UP News: बरेली में धर्मस्थल के सामने कांवड़ यात्रा पर पथराव, 12 कांवड़िए घायल, Video
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में रविवार को उस वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब गंगा जल लेने जा रहे कांवड़ियों पर पथराव कर दिया गया। पुलिस की ओर से बताया गया है कि पथराव में करीब 12 कांवड़िए और पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके में भारी संख्या में फोर्स तैनात की गई है।
जानकारी के मुताबिक ये घटना बरेली के जोगी नवादा इलाके में शाहनूरी मस्जिद के पास हुई है। बताया गया है कि करीब 2000 कांवड़ियों का जत्था बदायूं स्थित कछला घाट से गंगा जल लेने जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जत्थे पर पथराव कर दिया। घटना होते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कई थानों का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया।
बरेली के एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि कांवड़िए कछला घाट से जल लेने जा रहे थे, तभी शाहनूरी मस्जिद और आसपास के घरों से जुलूस पर पथराव किया गया। बताया गया है कि पथराव को लेकर कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। हालांकि एहतियात के तौर पर इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बरेली के एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने मीडिया को बताया कि आज थाना बारादरी के आसपास से कांवड़ यात्रा निकल रही थी। जैसे ही यह यात्रा एक धार्मिक स्थल के पास से गुजरी तो रास्ते में कुछ फेंकने को लेकर विवाद हो गया। जांच में सामने आया है कि इसके बाद पथराव हो गया। एसएसपी ने बताया कि कई वीडियो फुटेज में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते दिख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल ने तत्काल स्थिति को काबू में किया और यात्रा को आगे बढ़ाया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। हालांकि 12 लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
(Ambien)
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: