Hemendra Tripathi
Read More
---विज्ञापन---
temple priest kidnapping in lucknow: उत्तर प्रदेश में सीएम योगी के निर्देश के बाद प्रदेश भर के अपराधियों पर लगाम कसी जा रही है। बावजूद, इसके कई स्थानों पर अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। इन्हीं अपराधियों के बुलंद हौसले से जुड़ा एक वीडियो राजधानी लखनऊ से सामने आया, जहां कुछ दबंगों की ओर से एक मंदिर के पुजारी को अगवा करने का प्रयास किया गया। मंदिर के भीतर से पुजारी को अपहरण करने का ये वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वैसे ही लोग लखनऊ पुलिस की कार्यशैली और दबंगों के बुलंद हौसले पर प्रतिक्रियाएं देने लगे। हालांकि, मामला वायरल होते ही स्थानीय पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ मामले को छानबीन में जुट गई है।
नहीं ये किसी तालिबानी शासित मुल्क का नहीं लखनऊ का वायरल वीडियो है!
एक पुजारी को बेरहमी से टांगकर ले जाया जा रहा है, मंदिर पर कब्जे के विवाद में इस घटना को दबंगों द्वारा अंजाम दिया गया, @UPPViralCheck @homeupgov @Uppolice कृपया पड़ताल करके नज़ीर लायक कार्रवाई करें🙏 pic.twitter.com/jFahIXxxul
— gyanendra shukla (@gyanu999) October 20, 2023
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ये मामला लखनऊ के विकासनगर स्थित सेक्टर नौ में बने महादेव हनुमान मंदिर का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार दोपहर मंदिर पहुंचे कुछ अज्ञात लोगों ने पुजारी रामसेनही दास को परिसर से अगवा करने की कोशिश की। इस घटना के दौरान दबंगों ने मंदिर के पुजारी पर हमला बोला और फिर सभी लोग उन्हें उठाकर वहां से बाहर भागे। सोशल मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, ये लोग पुजारी को मंदिर के बाहर खड़ी अपनी गाड़ी में बैठा ले जाना चाहते थे लेकिन घटना के दौरान वहां पर भीड़ जुटते ही सभी ओरोपी पुजारी को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मंदिर में रामसनेही दास काफी लंबे समय से पुजारी हैं। और साथ ही वे मंदिर की देखरेख भी करते हैं। शुक्रवार को वे रोजाना की तरह मंदिर परिसर में पूजा अर्चना कर रहे थे। इसी बीच करीब एक दर्जन लोग आए, जिनमें दो महिलायें भी शामिल थीं। ये लोग पुजारी से हाथापाई करने के बाद उन्हें उठाकर तेजी से बाहर भागे। इसके साथ ही लोगों ने बताया कि हमलावरों से मंदिर परिसर की जमीन को लेकर काफी समय पहले से विवाद चल रहा है। वहीं, पीड़ित पुजारी के परिवार का कहना है कि मामले में विकास नगर थाने पर सूचना दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद ये घटना घटित हुई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। हालांकि, वायरल हो रहे इस की News 24 पुष्टि नहीं करता है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखकर पुलिस टीम भी एक्टिव मोड पर आ गई है, स्थानीय विकास नगर पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में जांच की जा रही है।
न्यूज 24 पर पढ़ें प्रदेश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।