IND vs PAK Highlights: भारत ने फिर पाकिस्तान को चटाई धूल, शानदार जीत के साथ सुपर-8 में बनाई जगह

IND vs PAK T20 World Cup 2026 Highlights: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रनों से धूल चटाई. इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन पाकिस्तान की टीम 114 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ ही भारत ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है.

IND vs PAK T20 World Cup 2026

IND vs PAK T20 World Cup 2026

IND vs PAK T20 World Cup 2026 Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रन का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में सिर्फ 114 रन पर ढेर हो गई. पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी 23 रन बनाकर नाबाद रहे. बाकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा और 7 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके. वहीं, भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट चटकाए. जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को 1-1 विकेट मिला. इस जीत के साथ ही भारत ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज के अपने तीनों मैच जीतकर 6 अंकों के साथ सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है.

विज्ञापन

इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए. यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का अब तक सबसे बड़ा स्कोर है. इस मैच में भारत की ओर से ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 77 रनों की शानदार पारी खेली. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन जोड़े, जबकि तिलक वर्मा ने 25 रन का योगदान दिया. अभिषेक शर्मा इस मैच में बिना खाता खोले आउट हो गए. वहीं, आखिरी ओवर में शिवम दुबे 27 रन बनाकर रन आउट हो गए, जबकि अक्षर पटेल कैच आउट हुए. पाकिस्तान की तरफ से सैम अयूब ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. इसके अलावा, सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को 1-1 विकेट मिला. बता दें कि, इस मैच से पहले भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को लगातार तीन मैचों में करारी मात दी थी.

विज्ञापन

LIVE UPDATES

IND vs PAK Live Score: जीत के बाद क्या बोले कप्तान सुर्यकुमार यादव?

पाकिस्तान के खिलाफ 61 रनों से जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, "मुझे लगता है यह जीत भारत के लिए खास है. हमने वही क्रिकेट खेला, जैसा हम खेलना चाहते थे. इस विकेट पर पहले बल्लेबाजी करना सही फैसला था. 0/1 के बाद किसी को जिम्मेदारी लेनी ही थी और ईशान ने जिस तरह से पारी संभाली, वो शानदार था."

उन्होंने आगे कहा, "पहले बल्लेबाजी करते वक्त हमेशा थोड़ी अनिश्चितता रहती है, ओस आएगी या नहीं, लाइट्स के नीचे पिच कैसी खेलेगी, ये सब साफ नहीं होता. लेकिन हमें लगा कि हमारा स्कोर औसत से करीब 15 रन ज्यादा था. अगर 155 बनते तो मैच काफी रोमांचक हो सकता था. गेंदबाजी में हर किसी का योगदान देखना अच्छा लगा. अब हम वापस जाएंगे, टीम के तौर पर थोड़ा समय साथ बिताएंगे और फिर अहमदाबाद के लिए उड़ान भरते वक्त आगे के मैचों पर ध्यान देंगे."

IND vs PAK Live Score: भारत के खिलाफ हार के बाद क्या बोले सलमान आगा?

भारत के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा, "हमारे स्पिनरों का दिन अच्छा नहीं रहा. कुछ मौकों पर वो लय में नहीं दिखे, लेकिन हमें उन पर भरोसा है, पिछले छह महीनों में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है. पावरप्ले में बल्लेबाजी के दौरान हमने बहुत जल्दी विकेट गंवा दिए, जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा. पहली पारी में पिच थोड़ी चिपचिपी थी और गेंद अच्छी तरह ग्रिप कर रही थी. गेंदबाजी में भी हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए."

उन्होंने आगे कहा, "दूसरी पारी में पिच थोड़ी बेहतर खेली, लेकिन ऐसे मैचों में भावनाएं हमेशा हाई रहती हैं. हमें इससे बेहतर तरीके से निपटना होगा. दो दिन बाद अगला मैच है, अब फोकस उसी पर रहेगा. हमें वो मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बनानी है, फिर वहां से नया टूर्नामेंट शुरू होगा."

IND vs PAK Live Score: ईशान किशन बने प्लेयर ऑफ द मैच

पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रनों की धमाकेदार पारी खेली और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. ईशान ने अपनी पारी में 10 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के लगाए. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

IND vs PAK Live Score: भारत ने 61 रनों से जीता मुकाबला

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हरा दिया है. कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन ही सिमट गई. पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी 23 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं, पाकिस्तान के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके. भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विके लिए. इस जीत के साथ ही भारत ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है.

IND vs PAK Live Score: वरुण चक्रवर्ती ने झटके लगातार दो विकेट

भारतीय मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने 16वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर पाकिस्तान को घुटने पर ला दिया है. वरुण ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर फहीम अशरफ को आउट किया और फिर अगली गेंद पर अबरार अहमद को भी पवेलियन भेज दिया. पाकिस्तान ने 97 रन पर 9 विकेट गंवा दिया है और भारत के हाथों एक हार के दहलीज पर खड़ी है.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान ने 14 ओवर में बनाए 89 रन

पाकिस्तान ने 14 ओवर में 89 रन बना लिए हैं, लेकिन टीम ने यहां तक पहुंचते-पहुंचते 7 विकेट भी गंवा दिया है. फिलहाल फहीम अशरफ 7 रन और शाहीन अफरीदी 2 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. अभी पाकिस्तान को जीत के लिए 36 गेंदों पर 87 रनों की जरूरत है.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान का 7वां विकेट गिरा

13वें ओवर की पहली गेंद पर पाकिस्तान ने अपना 7वां विकेट भी गंवा दिया. तिलक वर्मा ने शादाब खान को आउट किया. शादाब 15 गेंदों पर 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. पाकिस्तान का स्कोर 13 ओवर के बाद 7 विकेट पर 84 रन है.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान को लगा छठा झटका

12वें ओवर की चौथी गेंद पर पाकिस्तान को छठा झटका लगा. कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज को आउट किया. नवाज सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. पाकिस्तान का स्कोर 12 ओवर के बाद 6 विकेट पर 78 रन है.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान की आधी टीम लौटी पवेलियन

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की आधी टीम सिर्फ 73 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई. 11वें ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर पटेल ने उस्मान खान को आउट किया. उस्मान 34 गेंदों पर 44 रन बनाकर आउट हुए.

ये भी पढ़ें-IND vs PAK: अक्षर पटेल की एक गेंद ने बाबर आजम का करियर किया खत्म? बेबस हुआ पाकिस्तानी बल्लेबाज

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान ने 8 ओवर में बनाए 57 रन

पाकिस्तान ने 8 ओवर में चार विकेट पर 57 रन बना लिए हैं. फिलहाल उस्मान खान 37 रन और शादाब खान 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. अभी पाकिस्तान को जीत के लिए 72 गेंदों पर 119 रनों की जरूरत है.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान ने पावरप्ले में बनाए 38 रन

पारी के शुरुआती 6 ओवर्स भारतीय गेंदबाजों के नाम रहा और पाकिस्तान की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही है. पाकिस्तान ने पावरप्ले में सिर्फ 38 रन बनाए और 4 विकेट गंवा दिए.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान को लगा चौथा झटका, बाबर आजम आउट

5वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अक्षर पटेल ने पाकिस्तान को चौथा झटका दिया. बाबर आजम सिर्फ 5 रन बनाकर अक्षर की गेंद पर आउट हो गए. पाकिस्तान ने सिर्फ 34 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिया और शुरू से ही दवाब में नजर आ रही है.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान ने 4 ओवर में बनाए 25 रन

पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई है. पाकिस्तान ने शुरुआत 4 ओवर्स में तीन विकेट गंवा दिए हैं और सिर्फ 25 रन बनाए हैं. मैच में भारतीय गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिल रहा है.

ये भी पढ़ें-IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ ईशान किशन ने बनाए 5 बड़े रिकॉर्ड, कोहली के खास क्लब में पहुंचे 

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान को लगा तीसरा झटका

दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका दे दिया है. सैम अयूब को आउट करने के बाद बुमराह ने ओवर की आखिरी गेंद पर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को भी पवेलियन भेज दिया. सलमाल आगा सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए. पाकिस्तान का स्कोर दो ओवर के बाद तीन विकेट पर सिर्फ 13 रन है.

IND vs PAK Live Score: बुमराह ने पाकिस्तान को दिया दूसरा झटका

भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ओवर में पाकिस्तान को एक और झटका दे दिया है. पारी के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर बुमराह ने सैम अयूब को चलता किया. सैम सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए. पाकिस्तान ने महज 6 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान को लगा पहला झटका

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा. हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को पवेलियन भेज दिया. पाकिस्तान ने बिना खाता खोले एक विकेट गंवा दिया है.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम के लिए साहिबजादा फरहान और सैम अयूब पारी का आगाज करने उतरे हैं. वहीं, भारत की ओर से स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पहला ओवर करने आए हैं.

IND vs PAK Live Score: भारत ने पाकिस्तान को दिया 176 रनों का टारगेट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मैच में भारत ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 176 रनों का लक्ष्य रखा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए. आखिरी ओवर में भारत ने दो विकेट गंवाए. शिवम दुबे 27 रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि पारी की आखिरी गेंद पर अक्षर पटेल बिना खाता खोले कैच आउट हो गए. मैच में भारत की ओर से ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 77 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन और तिलक वर्मा ने 25 रन बनाए. अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए.

वहीं, पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए. उनके अलावा, सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को 1-1 विकेट मिला. बता दें कि, यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का अब तक सबसे बड़ा स्कोर है.

IND vs PAK Live Score: उस्मान तारिक ने कप्तान सूर्या को किया आउट

19वें ओवर में उस्मान तारिक ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के रूप में भारत को 5वां झटका दिया. सूर्या 29 गेंदों पर 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे. 159 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है.

IND vs PAK Live Score: 150 के करीब पहुंचा भारत का स्कोर

भारतीय टीम ने 17 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 140 रन बना लिए हैं. फिलहाल कप्तान सूर्यकुमार यादव 26 रन और शिवम दुबे 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. उस्मान तारिक ने 17वें ओवर में सिर्फ 4 रन दिए.

IND vs PAK Live Score: भारत को एक ओवर में लगे लगातार दो झटके

15वें ओवर में भारत को लगातार दो झटके लगे. सैम अयूब ने पहले ओवर की दूसरी गेंद तिलक वर्मा को आउट किया और फिर अगली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या को पवेलियन भेज दिया. तिलक 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हार्दिक खाता तक नहीं खोल सके. भारत ने 126 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं.

ये भी पढ़ें- IND vs PAK: पाकिस्तान के पार्ट टाइम गेंदबाज की फिरकी में उलझे भारतीय बल्लेबाज, हार्दिक गोल्डन डक पर लौटे पवेलियन

IND vs PAK Live Score: कप्तान सूर्या और तिलक वर्मा ने संभाला मोर्चा

भारत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 125 रन बना लिए हैं. अभी कप्तान सूर्यकुमार यादव 17 गेंदों पर 21 रन और तिलक वर्मा 23 गेंदों पर 25 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.

IND vs PAK Live Score: भारत का स्कोर 100 के पार

भारत ने 12वें ओवर में 100 का आंकड़ा पार कर लिया है. भारतीय टीम ने 12 ओवर में 2 विकेट पर 108 रन बना लिए हैं. फिलहाल तिलक वर्मा 21 रन और सूर्यकुमार यादव 9 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.

ये भी पढ़ें-IND vs PAK: टीम इंडिया को सपोर्ट करने कोलंबो पहुंचे रोहित शर्मा, मैच से पहले खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

IND vs PAK Live Score: उस्मान तारिक ने ओवर में दिए 6 रन

पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक ने अपने पहले ओवर में 6 रन दिए. सूर्यकुमार यादव ने ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाया और उसके सिंगल लेकर तिलक वर्मा को स्ट्राइक दिया. फिर तिलक ने आखिरी गेंद पर एक रन लिया. भारत का स्कोर 11 ओवर के बाद 2 विकेट पर 98 रन है.

IND vs PAK Live Score: भारत को लगा दूसरा झटका, ईशान किशन आउट

9वें ओवर की चौथी गेंद पर भारत को दूसरा झटका लगा. ईशान किशन 40 गेंदों पर 77 रन बनाकर सैम अयूब की गेंद पर आउट हो गए. नए बल्लेबाज के रूप में कप्तान सूर्यकुमार यादव मैदान पर आए हैं.

ये भी पढ़ें-IND vs PAK: ईशान किशन ने निकाली पाकिस्तान की हवा, ठोका डाला धांसू अर्धशतक

IND vs PAK Live Score: ईशान किशन ने जड़ा तूफानी अर्धशतक

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में ईशान किशन ने तूफानी अर्धशतक जड़ दिया है. ईशान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 27 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के जड़े. ईशान किशन ने 55 रन बना लिए हैं, जबकि तिलक वर्मा 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.

IND vs PAK Live Score: भारत ने पावरप्ले में बनाए 52 रन

भारतीय टीम ने पावरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 52 रन बना लिए हैं. फिलहाल ईशान किशन 25 गेंदों पर 42 रन और तिलक वर्मा 7 गेंदों पर 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. पावरप्ले में भारत को अभिषेक शर्मा (0) के रूप में पहला झटका लगा.

Taking on the bowling early 🔥

A fifty-plus partnership from Ishan Kishan and Tilak Varma makes it 52/1 after 6 overs 👌

Updates ▶️ https://t.co/IgYYH0TeR9 teamindia | t20worldcup | meninblue pic.twitter.com/EPGmP3zFEh
— BCCI (@BCCI) February 15, 2026

IND vs PAK Live Score: भारत ने 4 ओवर में बनाए 30 रन

भारतीय टीम ने शुरुआती 4 ओवर्स में शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट के नुकसान पर 30 रन बना लिए हैं. फिलहाल ईशान किशन 25 रन और तिलक वर्मा 5 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.

IND vs PAK Live Score: दूसरे ओवर में भारत ने बटोरे 15 रन

पहले ओवर में अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगने के बाद भारतीय टीम ने दूसरे ओवर में जबरदस्त वापसी की. शाहीन अफरीदी के इस ओवर में ईशान किशन और तिलक वर्मा ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए एक छक्का और 2 चौकों के साथ कुल 15 रन बटोरे.

IND vs PAK Live Score: भारत को लगा पहला झटका

भारत को पारी के पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा है. सलमान अली आगा के ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए.भारत का स्कोर एक ओवर के बाद 1/1 है.

ये भी पढ़ें-IND vs PAK: लगातार दूसरे वर्ल्ड कप मैच में नहीं खुला अभिषेक शर्मा का खाता, पाकिस्तान के खिलाफ भी टूटा भारतीय फैंस का दिल 

IND vs PAK Live Score: भारत की बल्लेबाजी शुरू

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के लिए ईशान किशन और अभिषेक शर्मा पारी का आगाज करने उतरे हैं. वहीं, पाकिस्तान की ओर से कप्तान सलमान अली आगा पहला ओवर करने आए हैं.

IND vs PAK Live Score: सूर्यकुमार यादव ने क्या कहा?

टॉस के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, "हम भी पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे. हमने यहां के हालिया नतीजे देखे हैं और पिछले दो मैचों में हमने पहले बल्लेबाजी की थी और दोनों मैच जीतकर गेंदबाजी की थी, इसलिए हम कुछ बदलना नहीं चाहते.यह कहना आसान है कि यह बस एक और मैच है, लेकिन यह एक खास मौका है. ऐसे मुकाबले हमेशा हाई-स्टेक्स होते हैं, लेकिन सबसे जरूरी है कि आप जानते हों कि आपको क्या करना है.

वर्तमान में रहें, अपनी स्किल्स पर भरोसा करें, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दें और खुद बने रहें. यह खेल आपको बहुत कुछ सिखाता है. किसी भी दिन अगर आप अच्छे मूड में हैं, तो कोई भी खिलाड़ी अच्छा दिन बिता सकता है. टीम में दो बदलाव हैं, अभिषेक शर्मा टीम में आएंगे और कुलदीप यादव अरशदीप सिंह की जगह खेलेंगे.

IND vs PAK Live Score: टॉस जीतने के बाद सलमान आगा ने क्या कहा?

भारत के खिलाफ टॉस जीतने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं. पिच थोड़ी गीली लग रही है, इसलिए हमें लगता है कि शुरुआती कुछ ओवरों में गेंदबाजों को मदद मिलेगी. यह बड़ा मैच है, यह हम सभी जानते हैं. लेकिन हमारे ग्रुप में हम सभी बहुत रिलैक्स हैं. हम सिर्फ मैच पर ध्यान दे रहे हैं और इस चुनौती के लिए बहुत उत्साहित हैं. यह ग्राउंड SSC से बड़ा है और पिच SSC से धीमी है. लेकिन पिछले छह महीने से हम इस तरह की पिचों पर खेल रहे हैं, इसलिए हमें अंदाजा है कि इन पिचों पर कैसे खेलना है. हमारी टीम वही रहेगी."

IND vs PAK Live Score: जारी रहा नो हैंडशेक विवाद

भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में नो हैंडशेक विवाद जारी है. टॉस के वक्त भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया और ना ही कोई बातचीत की. सूर्या ने पाकिस्तानी कप्तान को पूरी तरह से इग्नोर किया और उसके तरफ देखा तक नहीं.

ये भी पढ़ें- IND vs PAK No Handshake: फिर दुनिया में बेइज्जत हुआ पाकिस्तान, भारत ने दिखाई औकात

IND vs PAK Live Score: भारत की प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान की प्लेइंग XI

सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेटकीपर), शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक.

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान ने जीता टॉस

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. टॉस के दौरान दोनों कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया.

IND vs PAK Live Score: हनुमानकाइंड ने दी जबरदस्त परफॉर्मेंस

भारत और पाकिस्तान के मुकाबले से पहले इंडियन रैपर हनुमानकाइंड ने स्टेडियम में परफॉर्म किया और अपने गानों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया.

IND vs PAK Live Score: थोड़ी देर में होगा टॉस

भारत-पाकिस्तान मैच के लिए अब से थोड़ी देर यानी 6.30 बजे टॉस होगा. टॉस के लिए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा मैदान पर उतरेंगे. इसके बाद शाम 7 बजे से मैच शुरू होगा.

IND vs PAK Live Score: स्टेडियम के बाहर भारी सुरक्षा तैनात

भारत और पाकिस्तान के मुकाबले से पहले सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी कर दी गई है. स्टेडियम के बाहर भारी सुरक्षा तैनात है और बताया जा रहा है कि 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी ड्यूटी पर हैं. आसपास मिलिट्री चेकपॉइंट भी लगाए गए हैं.

"There's heavy, heavy security outside, with as many as 2000 police personnel on duty. There's also military checkpoints around and heard from a few locals how they barely remember anything like this at the venue," says @prat1204 indvspak t20worldcup2026 pic.twitter.com/SDuGrJmW4o
— Cricbuzz (@cricbuzz) February 15, 2026
ये भी पढ़ें- IND vs PAK मैच से पहले ‘No Handshake’ विवाद पर भड़के संजय मांजरेकर, फैंस ने दिया करारा जवाब

IND vs PAK Live Score: कोलंबो में छाए काले बादल

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होने वाला है, लेकिन इससे पहले कोलंबो का मौसम आंख मिचौली खेल रहा है. फिलहाल वहां आसमान में काले बादल छाए हुए हैं, जिसे देखकर मैच को दौरान बारिश की संभावना जताई जा रही है.

IND vs PAK Live Score: कोलंबो में फिलहाल मौसम साफ

कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में इस वक्त मौसम बिल्कुल साफ दिख रहा है. दोनों टीमें अपने-अपने वार्मअप में व्यस्त हैं. हल्के बादल तो दिख रहे हैं, लेकिन फिलहाल बारिश का कोई खतरा नहीं नजर आ रहा.

IND vs PAK Live Score: अभिषेक शर्मा की होगी वापसी?

भारतीय टीम कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव कर सकती है. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की टीम में वापसी होने की उम्मीद है. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा था कि अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे. वहीं, इस मैच में कुलदीप यादव या वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है. सुंदर चोट से उबरकर वापसी करेंगे, इसलिए उनका खेलना भी संभावित है.

IND vs PAK Live Score: स्टेडियम के लिए निकली पाकिस्तान की टीम

भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए पाकिस्तान की टीम होटल से आर, प्रेमदासा स्टेडियम के लिए निकल गई है.

Pakistan have left for the R. Premadasa Stadium indvspak t20worldcup2026 pic.twitter.com/XFY9BfAb3y
— Cricbuzz (@cricbuzz) February 15, 2026
ये भी पढ़ें- IND vs PAK मैच से पहले फिर ‘बेइज्जत’ होगा पाकिस्तान! मुंह ताकते रह जाएगी मोहसिन नकवी एंड कंपनी

IND vs PAK Live Score: टी20 वर्ल्ड कप में किसका पलड़ा भारी?

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा हमेशा से भारी रहा है. अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 8 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से भारत ने 7 जीते हैं और सिर्फ एक बार पाकिस्तान को जीत मिली है. पाकिस्तान ने आखिरी बार 2021 में भारत को 10 विकेट से हराया था. वहीं भारत ने पिछले वर्ल्ड कप में न्यूयॉर्क में पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में सिर्फ 6 रनों से जीत दर्ज की थी.

IND vs PAK Live Score: भारत-पाकिस्तान मैच पर बारिश का खतरा

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस हाई वोल्टेज मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है. एक्यूवेदर के अनुसार, कोलंबो में शाम लगभग 7 बजे के आस-पास सिर्फ 8% बारिश का अनुमान है. उसके बाद आठ से लेकर 9 और 10 बजे तक भी यही 8% संभावना बनी हुई है. यानी बारिश मैच का मजा किरकिरा कर सकती है.

IND vs PAK Live Score: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI

भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह.

पाकिस्तान: सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद.

ये भी पढ़ें-IND vs PAK: टीम से पहले भारतीय क्रिकेट फैन राम बाबू ने की पड़ोसियों की बोलती बंद, चाचा पाकिस्तानी को दिया मुंहतोड़ जवाब

IND vs PAK Live Score: शानदार फॉर्म में हैं दोनों टीमें

टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें शानदार फॉर्म में है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में अमेरिका को 29 रनों से हराकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की थी. इसके बाद दूसरे मैच में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से हराया. वहीं, सलमान आगा की अगुवाई वाली पाकिस्तान टीम ने अपने पहले मुकाबले में नीदरलैंड को सिर्फ तीन विकेट से मात दी थी, जबकि अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान ने अमेरिका के खिलाफ 32 रनों से जीत दर्ज की.

IND vs PAK Live Score: दोनों टीमों का फुल स्कॉड

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती.

पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक.

IND vs PAK Live Score: भारत-पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला आज

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज (15 फरवरी) भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा. इस वर्ल्ड कप में दोनों ही टीमें शानदार फॉर्म में हैं और अब तक दो-दो मैच जीत चुकी हैं. ऐसे में यह मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है और फैंस को जबरदस्त रोमांच देखने को मिलने वाला है.

ये भी पढ़ें-पाकिस्तान के लिए क्यों ‘हौव्वे’ का दूसरा नाम अभिषेक शर्मा? आंकड़े देख हो जाएगा यकीन! ऐसा रहा है अब तक प्रदर्शन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Sanjeet

Sanjeet

संजीत कुमार News24 Hindi में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे है. संजीत ने अपने करियर की शुरुआत अगस्त 2020 में की थी. वह मुख्य रूप से क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेलों में रुचि रखते हैं और खबरें लिखते हैं. संजीत अब तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप से लेकर ओलंपिक तक कई बड़े टूर्नामेंट्स कवर कर चुके हैं. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, आईपीएल, प्रो कबड्डी लीग कवर किया है. कितने साल का अनुभव: 4 साल डिग्री: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री प्राप्त की है. इसके अलावा, उन्होंने मगध यूनिवर्सिटी, बोधगया से फिजिक्स ऑनर्स से B.Sc किया है. विशेषज्ञता: क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेल पिछला अनुभव: संजीत ने अपने करियर की शुरुआत Prabhat Khabar के साथ अगस्त 2020 में की थी, जहां उन्होंने 1 साल काम किया. प्रभात खबर में रहते हुए उन्होंने राइटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की. उसके बाद उन्होंने SportzWiki हिंदी में एक साल से अधिक समय तक काम किया. जनवरी 2025 से वह न्यूज24 हिंदी के साथ सब एडिटर के रूप में जुड़े हुए हैं.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ