Who is Kumar Kushagra: न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है. 4 नवंबर से शुरू होने वाली इस वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने दो अलग-अलग स्क्वॉड की घोषणा की है. शुरुआती तीन मुकाबलों में शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि आखिरी दो वनडे मैचों में श्रेयस अय्यर भारतीय टीम की कमान संभालेंगे. चयनकर्ताओं ने आखिरी दो वनडे मुकाबलों के लिए भारतीय स्क्वॉड में कुल चार बदलाव किए हैं.
इनमें एक नाम झारखंड के 21 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र का है, जिन्हें पहली बार भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है. यह उनके लिए टीम इंडिया का पहला कॉल-अप है. घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले कुशाग्र को अब इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है.
कुमार कुशाग्र को पहली बार टीम इंडिया में मिला मौका
झारखंड के 21 वर्षीय कुमार कुशाग्र को पहली बार टीम इंडिया में मौका मिला है. इससे पहले उन्हें न्यूजीलैंड ए के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में जगह मिली थी. कुशाग्र को इंडिया ए के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए ऋषभ पंत की जगह शामिल किया गया है. अब वह न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय वनडे टीम का भी हिस्सा बन गए हैं. हाल ही में वह ऑस्ट्रेलिया-ए के भारत दौरे पर इंडिया-ए की टीम का भी हिस्सा थे.
इस दौरान उन्होंने दो अनऑफिशियल टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज में खेली. ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में कुशाग्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 113 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में उनके बल्ले से 46 रन निकले. उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड से भी नवाजा गया था.
कौन हैं कुमार कुशाग्र?
कुमार कुशाग्र का जन्म 23 अक्टूबर 2004 को झारखंड के बोकारो में हुआ था. उनके पिता शशिकांत जमशेदपुर में जीएसटी विभाग में कमिश्नर हैं. बेटे की क्रिकेट के प्रति जुनून को देखते हुए उन्होंने उसे आगे बढ़ाने और उसके सपने को पूरा करने में अहम योगदान दिया. कुशाग्र पढ़ाई में भी अच्छे थे, लेकिन छोटी उम्र से ही क्रिकेट में करियर बनाने का फैसला कर लिया. महज 12 साल की उम्र में झारखंड की अंडर-16 टीम में जगह मिलने के बाद उन्होंने अपना पूरा ध्यान क्रिकेट पर लगा दिया.
2019-20 में खेली गई वीनू मांकड़ ट्रॉफी में कुशाग्र ने अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने 8 मैचों में 500 से अधिक रन बनाकर जूनियर क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई. इसके बाद उनके करियर को नई उड़ान मिली और उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिल गई. वह 2020 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद उन्हें आईपीएल में भी खेलने का मौका मिला. IPL 2026 में वह गुजरात टाइटंस के लिए खेले थे.
ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम का हुआ ऐलान, बुमराह-आकाश दीप की वापसी, मोहम्मद शमी फिर हुए नजरअंदाज
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
कुमार कुशाग्र ने घरेलू क्रिकेट में झारखंड के लिए काफी शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने अब तक खेले 38 फर्स्ट क्लास मैचों में 42.49 की औसत से 2507 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं. वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है. उन्होंने 40 लिस्ट ए मैचों में 51.37 की औसत से 1387 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं.
कुशाग्र ने दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में भी अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया था और झारखंड को खिताब जीताने में अहम भूमिका निभाई थी. ईशान किशन की कप्तानी वाली टीम की ओर से खेलते हुए उन्होंने साउथ जोन के खिलाफ पहली पारी में शानदार 101 रनों की पारी खेली, जबकि दूसरी पारी में भी उन्होंने 46 रन बनाए. लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर कुशाग्र ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है. अब उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है.
ये भी पढ़ें- IND W vs ZIM W: स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारत ने जीत के साथ किया आगाज, जिम्बाब्वे को 4 विकेट से रौंदा
संबंधित खबरें
संकट में रविंद्र जडेजा का वनडे करियर, क्या टूटेगा वर्ल्ड कप खेलने का सपना?
32 mins agoबीसीसीआई ने एक साथ 3 टीमों का किया ऐलान, जानिए 5 बड़ी बातें
1 hr agoमंधाना की कप्तानी में भारत ने जीत के साथ किया आगाज, जिम्बाब्वे को दी मात
1 hr agoIND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान
2 hrs agoन्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम का हुआ ऐलान
2 hrs agoबेंगलुरु में बल्लेबाजों का होगा राज या गेंदबाजों का बोलबाला?
3 hrs agoरणजी ट्रॉफी में उतरेंगे शुभमन गिल, जानें कब और किस टीम से होगा मुकाबला
3 hrs agoआखिरी टी-20 मुकाबले में ये 3 खिलाड़ी बन सकते हैं टीम इंडिया के हीरो
4 hrs agoIPL 2027 से कट सकता है इन 4 ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का पत्ता
4 hrs agoरायपुर में काली पट्टी बांधकर क्यों उतरे भारत-जिम्बाब्वे के खिलाड़ी?
4 hrs agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines