T20 World Cup 2024: टी20 वर्ल्डकप 2024 में यूएसए से मिली करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तानी टीम का चारों ओर जमकर मज़ाक उड़ाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर एक तरफ जहां पाकिस्तानी टीम को अपने फैंस के गुस्से का शिकार होना पड़ रहा है। वहीं, अब इस कड़ी में टीम के पूर्व खिलाड़ियों के तंज का सामना भी पाकिस्तानी टीम को करना पड़ रहा है। टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करके अपने गुस्से का इजहार तो किया ही है। इसी क्रम में अब पूर्व कप्तान वसीम अकरम का भी बयान सामने आ गया है। वसीम अकरम ने पाकिस्तानी टीम को यूएसए के हाथों मिली हार पर खूब खरी-खरी सुनाई है। वहीं, अमेरिका के लिए ऐसी बात बोली है, जो यूएसए फैंस का दिल जीत लेगी। आइये जानते हैं कि वसीम अकरम ने अपने बयान में क्या कहा है?
अमेरिका के लिए यह बोले वसीम
वसीम अकरम ने एक पाकिस्तानी चैनल पर बात करते हुए कहा कि अमेरिकी टीम ने शानदार खेल खेला है। वह निडर होकर खेले हैं। सुपर ओवर में 19 रन का स्कोर देना 36 रन का टार्गेट देने जैसा है। इस प्रदर्शन के लिए अमेरिकी टीम को बधाई। वसीम अकरम ने आगे कहा कि अमेरिकी टीम ने शुरुआत में पाकिस्तानी टीम की विकेट लेकर मैच को अपनी ओर मोड़ लिया था। यह मैच का टर्निंग प्वाइंट था। इसके बाद पूरे मैच में पाकिस्तानी टीम संभल नहीं पाई।
औसत दर्जे से भी खराब खेली टीम
वसीम अकरम ने पाकिस्तानी टीम के खेल को औसत दर्ज से भी बुरा बताया। वसीम अकरम ने कहा कि पहली पारी में लड़खड़ाने के बाद जिस तरह पाकिस्तानी टीम संभली, तो मैं जीत के लिए आश्वस्त हो गया था। लेकिन जिस तरह यूएसए ने दूसरी पारी में खेल दिखाया वह बेहतरीन था। पाकिस्तानी टीम ने मैच में ऐसी फील्डिंग की, जो औसत दर्जे से भी खराब रही।
पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बुरा दिन
पूर्व कप्तान ने कहा कि पाकिस्तान की टीम यूएसए से हार गई। यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बुरा दिन है। मैच में हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन आखिरी गेंद तक तो ज़रूर लड़ना चाहिए। पाकिस्तान टीम पूरी तरह से दबाव में नज़र आई है।
आगे की राह हुई मुश्किल
पाकिस्तान के इस पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने कहा कि टीम की आगे की राह कठिन हो गई है। टीम को हर मैच के लिए रणनीति तैयार करनी होगी। अगला मुकाबला भारत के खिलाफ है। उसके बाद टीम को आयरलैंड और कनाडा से खेलना है। भारत तो मज़बूत टीम है ही। लेकिन आयरलैंड और कनाडा की टीम भी बहुत अच्छा खेल रही है। पाकिस्तान को इन्हें हरगिज़ हल्के में नहीं लेना चाहिए।