Kedarnath Dham: हेलिकॉप्टर से नहीं आएगा केदारनाथ धाम में दूध, मंदिर प्रबंधन ने किया ये विशेष इंतजाम
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Kedarnath Dham: ऋषिकेश से निशा कुमार की रिपोर्टः विश्व प्रसिद्ध बाबा केदारनाथ धाम (Kedarnath Dham) स्थित शिवलिंग के अभिषेक के लिए अब रोजाना हेलिकॉप्टर से दूध नहीं मंगाया जाएगा। इसके लिए मंदिर समिति ने अब चार गायों को ही बाबा केदारनाथ धाम में पहुंचा दिया है। साथ ही बाबा के धाम में आने वाले भक्तों को भी गाय के दूध से अभिषेक करने का मौका दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, बाबा केदारनाथ धाम में स्थित स्वंभू शिवलिंग का अभिषेक नियमित रूप से गाय के दूध से कराया जाता है। इसके लिए मंदिर समिति द्वारा दूध हेलिकॉप्टर से केदारनाथ धाम मंगाया जाता है। मंदिर समिति ने बताया कि 2016 के मई माह में कपाट खुलने के साथ ही गाय को बाबा केदारनाथ धाम पहुंचाया गया थ, लेकिन बाबा केदारनाथ धाम में गाय के लिए मौसम अनुकूल न होने के कारण उसकी तबियत बिगड़ गई। फिर गाय को केदारनाथ धाम से वापस लौटाना पड़ा था।
अब बाबा केदारनाथ धाम में शिवलिंग का महाभिषेक गाय के दूध से करने के लिए तीर्थ पुरोहितों की ओर से चार गायों और उनके बछड़ों को केदारनाथ धाम पहुंचाया गया है। अब प्रति दिन ब्रह्ममुहूर्त और संध्याकाल में महाभिषेक इन्हीं गायों के दूध से किया जाएगा। बाबा केदारनाथ धाम में पहुंचने पर तीर्थपुरोहितों और मंदिर समिति ने गायों की भी पूजा-अर्चना की।
मंदिर समिति के कार्याधिकारी आरसी तिवारी ने बताया कि गाय के दूध से ही अभिषेक किया जाता है। केदारनाथ धाम में गाय न होने के कारण वैकल्पिक रूप से दूध हेलिकॉप्टर से मंगवाया जाता था, लेकिन अब मंदिर समिति और तीर्थपुरोहितों के सहयोग से गायों को बाबा केदारनाथ धाम पहुंचा दिया गया है। श्रावण में बड़ी संख्या में भक्तों द्वारा बाबा केदरनाथ का अभिषेक किया जाता हैं। अब भक्तों को भी गाय के दूध से अभिषेक करने का मौका दिया जाएगा।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: