राजस्थान के नागौर जिले में हुए एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पादूकलां थाना क्षेत्र के पचरण्डा जंगलों में मिली 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी, एक कारपेंटर, को गिरफ्तार कर लिया है.
कैसे सामने आया खौफनाक सच
16 मार्च को पचरण्डा गांव के जंगल में एक कट्टे में महिला का शव मिला था, जिसके सिर और पैर गायब थे. इस भयावह घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के नेतृत्व में 10 विशेष टीमें गठित की गईं. करीब 300 पुलिसकर्मियों, ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वायड की मदद से 24 घंटे लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया. 18 मार्च को अलग-अलग स्थानों से दो अन्य कट्टों में महिला का सिर और पैर बरामद कर लिए गए.
पोस्टमार्टम बना केस का टर्निंग पॉइंट
इस ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने अहम भूमिका निभाई. डॉक्टरों ने खुलासा किया कि शरीर के अंगों को काटने का तरीका किसी पेशेवर कारपेंटर जैसा था. इसके साथ ही शव के पास मिले मूंगफली के चारे के अवशेष भी जांच का अहम सुराग बने. पुलिस ने करीब 8000 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण कर संदिग्धों की सूची तैयार की.
गांव का ही निकला कातिल
जांच के दौरान गांव पालड़ी कलां निवासी 38 वर्षीय कारपेंटर मुकेश भारती पर शक गहराया. पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने महिला की हत्या गहनों की लूट के लिए की थी.
यह भी पढ़ें;राजस्थान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 34 लाख की ‘डिजिटल अरेस्ट’ ठगी का खुलासा, दिल्ली से 4
खून से सनी कार और हथियार बरामद
आरोपी के घर और बाड़े की तलाशी में खून के निशान मिले. उसकी वैगन-आर कार के अंदर भी भारी मात्रा में खून पाया गया, जिसका इस्तेमाल शव को ठिकाने लगाने में किया गया था. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और कार को जब्त कर लिया है.
परिवार भी शामिल
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की पत्नी माया और भांजे चंदनपुरी ने भी इस जघन्य साजिश में उसका साथ दिया. मानवता को झकझोर देने वाली वारदात
महज गहनों की लालच में की गई इस नृशंस हत्या ने समाज को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस अब मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहराई से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें;यूजीसी नियमों के खिलाफ सवर्ण समाज का बड़ा ऐलान, 22 मार्च से सांसदों के घेराव की चेतावनी










