'केंद्र सरकार ने मनमोहन सिंह का जानबूझकर किया अपमान', निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार तय किए जाने पर बोले जयराम रमेश

Manmohan Singh Death: देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली एम्स में आखिरी सांस ली। आज लोग उनके अंतिम दर्शन कर पाएंगे। वहीं उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर अलसुबह करीब 3 बजे घर लाया गया।

President Draupadi Murmu

President Draupadi Murmu

विज्ञापन

Manmohan Singh Death Updates: देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह नहीं रहे। 26 दिसंबर 2024 दिन गुरुवार की रात करीब 10 बजे 92 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। उन्होंने AIIMS दिल्ली में आखिरी सांस ली। वे लंबे समय से बीमार थे और बीती रात बेहोशी की हालत में उन्हें अस्पताल लाया गया था। पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। आज होने वाले सभी कार्यक्रम भी कैंसिल कर दिए गए हैं। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर घर पहुंच चुका है। आइए आज के पल-पल के लाइव अपडेट्स देखते हैं…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

'केंद्र सरकार ने मनमोहन सिंह का जानबूझकर किया अपमान', निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार तय किए जाने पर बोले जयराम रमेश

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का निगम बोध घाट पर 28 जनवरी को सुबह अंतिम संस्कार किया जाना तय किया गया है। इस पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि इससे पहले आज सुबह कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सुझाव दिया था कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए, जहां उनकी विरासत को सम्मान देने के लिए एक स्मारक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि हमारे देश के लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि भारत सरकार उनके अंतिम संस्कार और स्मारक के लिए ऐसा स्थान क्यों नहीं ढूंढ पाई जो उनकी वैश्विक प्रतिष्ठा, उत्कृष्ट उपलब्धियों के रिकॉर्ड और दशकों से देश के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा के अनुरूप हो। उनका कहना था कि यह भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का जानबूझकर किया गया अपमान है।

निगम बोध घाट पर होगा पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार 28 दिसंबर को राजकीय सम्मान के साथ दिल्ली के निगम बोध घाट पर होगा। जानकारी के अनुसार सुबह 11.45 बजे पूर्व पीएम का अंतिम संस्कार होगा। बता दें पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया हुआ है।

मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस कार्य समिति ने किया शोक प्रस्ताव पारित

कांग्रेस कार्य समिति द्वारा डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पास किया गया है। समिति ने पूर्व पीएम के निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि वह देश के एक सच्चे राजनेता थे। उनके जीवन और कार्यों ने भारत के भविष्य को दिशा दिखाई है। 1990 के दशक में वह आर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार थे। बता दें समिति ने AICC मुख्यालय में मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए बैठक बुलाई थी।

पंजाब में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर 7 दिनों के राजकीय शोक की घोषणा

पंजाब सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर 1 जनवरी, 2025 तक सात दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। सरकार के प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार इस शोक अवधि के दौरान पंजाब सरकार के कार्यालयों में कोई भी आधिकारिक मनोरंजन नहीं होगा और राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका हुआ रहेगा।

AICC मुख्यालय में मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए बुलाई गई बैठक

दिल्ली के AICC मुख्यालय में कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक बुलाई गई है। ये बैठक पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बुलाई गई है। बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद हैं।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वीडियो जारी कर मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वीडियो जारी कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूर्व पीएम का जाना देश के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने अपने जीवनकाल में शैक्षणिक उच्चाईयों को छुआ और देश की सेवा की। उन्होंने उच्च पदों पर पहुंचकर अर्थशास्त्र की थ्योरी को प्रैक्टिकल कर दिखाया और वित्त मंत्री रहते हुए 1991 में उदारीकरण की नीति अपनाई।

बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने जताया शोक

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने शोक जताते हुए कहा कि हम सभी उनके निधन से व्यथित और दुखी हैं। जब वे पूर्व प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री थे, तब मैं उनके काम और जीवन के बारे में अधिक जानने के लिए उनके पास चुपचाप बैठा करता था। 90 के दशक की शुरुआत में जब उदारीकरण हुआ था लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के साथ-साथ उदारीकरण के एक नए युग को लाने में उनका योगदान रह है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने जताया शोक

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट लिखा कि भारत ने डॉ. मनमोहन सिंह के रूप में एक महान व्यक्ति और फ्रांस ने एक सच्चा दोस्त खो दिया है। उन्होंने अपना जीवन अपने देश के लिए समर्पित कर दिया था। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और भारत के लोगों के साथ हैं।

अनुराग ठाकुर ने जताया शोक

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर हिमाचल प्रदेश से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने शोक जताया। उनका कहना है कि वह आरबीआई गवर्नर, वित्त मंत्री थे और देश में आर्थिक सुधार लाए। वह शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। संसद में अक्सर शायराना अंदाज में जवाब देते हैं, वह एक अच्छे सांसद भी थे।

सचिन पायलट ने जताया शोक

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शोक जताया। उनका कहना है कि उन्होंने चेहरे पर मुस्कान के साथ अपने रास्ते में आने वाली सभी चुनौतियों का सामना किया। वह एक सरल और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्होंने देश को एकजुट रखा। इतिहास उन्हें अलग तरह से देखेगा।

शरद पवार ने जताया शोक

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने शोक जताया है। उनका कहना है कि आज देश की जनता शोक में है। वह सोचते थे कि देश के लिए सबसे अच्छा क्या है। जब मैं महाराष्ट्र का सीएम था, वह आरबीआई गवर्नर थे। उस दौरान मैं उनसे बात करता था, तब से मेरे मन में उनके लिए सम्मान था।

मनमोहन सिंह की अंतिम विदाई का कार्यक्रम

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का पार्थिव शरीर आज उनके निवास स्थान 3, मोतीलाल नेहरू रोड, नई दिल्ली में जनता के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। कल 28 दिसंबर को सुबह 8 बजे उनका पार्थिव शरीर AICC मुख्यालय ले जाया जाएगा, जहां जनता तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सुबह 8.30 से 9.30 बजे के बीच उनको श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिलेगा। डॉ. सिंह की अंतिम यात्रा कल सुबह 9.30 बजे AICC मुख्यालय से श्मशान घाट तक जाएगी। जहां 10 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सांसद मनोज तिवारी ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने श्रद्धांजलि दी। उनका कहना है कि यह बेहद दुखद खबर है। वह चाहे किसी भी पार्टी से रहे हों, उन्होंने लोगों के दिलों को छुआ है। पीएम के रूप में उनका कार्यकाल जाना जाएगा। इतनी सारी बातों के लिए पीएम मोदी ने 7 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।

सुप्रिया सुले ने जताया शोक

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले ने शोक जताया। उनका कहना है कि वह एक असाधारण व्यक्ति थे। सौभाग्यशाली हूं कि मुझे उनसे मिलने, उनसे बात करने और संसद में कई बार उन्हें सुनने का अवसर मिला।

मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज सुबह ठीक 11 बजे हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने इसकी अध्यक्षता की। इसमें डॉ मनमोहन सिंह के योगदान को याद किया गया और एक शोक प्रस्ताव भी पारित किया गया। वहीं दिल्ली में आज शाम 5 बजे CWC कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होगी। इस बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने दी श्रद्धांजलि

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मैं अपनी पार्टी की तरफ से मनमोहन सिंह के परिवार को इस मुश्किल घड़ी में संबल प्रदान करता हूं। मनमोहन सिंह भारत-पाकिस्तान के विभाजन के वक्त रिफ्यूजी थे। ईमानदारी और मेहनत से वे तरक्की करते गए और साल 2004 में प्रधानमंत्री बने। वे पहले प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने अल्पसंख्यकों खासकर मुस्लिमों को ऊपर उठाने का काम किया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत और महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। दोनों ने एक संयुक्त बयान जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि वे सामान्य परिवार से थे और देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचे। वे विख्यात अर्थशास्त्री थे। उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को सद्गति दें।

अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का कहना है कि डॉ. मनमोहन सिंह ऐसे पीएम थे, जिन्होंने देश को आर्थिक रूप से मजबूत किया। देश में अभी जो बहुत कुछ दिख रहा है, वो पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की वजह से है। उनके द्वारा लिए गए फैसलों की वजह से आर्थिक नीतियों में, आज परिणाम यह है कि हम दुनिया में एक समान हैं... वह एक आर्थिक भी थे... वह कम बोलते थे लेकिन उस समय उन्होंने जो फैसले लिये, वह आज हमें दिखाते हैं कि उन्होंने कितने सोच-समझकर फैसले लिये थे... उन्हें देश के एक अच्छे पीएम के रूप में हमेशा याद किया जाएगा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पूर्व PM मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचीं। इससे पहले सेना के अफसरों ने मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को तिरंगा से लपेटा।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने कहा कि एक सांसद के तौर पर उनकी निष्ठा हर किसी के लिए प्रेरणा है। अहम मौकों पर वह व्हीलचेयर पर संसद आते थे और एक सांसद के तौर पर अपना कर्तव्य निभाते थे। उन्होंने हमेशा विभिन्न दलों के नेताओं के साथ अपने संबंध बनाए रखे और जब मैं मुख्यमंत्री था तो मैं विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा करता था। मैं देश के प्रत्येक नागरिक की ओर से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मैं डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

मनमोहन सिंह के घर पहुंचे राहुल गांधी

देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के घर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पहुंचे। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी आईं। मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर घर आने के बाद भी देररात ही राहुल गांधी उनके घर आए थे। इससे पहले जब पूर्व प्रधानमंत्री के निधन की खबर मिलते ही राहुल गांधी कर्नाटक से लौटे तो वे दिल्ली उतरते ही वे सबसे पहले उनके घर गए थे।

PM मोदी पूर्व PM को श्रद्धांजलि देने पहुंचे

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पूर्व PM मनमोहन सिंह के अंतिम दर्शन करने उनके आवास पर पहुंचे।

कल कांग्रेस मुख्यालय में होंगे पूर्व PM के अंतिम दर्शन

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कल 28 दिसंबर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए एआईसीसी मुख्यालय लाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार राजघाट के पास किया जाएगा। कांग्रेस सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है।

बेटी के आने तक अंतिम दर्शन का समय अनिश्चित

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने बताया है कि पूर्व PM मनमोहन सिंह के अंतिम दर्शन का कार्यक्रम अभी तक तय नहीं हुआ है। उनकी बेटी विदेश से आ रही है और वह दोपहर या शाम को आएगी। उसके बाद ही सब कुछ तय किया जाएगा। अंतिम संस्कार कल हो सकता है। बारिश के कारण देरी हो रही है।

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पूर्व प्रधान सचिव टीकेए नायर ने शोक जताया। उनका कहना है कि डॉ. मनमोहन सिंह का निधन हमारे महान देश के इतिहास में एक अध्याय का अंत है। निस्संदेह वह भारत के अब तक के सबसे उत्कृष्ट प्रधानमंत्रियों में से एक थे। उन्होंने न केवल इस देश की अर्थव्यवस्था को निर्देशित करने में बल्कि भारत के समग्र एकीकृत विकास में भी योगदान दिया।

मनमोहन सिंह के सम्मान में आधा झुकाया गया तिरंगा

देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है, जो 3 जनवरी तक झुका ही रहेगा, क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री का 92 साल की उम्र में निधन हो गया, इसलिए भारत सरकार ने आज के लिए तय सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।

अमेरिका ने पूर्व PM को दी श्रद्धांजलि

संयुक्त राज्य अमेरिका ने पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भारत के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की है। डॉ. सिंह अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी के सबसे महान समर्थकों में से एक थे, और उनके काम ने पिछले दो दशकों में हमारे देशों ने मिलकर जो कुछ हासिल किया है, उसकी नींव रखी। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की ओर से बयान जारी किया गया है।

पूर्व PM को उनके बॉडीगार्ड की श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बॉडीगार्ड रहे असीम अरुण ने उन्हें श्रद्धांजलि अपिर्त की। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि मैं 2004 से लगभग 3 साल उनका बॉडी गार्ड रहा। डॉ साहब की अपनी एक ही कार थी - मारुति 800, जो पीएम हाउस में चमचमाती काली बीएमडब्ल्यू के पीछे खड़ी रहती थी। मनमोहन सिंह जी बार-बार मुझे कहते- असीम, मुझे इस कार में चलना पसंद नहीं, मेरी गड्डी तो यह है (मारुति)। मैं समझाता कि सर यह गाड़ी आपके ऐश्वर्य के लिए नहीं है, इसके सिक्योरिटी फीचर्स ऐसे हैं जिसके लिए एसपीजी ने इसे लिया है।

आनंद महिंद्रा ने पूर्व पीएम को दी अंतिम विदाई

एक्स पर एक पोस्ट में बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने देश के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को विदाई दी, जिनका 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने कहा, "अलविदा डॉ. मनमोहन सिंह। आप इस देश से प्यार करते थे। इसके लिए हमारी सेवा को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। ओम शांति।

कर्नाटक में आज सार्वजनिक अवकाश की घोषणा

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 7 दिन के शोक की घोषणा की है और 27 दिसंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। राजधानी बेंगलुरु समेत कर्नाटक भर में सभी स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय और बैंक शुक्रवार को बंद रहेंगे। कर्नाटक के अलावा अभी तक किसी अन्य राज्य ने अवकाश घोषित नहीं किया है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय और बैंक शुक्रवार को सामान्य रूप से काम करेंगे।

भारतीय क्रिकेट टीम की पूर्व PM को श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मृत्यु पर भारतीय क्रिकेट टीम ने उनको श्रद्धांजलि दी। इसके लिए टीम काली पट्टी बांधकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दूसरे दिन खेलने के लिए मैदान में उतरी। BCCI ने एक बयान में कहा df भारतीय टीम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि स्वरूप काली पट्टियां बांधकर खेलने उतरी है।

सोनिया गांधी, राहुल गांधी पहुंचे पूर्व PM के घर

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार 28 दिसंबर को होगा। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. सिंह के आवास पर पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए कर्नाटक के बेलगावी से दिल्ली लौट आए हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर दिल्ली एम्स से उनके आवास लाया गया है। उनका 92 साल की उम्र में निधन हो गया। भारत सरकार ने आज देशभर में होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ कल 28 दिसंबर दिन शनिवार को किया जाएगा। डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर आज उनके आवास 3, मोतीलाल नेहरू मार्ग पर जनता के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

कांग्रेस ने कैंसिल किए अपने सभी कार्यक्रम

दिवंगत पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में स्थापना दिवस समारोह सहित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सभी आधिकारिक कार्यक्रम अगले 7 दिन के लिए रद्द कर दिए गए हैं। इसमें सभी आंदोलनात्मक और आउटरीच कार्यक्रम शामिल हैं। पार्टी के कार्यक्रम 3 जनवरी 2025 को फिर से शुरू होंगे। शोक की इस अवधि के दौरान पार्टी का झंडा आधा झुका रहेगा।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ