सीएम योगी बोले- दंगा और अपराध मुक्त यूपी है निवेश का सबसे बेहतरीन ठिकाना
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी को निवेश का एक बेहतरीन ठिकाना बताया है। इसका श्रेय उन्होंने राज्य की बेहतर कानून व्यवस्था को दिया। सीएम योगी ने कहा कि यूपी अब दंगा मुक्त और अपराध मुक्त राज्य है। यहां बड़े पैमाने पर विकास से अवसर खुल रहे हैं। आपको बता दें कि विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के लिए सीएम योगी बिजनौर और मुरादाबाद के दौरे पर थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। हम प्रदेश में व्यापारियों और उद्यमियों की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध हैं।
यूपी के बिजनौर जिले में 267 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछले साढ़े पांच वर्षों में यूपी ने काफी प्रगति की है, क्योंकि राज्य में कानून का शासन है। अपने दावे का सिद्ध करने के लिए सीएम ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट 2022 का हवाला दिया। इसके अनुसार उनके शासन के दौरान राज्य में कोई सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास परियोजनाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि 208 करोड़ रुपये की लागत से 4 लेन बिजनौर-मुरादाबाद मार्ग का काम पूरा हो चुका है। रेहर, कहारीपुर, बड़ीगढ़ और सूरजनगर सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए अन्य 51.81 करोड़ रुपये जारी किए हए हैं।
Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath inspects the construction of a medical college in Bijnor pic.twitter.com/1D4gmlDXLI
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) September 4, 2022
सीएम ने 32 पुलिस बैरक और महिलाओं पुलिस कर्मियों के लिए छात्रावास का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि धामपुर में 100 बेड के अस्पताल का काम पूरा हो चुका है। राहतपुर खुर्द स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में 8 करोड़ रुपये की लागत से भवन, कार्यशाला और मीरापुर बांगड़ के 7.87 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे राजकीय महाविद्यालय का कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा नए कलेक्ट्रेट परिसर में बी-ब्लॉक भवन पर 10.41 करोड़ रुपये, नजीबाबाद में बस अड्डे पर 4.30 करोड़ रुपये और बिजनौर में बस अड्डे पर 4.67 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
एक अन्य कार्यक्रम में सीएम ने लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना आदि के तहत प्रमाण पत्र वितरित किए। वहीं मुरादाबाद में सीएम योगी ने सरकार के प्रयासों के बारे में जानकारी दी। कहा कि सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट योजना ने मुरादाबाद के पीतल कारोबार को 4,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10,000 करोड़ रुपये कर दिया था।
इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान मध्य गंगा नहर परियोजना को समय से आगे बढ़ाने और निर्माणाधीन पुलिस लाइन व अन्य भवनों का काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम ने शिक्षा, बुनियादी ढांचे और उद्योगों के क्षेत्र में निवेश व रोजगार की संभावनाओं पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने जिले के लिए 107.31 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसमें स्मार्ट सिटी मिशन से संबंधित 23 परियोजनाओं जैसे ई-कियोस्क, सीटिंग ब्रांडिंग, सौर आधारित स्मार्ट शौचालय, सौर आधारित वाटर एटीएम, इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन, अटल पथ का निर्माण, वर्टिकल गार्डन समेत 92.75 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य शामिल हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: