CBI-ED की छापेमारी पर भड़की आरजेडी, कहा- केंद्रीय एजेंसियों के जरिए बीजेपी कर रही शक्ति प्रदर्शन

CBI Raids

नई दिल्ली: बिहार में महागठबंधन सरकार के शक्ति परीक्षण से पहले RJD नेताओं के यहां ED और CBI ने छापेमारी की है। ईडी-सीबीआई ने RJD के 5 नेताओं पर अपना शिकंजा कसा है। सीबीआई ने RJD एमएलसी सुनील सिंह, राज्यसभा सांसद अशफाक करीम, सांसद फैयाज़ आलम, सुभाष यादव और सुबोध राय के यहां छापेमारी की। सुनील सिंह के घर पटना के शास्त्री नगर इलाके में छापेमारी हुई है। सुनील सिंह सहकारी समिति से जुड़े हुए हैं और आरजेडी में कोषाध्यक्ष हैं।

बताया जा रहा है कि सीबीआई छापेमारी की ये कार्रवाई नौकरी के बदले जमीन मामले में की है। सीबीआई-ईडी की इस कार्रवाई पर महागठबंधन के नेता भड़के हुए नजर आ रहे हैं। इस छापेमारी को लेकर राज्यसभा सांसद मनोज झा ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि ‘यह कहना बेकार है कि यह ईडी, सीबीआई या इनकम टैक्स की रेड है। ये बीजेपी की रेड है। वे बीजेपी के लिए काम करते हैं। उनका दफ्तर बीजेपी की स्क्रिप्ट से चलता है। आज बिहार में फ्लोर टेस्ट है और यहां क्या हो रहा है? ये सबको पता है।’

वहीं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ट्वीट कर इशारों में बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है ‘वो डरेगा नहीं वो झुकेगा नहीं, समाजवादियों की सरकार है बिकेगा नहीं।’

सुनील सिंह ने भी इसे बीजेपी की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि, बीजेपी के निर्देश पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा। सुनील सिंह की पत्नी ने कहा, ‘ये बेवजह हमें परेशान कर रहे हैं। मेरे घर को बर्बाद कर रहे हैं। अगर इन्हें हमारे घर से कुछ नहीं मिला तो हम इन पर मानहानि का केस दर्ज करेंगे। ये इज्जत का सवाल है। बिना सूचना दिए सीबीआई कैसे मेरे घर में घुस सकती है। मेरे पति किसी के पीछे नहीं भागते, ईमानदारी से काम करते हैं इसलिए आज उन्हें परेशान किया जा रहा है।’

इधर बिहार BJP अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सीबीआई की कार्रवाई का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि ‘हमारी सरकार जब चल रही थी तब भी सबको नोटिस भेजा गया था। भोला यादव को गिरफ्तार किया गया था। जब कहीं कुछ मिलता है तभी सीबीआई जाती है। बिहार में जो मंत्रीमंडल बना है उसमें आधे लोगों पर अलग अलग घोटालों के आरोप हैं। सुनील सिंह का विश्वास से कोई लेना देना नहीं है। यह तो एमएलसी हैं, इन्हें तो आज वोट भी नहीं देना है।’

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ