की भारतीय उच्चायुक्त को सफाई

Glasgow Gurdwara Management Committee, Scotland News

Scotlands glasgow gurdwara management case: स्कॉटलैंड के सबसे बड़े शहर ग्लासगो के गुरुद्वारे में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी को रोके जाने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। इसी बीच सामने आया है कि ग्लासगो गुरु ग्रंथ साहिब गुरुद्वारा कमेटी की ओर से मामले में माफी मांग ली गई है। भारतीय उच्चायुक्त से माफी की बात कहते हुए उन्हें दोबारा गुरुद्वारा साहिब बुलाया गया है। माना जा रहा है कि गुरुद्वारा कमेटी की ओर से इस बाबत सोमवार को आधिकारिक बयान जारी किया जा सकता है।

दोबारा बुलाया गया दोरईस्वामी को

बता दें कि मामला शुक्रवार को घटित हुआ था, जहां खालिस्तानी समर्थकों ने भारतीय उच्चायुक्त को गुरुद्वारे में प्रवेश करने से रोक दिया था। अब मामले में गुरुद्वारा कमेटी की ओर से पत्र जारी किया गया है। जिसमें भरोसा दिलाया गया है कि उच्चायुक्त को जिन तीन लोगों ने रोका है, उनसे गुरुद्वारा साहिब का कोई वास्ता नहीं है। ये लोग नियमित तौर पर उनका हिस्सा नहीं है। ये लोग कौन है, इस बारे में एल्बर्ट रोड स्थित गुरुद्वारा नहीं जानता है। समिति ने अपील की है कि भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी यहां फिर से आकर प्रार्थना कर सकते हैं।

शूटिंग रेंज में दिख रहा है एक आरोपी

आपको बता दें कि जिन लोगों ने भारतीय उच्चायुक्त से दुर्व्यवहार किया, वे लोग शमशेर सिंह और रणवीर सिंह हैं। ये लोग लंदन में रहते हैं। रणवीर सिंह की एक फोटो वायरल हुई है, जिसमें वह शूटिंग रेंज में बंदूक के साथ दिख रहा है। उसने एक टीशर्ट पहनी हुई है, जिस पर आतंकवादी जगतार सिंह हवारा की रिहाई की मांग के संबंध में लिखा है। हवारा बब्बर खालसा इंटरनेशनल का आतंकी है।

वह 31 अगस्त 1995 को पंजाब के 12वें सीएम बेअंत सिंह की हत्या में शामिल रहा है। गुरुद्वारा समिति की ओर से दोरईस्वामी को अगस्त 2023 में प्रार्थना का न्योता दिया गया था। इसके बाद फिर सितंबर में उनको बुलाया गया था। भारतीय उच्चायुक्त खालिस्तानी विरोध के बाद भी प्रार्थना के लिए पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने इंडियन मुस्लिम एसोसिएशन से भी भेंट की थी।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ