Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

देश

पूर्व राज्यपाल राजशेखरन, रॉबिन आरवी पर लगाया दांव; केरल चुनाव के लिए BJP ने जारी की 39 उम्मीदवारों की सूची

भाजपा ने केरलम विधानसभा चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में हुई बैठक के बाद दिग्गजों और नए चेहरों पर दांव लगाया गया है.

Author
Written By: Raja Alam Updated: Mar 19, 2026 12:02

केरलम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है. इस लिस्ट में 39 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है, जिससे राज्य का चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है. दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह की मौजूदगी में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद इन नामों पर मुहर लगी. पार्टी ने इस बार अनुभवी राजनेताओं के साथ-साथ युवाओं और अन्य दलों से आए कद्दावर चेहरों पर बड़ा दांव खेला है. भाजपा का मुख्य फोकस उन सीटों पर है जहां स्थानीय समीकरणों और संगठनात्मक मजबूती के दम पर जीत हासिल की जा सके. रणनीतिक रूप से यह दूसरी सूची पार्टी के ‘मिशन केरलम’ को नई दिशा देती नजर आ रही है.

पूर्व राज्यपाल और स्वास्थ्य मंत्री के बीच सीधी जंग

भाजपा ने आरानमूला विधानसभा सीट से पूर्व राज्यपाल कुमानम राजशेखरन को मैदान में उतारा है. राजशेखरन केरल में एक बड़े हिंदू चेहरे के तौर पर पहचाने जाते हैं और उनकी दावेदारी ने यहां के मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है. इस सीट पर उनका मुकाबला राज्य की मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री और सीपीएम उम्मीदवार बीना जॉर्ज से होगा. वहीं कांग्रेस ने भी यहाँ से एविन बरके जैसे मजबूत प्रत्याशी को उतारकर लड़ाई को कांटे की बना दिया है. राजशेखरन का अनुभव और उनकी साफ-सुथरी छवि भाजपा के लिए इस हाई-प्रोफाइल सीट पर तुरुप का इक्का साबित हो सकती है. यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता विकास के दावों और अनुभवी नेतृत्व में से किसे चुनती है.

यह भी पढ़ें: ‘आपका LPG बिल पेंडिंग…’, गैस बुकिंग के नाम पर नया साइबर फ्रॉड शुरू, एक गलत क्लिक और अकाउंट खाली

---विज्ञापन---

बिग बॉस फेम रॉबिन आरवी को मौका

पार्टी ने इस बार अन्य दलों से आए नेताओं को भी पूरा सम्मान दिया है. नाटिका विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने सी.सी. मुकुंदन को अपना उम्मीदवार बनाया है. जो हाल ही में सीपीआई छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और वर्तमान में वहां के विधायक हैं. इसी तरह पारावुर सीट से वत्सला प्रसन्न कुमार को टिकट दिया गया है, जो कांग्रेस की कद्दावर नेता और पारावुर म्युनिसिपल की चेयरमैन रह चुकी हैं. सबसे चौंकाने वाला नाम कुंदरा सीट से सामने आया है. जहां भाजपा ने ‘मलयालम बिग बॉस’ फेम डॉ. रोबिन राधाकृष्णन (रॉबिन आरवी) को मौका दिया है. युवाओं के बीच रॉबिन की जबरदस्त लोकप्रियता को देखते हुए पार्टी को उम्मीद है कि वे यहां चमत्कार कर सकते हैं.

अभी भी कुछ सस्पेंस बाकी

इससे पहले भाजपा ने 47 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें राजीव चंद्रशेखर को नेमोम और जॉर्ज कुरियन को कंजिरापल्ली से टिकट दिया गया था. दूसरी लिस्ट आने के बाद भी भाजपा ने अपने मजबूत गढ़ माने जाने वाले त्रिवेंद्रम और कन्नूर की कुछ सीटों पर अभी उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं. माना जा रहा है कि इन सीटों पर पार्टी किसी बड़े सरप्राइज की तैयारी में है या सहयोगियों के साथ बातचीत अंतिम दौर में है. कुल मिलाकर भाजपा की यह सूची दिखाती है कि वह राज्य में केवल उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नहीं, बल्कि सत्ता के समीकरण बदलने के लिए चुनावी मैदान में उतरी है. अब सभी की नजरें उन सीटों पर टिकी हैं जहां उम्मीदवारों का ऐलान होना अभी बाकी है.

First published on: Mar 19, 2026 11:20 AM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.