T20 World Cup 2024 में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। साउथ अफ्रीका ये मैच जीतकर पहली बार ICC की ट्रॉफी जीतने की कोशिश में है। वहीं, भारत इस मैच को जीतकर 11 साल से सूखी पड़ी ICC खिताब की झोली को भरने के प्रयास में है। भारतीय टीम ने आखिरी बार 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, उसके बाद से भारत कोई भी ICC की ट्रॉफी नहीं जीत पाया है। इस बीच हम बात कर रहे हैं कि भारत और साउथ अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप में कब-कब भिड़े हैं और उसके परिणाम क्या रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2007
भारत और साउथ अफ्रीका का पहली बार 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में आमना-सामना हुआ था। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 153 रन बनाए थे। इसमें रोहित शर्मा ने अर्धशतक जड़ा था। साउथ अफ्रीका इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 116 रन ही बना सकी थी। भारत ने ये मैच 37 रन से जीता था। रोहित शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
टी20 वर्ल्ड कप 2009
भारत और साउथ अफ्रीका का दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2009 में आमना-सामना हुआ। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 130 रन बनाए। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी थी। भारत ये मैच 12 रन से हार गया था। मैच में रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 29 रन बनाए थे।
टी20 वर्ल्ड कप 2010
टी20 वर्ल्ड कप 2010 में भारतीय टीम तीसरी बार साउथ अफ्रीका से भिड़ी थी। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 186 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी। भारत ने ये मैच 14 रन से जीता।
टी20 वर्ल्ड कप 2012
भारत और साउथ अफ्रीका की भिड़ंत टी20 वर्ल्ड कप 2012 में भी हुई। इस बार भी साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 152 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका 19.5 ओवर में 151 रन पर ही ऑल आउट हो गई। भारत ने ये रोमांचक मैच 1 रन से जीता था।
टी20 वर्ल्ड कप 2014
टी20 वर्ल्ड कप 2014 में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मैच में भी साउथ अफ्रीका ने टॉस जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 172 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 19.1 ओवर में ही 4 विकेट खोकर 176 रन बना लिए। भारत ने ये मैच 6 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में 44 गेंद पर 72 रन की पारी खेलकर विराट कोहली नाबाद रहे थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
टी20 वर्ल्ड कप 2022
भारत और साउथ अफ्रीका का टी20 वर्ल्ड कप में आखिरी बार आमना-सामना 2022 के वर्ल्ड कप में हुआ था। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 133 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 137 रन बना लिए। साउथ अफ्रीका ने इस मैच को 5 विकेट से अपने नाम किया। भारत की ओर से इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने 40 गेंद पर 68 रन की पारी खेली। वहीं, रोहित शर्मा 15 और विराट कोहली 12 रन बनाकर आउट हो गए थे।