Delhi Assembly Elections 2025 : दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी है। आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए, जबकि कांग्रेस ने भी प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। इस बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान किया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी ने बाबा साहेब का अपमान किया और उनका मजाक उड़ाया। इसके जवाब में उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराम अंबेडकर के सम्मान में एक बड़ा ऐलान किया। आम आदमी पार्टी की सरकार दलित समाज के स्टूडेंट्स को डॉ. अंबेडकर सम्मान स्कॉलरशिप देगी।
अंबेडकर के अपमान से दुखी हूं : केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संसद में कैसे बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया गया, उन्होंने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया, वे शब्द अपमानजनक थे और जिस लहजे से उन्होंने बोला, उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर का मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर अंबेडकर अंबेडकर कहना आजकल फैशन हो गया है। पर्सनली बहुत दुख हुआ। इससे बाबा साहेब को चाहने वाले करोड़ों लोगों को बहुत पीड़ा पहुंची होगी।
अरविंद केजरीवाल का बड़ा ऐलान
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि दलित समाज के बच्चे दुनिया की किसी भी यूनिवर्सिटी में पढ़ना चाहते हैं तो वो सिर्फ उस विश्वविद्यालय में एडमिशन ले ले। इसके बाद आप सरकार स्टूडेंट्स की पढ़ाई-लिखाई और आने-जाने का पूरा खर्च उठाएगी। जिस तरह से बाबा साहेब अंबेडकर ने विदेशों में पढ़ाई करके दो-दो पीएचडी हासिल की। आज आजाद भारत में लोग सांस ले रहे हैं। यहां के किसी भी बच्चे को अब विदेश की किसी भी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने में दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
सरकारी कर्मियों के बच्चों को भी मिलेगा लाभ
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि पूरे दलित समाज के लिए यह डॉ. अंबेडकर सम्मान स्कॉलरशिप योजना है। इस योजना का लाभ सरकारी कर्मचारियों के बच्चों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के बताए रास्ते पर चलें। उन्होंने जीवन में जो चीजें हासिल कीं, स्टूडेंट्स को वही प्राप्त करने की कोशिश करनी चाहिए।