बिहार के छोटे से कस्बे बरह से निकलकर अमेरिका तक का सफर तय करने वाले प्रभाकर प्रसाद इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं. लोग उन्हें ‘बिहारी चायवाला’ के नाम से जानते हैं. हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह अमेरिका के लॉस एंजिलिस में करीब 8 डॉलर यानी लगभग 780 रुपये की चाय बेचते नजर आए.
प्रभाकर का बचपन काफी गरीबी में बीता. उन्होंने बताया कि उनके घर में कई बार कंबल खरीदने तक के पैसे नहीं होते थे और सर्दियों में परिवार को दाल की बोरियों के नीचे सोना पड़ता था. बाद में एक घटना के बाद उनका परिवार बिहार छोड़कर भोपाल चला गया, जहां नई जिंदगी की शुरुआत हुई.
पढ़ाई के दौरान अंग्रेजी माध्यम स्कूल में उन्हें काफी मुश्किलें आईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और मेहनत जारी रखी. इसी मेहनत के दम पर उन्होंने आईआईटी की परीक्षा पास की और पढ़ाई पूरी करने के बाद कॉरपोरेट नौकरी भी की.
View this post on Instagram---विज्ञापन---
कुछ समय बाद प्रभाकर मॉडलिंग के लिए मुंबई चले गए. इसके बाद वह अमेरिका पहुंचे, जहां उन्होंने एमबीए किया और कई साल तक कॉरपोरेट नौकरी की. लेकिन 2025 में टेक सेक्टर में छंटनी के दौरान उनकी नौकरी चली गई.
नौकरी जाने के बाद उन्होंने हार नहीं मानी और लॉस एंजिलिस में भारतीय स्टाइल की चाय बेचने का छोटा सा कारोबार शुरू कर दिया. आज उनकी चाय और उनकी कहानी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है.
प्रभाकर कहते हैं कि दाल की बोरियों के नीचे सोने से लेकर अमेरिका में चाय बेचने तक का सफर आसान नहीं था, लेकिन अब ‘चाय गाइ’ बनकर उन्हें सुकून मिल रहा है.










