वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर, फंस गया साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड का सेमीफाइनल टिकट

T20 World Cup 2024: टी20 वर्ल्ड कप 2024 में सेमीफाइनल की लड़ाई दिलचस्प होती जा रही है। हर मैच की जीत-हार टीमों के समीकरण को बिगाड़ रही है। ग्रुप-2 में वेस्टइंडीज ने USA को हराकर सेमीफाइनल की लड़ाई को और उलझा दिया है। अब साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच सेमीफाइनल की लड़ाई है। USA की टीम इस दौड़ से बाहर हो गई है।

England & South Africa

England & South Africa

T20 World Cup 2024: टी20 वर्ल्ड कप 2024 में सेमीफाइनल की जंग रोचक होती जा रही है। हर मैच के साथ अंक तालिका में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सुपर-8 में पहुंची 8 टीमों में सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए होड़ लगी हुई है। इस बीच ग्रुप-2 में बड़ा उलटफेर हुआ है। इस ग्रुप में चंद घंटे पहले ही साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को हराकर सेमीफाइनल में अपनी दावेदारी मजबूत की थी, लेकिन अब वेस्टइंडीज की टीम ने साउथ अफ्रीका की टेंशन बढ़ा दी है। वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को हराकर न सिर्फ साउथ अफ्रीका बल्कि इंग्लैंड की धड़कनें भी रोक दी हैं। आइए इस ग्रुप के उलझे हुए समीकरण को विस्तार से समझते हैं कि कौन सी टीम सेमीफाइनल में किस तरह से पहुंच सकती है और साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की मुश्किलें क्यों बढ़ गई हैं।

ग्रुप में कौन-कौन सी टीमें

सुपर-8 के ग्रुप-2 में 4 टीमें हैं। इनमें साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और USA की टीम शामिल है। इस ग्रुप से टॉप की 2 टीम सेमीफाइनल में एंट्री करेगी। मौजूदा समय में साउथ अफ्रीका 4 अंक के साथ पहले, वेस्टइंडीज 2 अंक के साथ दूसरे, इंग्लैंड 2 अंक के साथ तीसरे और USA 0 अंक के साथ आखिरी पायदान पर मौजूद है। अब इन टीमों के सेमीफाइनल में पहुंचने के समीकरण समझते हैं।

साउथ अफ्रीका

साउथ अफ्रीका टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। टीम ने सुपर-8 में USA और इंग्लैंड को हराया है और 4 अंक के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है। साउथ अफ्रीका का सुपर-8 में आखिरी मैच 24 जून को वेस्टइंडीज से होगा। अगर इस मैच में वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को हरा दिया तो साउथ अफ्रीका के लिए मुश्किल खड़ा हो सकती है। वेस्टइंडीज का नेट रन रेट साउथ अफ्रीका से अच्छा है। साउथ अफ्रीका वेस्टइंडीज से मैच जीत लेता है तो वह सेमीफाइनल में एंट्री कर लेगा, लेकिन अगर साउथ अफ्रीका मैच हार जाता है तो उसे इंग्लैंड और USA के मैच पर निर्भर रहना होगा। इस मैच में USA की जीत साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल का टिकट दिलाएगी। वहीं, अगर साउथ अफ्रीका-वेस्टइंडीज का मैच बारिश से धुल गया और इंग्लैंड अपना अगला मैच USA से जीत गया तो भी खराब नेट रन रेट के चलते साउथ अफ्रीका सुपर-8 से ही बाहर हो जाएगी।

वेस्टइंडीज

वेस्टइंडीज ने भी टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज लगातार अपना दम दिखा रही है। टीम ने टूर्नामेंट में अपने सभी मैच जीते हैं, बस एकमात्र इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को शिकस्त दी है। सुपर-8 में इंग्लैंड से 8 विकेट से हारने के बाद टीम का नेट रन रेट काफी खराब हो गया, लेकिन टीम ने USA के खिलाफ बड़ी जीत हासिल करके अपना नेट रन रेट साउथ अफ्रीका से अच्छा कर लिया है। टीम का अगला मैच साउथ अफ्रीका से है। अगर वेस्टइंडीज ये मैच जीत लेगा तो वह अच्छे नेट रन रेट के चलते सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लेगा। लेकिन अगर मैच हार जाता है तो वह चाहेगा कि USA की टीम इंग्लैंड को हरा दे। अगर वेस्टइंडीज अपना अगला मैच हार गया और इंग्लैंड ने अपना मैच जीत लिया तो इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।

इंग्लैंड

इंग्लैंड ने सुपर-8 में पहला मैच वेस्टइंडीज से 8 विकेट से जीता। इसके बाद साउथ अफ्रीका से वह जीता हुआ मैच हार गया। टीम 2 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। इंग्लैंड का नेट रन रेट भी साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के मुकाबले खराब है। टीम का अगला मैच USA के खिलाफ 23 जून को खेला जाएगा। इंग्लैंड को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए USA को बड़े अंतर से हराना होगा। वहीं, उसे साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के मैच पर भी निर्भर रहना होगा। साउथ अफ्रीका अगर वेस्टइंडीज को हरा देती है और इंग्लैंड अपना मैच जीत लेती है तो वेस्टइंडीज की टीम बाहर हो जाएगी। इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, अगर साउथ अफ्रीका मैच हार जाती है और इंग्लैंड की टीम मैच जीत लेती है तो नेट रन रेट की वजह से साउथ अफ्रीका की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।

USA

USA ने सुपर-8 में अपने पहले दोनों मैच गंवा दिए हैं। टीम का नेट रन रेट भी काफी खराब हो चुका है। USA टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो चुका है। USA को सेमीफाइनल में कोई चमत्कार ही पहुंचा सकता है। USA को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने अगले मैच में इंग्लैंड को बहुत बड़े अंतर से हराना होगा। साथ ही वह ये भी चाहेगी कि साउथ अफ्रीका भी वेस्टइंडीज को बहुत बड़े अंतर से हराए।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ