नशे में धुत युवक ने दो महिलाओं पर चढ़ा दी बाइक, हुई मौत
Edited By Sumit Kumar

Edited By Sumit Kumar

वैशाली (Abhishek kumar): बिहार के वैशाली जिले में बाइक सवार युवक ने दो महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। यह घटना वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के कन्हाई चौक की है। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएस पटना रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान रामपुर श्यामचंद निवासी नेवालाल राय के 65 वर्षीय पत्नी भोली देवी एवं जगन्नाथ राय के 40 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि जगन्नाथ राय के घर में एक युवक का असामयिक निधन हो गया था। गुरुवार को दशकर्म के पश्चात सभी महिलाएं सड़क पर बैठी हुई थी इसी दौरान अनियंत्रित बाइक सवार युवक ने महिलाओं पर बाइक चढ़ा दी।
परिजनों ने आरोप लगाया की बाइक सवार युवक शराब के नशे में था और सड़क किनारे बैठी महिलाओं को टक्कर मार दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार वालों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा कि दोनों महिलाएं पड़ोसी थीं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, मोटरसाइकिल सवार युवक की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।
शराबबंदी होने के बावजूद बिहार में शराबियों की संख्याओं में कमी नहीं आ रही है। बिहार के लगभग सभी जिलों में हर दिन शराबियों को जेल भेजा रहा है। इसके बाद भी लोग शराब पीने से बाज नहीं आ रहे हैं। बिहार सरकार ने साल 2016 में शराबबंदी कानून को लागू किया था।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: