Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

दिल्ली

कालिंदी कुंज के जाम से मिलेगी मुक्ति! NHAI का नया प्लान, लाखों लोगों का सफर होगा आसान

नोएडा और दिल्ली के बीच कालिंदी कुंज के जाम को खत्म करने के लिए एनएचएआई ने दो नए फ्लाईओवर को मंजूरी दी है. इससे फरीदाबाद जाने वाले 6 लाख लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

Author
Written By: Raja Alam Updated: Feb 16, 2026 15:34

नोएडा और दिल्ली के बीच कालिंदी कुंज के रास्ते सफर करने वालों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस रूट पर लगने वाले भीषण जाम को खत्म करने के लिए नए फ्लाईओवर बनाने के प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है. इस योजना के तहत मदनपुर खादर पुलिया से लेकर नोएडा तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे दो फ्लाईओवर बनाए जाएंगे. इसके अलावा आगरा कैनाल पर भी आवाजाही के लिए दो नए पुलों का निर्माण होगा जो जीडी बिड़ला रोड को चौड़ा करने में मदद करेंगे. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से जसोला, ओखला, सरिता विहार और फरीदाबाद जाने वाले लगभग 6 लाख लोगों को रोज के सिरदर्द से आजादी मिलेगी.

समय की बचत और प्रदूषण में आएगी कमी

कालिंदी कुंज बैराज का रास्ता फिलहाल दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाला सबसे व्यस्त रूट है जहां यात्रियों को हर दिन 40 से 45 मिनट जाम में बिताने पड़ते हैं. ट्रैफिक पुलिस के पास भी इस इलाके से सबसे ज्यादा शिकायतें पहुंचती हैं. केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा के मुताबिक इस प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है और जल्द ही इसकी विस्तृत रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का काम शुरू कर दिया जाएगा. नए फ्लाईओवर बनने के बाद वाहनों की रफ्तार नहीं थमेगी जिससे न केवल लोगों का कीमती समय बचेगा बल्कि जाम में गाड़ियां खड़ी रहने से होने वाले प्रदूषण में भी बड़ी गिरावट आएगी.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: Delhi Traffic Advisory: ध्यान दें… आज दिल्ली में ये रास्ते रहेंगे बंद, AI Summit के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

फरीदाबाद और केएमपी तक का रास्ता होगा आसान

एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इस रूट का ट्रैफिक सर्वे पूरा हो चुका है. नई व्यवस्था के लागू होने के बाद बदरपुर और जामिया नगर की ओर जाने वाला ट्रैफिक बैराज रोड के नीचे से जीडी बिड़ला मार्ग होकर निकल सकेगा. वहीं फरीदाबाद, मीठापुर और केएमपी एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले लोग सीधे नए फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर सकेंगे. वन विभाग और अन्य संबंधित महकमों से जरूरी मंजूरी लेने की प्रक्रिया भी साथ-साथ शुरू की जा रही है ताकि निर्माण कार्य में कोई अड़चन न आए. यह पूरी योजना दिल्ली को जाम मुक्त बनाने की बड़ी मुहिम का एक हिस्सा है.

---विज्ञापन---

राजघाट और शांतिवन चौराहा भी होंगे सिग्नल फ्री

रिंग रोड पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी एक अच्छी खबर है. लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) राजघाट और शांतिवन क्रॉसिंग को सिग्नल फ्री बनाने के लिए यू-टर्न बनाने की योजना पर काम कर रहा है. ट्रैफिक पुलिस की स्टडी के मुताबिक चौराहों पर सिग्नल की जगह अगर 150 मीटर की दूरी पर यू-टर्न बना दिए जाएं तो ट्रैफिक का फ्लो बेहतर रहता है. प्रयोग के तौर पर इन दो चौराहों को चुना गया है और अगर नतीजे सकारात्मक रहे तो पूरी रिंग रोड और आउटर रिंग रोड पर यही मॉडल लागू किया जाएगा. इससे लेन अनुशासन बेहतर होगा और वाहनों को रेड लाइट पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

First published on: Feb 16, 2026 03:34 PM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.