Rajasthan News: महंगाई की तपिश कम कर रहीं राहत की बौछारें, योजनाओं के लाभ से संवर रहा आमजन का जीवन
Edited By Rakesh Choudhary

Edited By Rakesh Choudhary

Rajasthan News: प्रदेश में आयोजित किए जा रहे महंगाई राहत कैम्प लोकप्रियता के नित नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। चंद दिनों में ही इन कैम्पों के माध्यम से लाभान्वित परिवारों का आंकड़ा 1 करोड़ और गारंटी कार्ड वितरण का आंकड़ा 4.50 करोड़ के करीब पहुंच चुका है।
कैम्पों में हो रही राहत की बौछारें महंगाई की तपिश को कम कर रही हैं। दस जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर लोगों का जीवन संवर रहा है। साथ ही, उन्हें बढ़ती महंगाई की चिन्ता से भी मुक्ति मिल रही है। गारंटी कार्ड प्राप्त कर लोगों में खुशी का माहौल है और जगह-जगह कैम्पों में उत्सव जैसा नजारा देखने को मिल रहा है।
बीकानेर निवासी शमली देवी ऊन की कोटड़ी में श्रमिक हैं। उनके पति भी मजदूरी करते हैं। चार बच्चे हैं, जिनमें से एक दिव्यांग है। पति-पत्नी की आमदनी कम होने व दिनों-दिन बढ़ती महंगाई के कारण घर-परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा था। कैम्प में उन्हें 5 योजनाओं के गारंटी कार्ड सौंपे गए। साथ ही, दिव्यांग पुत्र को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ भी मिला।
शमली देवी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर महीने निशुल्क फूड पैकेट, 100 यूनिट तक निशुल्क बिजली तथा 125 दिन रोजगार मिलने से परिवार का जीवन संवर जाएगा। परिवार का स्वास्थ्य व दुर्घटना बीमा हो जाने से अनहोनी की चिन्ता नहीं सताएगी।
अजमेर जिले की नागेलाव ग्राम पंचायत में आयोजित कैम्प में पहुंची सपना देवी ने बताया कि वर्ष 2018 में घरेलू गैस सिलैण्डर फटने से हुई दुर्घटना में वे गंभीर रूप से झुलस गई थीं। परिवार आर्थिक तंगी में जीवनयापन करता है। इस पर शिविर प्रभारी ने मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण के बाद आवेदन करवाकर उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाया।
अब उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 1000 रुपए मासिक पेंशन मिल पाएगी। साथ ही, उनके दो बच्चों को पालनहार योजना के अंतर्गत 1500-1500 रूपए प्रतिमाह मिल सकेंगे। हर महीने 4000 की राशि मिलने से वे अब बेहतर जीवन का सपना साकार कर पाएंगी।
बाड़मेर जिले की मांगी ग्राम पंचायत में आयोजित कैम्प में बीजाराम के परिवार को 9 योजनाओं से लाभान्वित किया गया। उन्हें और उनकी पत्नी को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिलने पर खुश बीजाराम बोले, “म्हें तो न्याल हुआ परा। इण वास्ते अशोक गहलोत जी ने घणो-घणो धन्यवाद।”
पेंशन के साथ ही उन्हें 100 यूनिट प्रतिमाह निशुल्क बिजली, 25 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा, 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा, मनरेगा में 125 दिन का रोजगार, कृषि के लिए प्रतिमाह 2000 यूनिट निशुल्क बिजली, दो पशुओं का प्रति पशु 40 हजार रुपये का बीमा, 500 रुपए में गैस सिलेंडर और निशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट मिलेंगे। इन योजनाओं के लाभ से उनके परिवार को सम्बल मिलेगा।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: