पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच आसनसोल के जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के आरोप सामने आए हैं. यह विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने कथित तौर पर टीएमसी उम्मीदवार हरेराम सिंह के समर्थन में प्रचार के दौरान ब्लू बीकन लगे वाहन का इस्तेमाल किया. विपक्षी दलों ने सवाल उठाया है कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद एक मौजूदा सांसद कैसे ब्लू बीकन लगे वाहन के साथ चुनाव प्रचार कर सकते हैं. इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सियासी बहस तेज हो गई है.
शत्रुघ्न सिन्हा ने आरोप किए खारिज
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने इन्हें खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वाहन पर लगा ब्लू बीकन पुराना है और उन्होंने इसे नहीं लगवाया है. उन्होंने यह भी साफ किया कि बीकन काम नहीं कर रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया है और हमेशा प्रशासनिक नियमों का पालन करते हैं. साथ ही उन्होंने खुद को ‘मौसमी’ या पेशेवर राजनेता नहीं, बल्कि एक सज्जन और जिम्मेदार नागरिक बताया.
BJP ने कड़ी आलोचना की
वहीं जामुड़िया विधानसभा से बीजेपी उम्मीदवार डॉ. बिजन मुखर्जी ने इस घटना की कड़ी आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सत्ता के घमंड में आचार संहिता की अनदेखी कर रही है. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान ब्लू बीकन का इस्तेमाल साफ उल्लंघन है और पार्टी इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करेगी. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दोनों पक्षों के बीच कड़ी चुनावी टक्कर के बीच ‘बिहारी बाबू’ शत्रुघ्न सिन्हा से जुड़ा यह ब्लू बीकन विवाद बीजेपी को चुनावी अभियान में नया मुद्दा दे रहा है.










