ICC Post-Pregnancy Guidelines: इंग्लैंड में जारी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने एक बड़ा कदम उठाया है. महिला क्रिकेट की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है और कई महिला क्रिकेटर अपने करियर के दौरान मातृत्व को अपनाने के बाद दोबारा मैदान पर वापसी कर रही हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए आईसीसी ने सोमवार (22 जून) को महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेग्नेंसी और मातृत्व के बाद क्रिकेट में वापसी को आसान बनाने के उद्देश्य से नई गाइडलाइंस जारी की है.
आईसीसी द्वारा जारी इन दिशा-निर्देशों का मकसद सदस्य क्रिकेट बोर्डों को ऐसा सहयोगी माहौल तैयार करने में मदद करना है, जिससे खिलाड़ी गर्भावस्था, बच्चे के जन्म और उसके बाद पेशेवर क्रिकेट में वापसी के दौरान बेहतर समर्थन प्राप्त कर सकें.
प्रेग्नेंसी के बाद क्रिकेट में वापसी पर ICC ने जारी की गाइडलाइंस
ICC की नई गाइडलाइंस के तहत क्रिकेट बोर्डों को सलाह दी गई है कि वे प्रत्येक खिलाड़ी के लिए एक विशेष केस मैनेजर नियुक्त करें. इसके अलावा, खिलाड़ियों को लचीला ट्रेनिंग शेड्यूल, बच्चों की देखभाल और यात्रा संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाए. साथ ही प्रेग्नेंसी और प्रसव के बाद मेडिकल सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है.
इन दिशा-निर्देशों को आईसीसी की मेडिकल एडवाइजरी कमेटी ने तैयार किया है. इस प्रक्रिया का नेतृत्व ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की डॉक्टर डॉ. फिलिप्पा इंगे ने किया. गाइडलाइंस का उद्देश्य सदस्य बोर्डों को स्थानीय कानूनों के अनुरूप ऐसी नीतियां बनाने में सहायता देना है, जो खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और करियर दोनों की सुरक्षा कर सकें.
वापसी के लिए तैयार किया गया 6 स्टेज का मॉडल
ICC ने खिलाड़ियों की सुरक्षित और व्यवस्थित वापसी के लिए छह चरणों वाला मॉडल भी पेश किया है. इसमें क्रमशः Ready (तैयार), Review (समीक्षा), Restore (बहाली), Recondition (फिर से फिटनेस हासिल करना), Return (वापसी) और Refine (प्रदर्शन में सुधार) जैसे चरण शामिल हैं. यह मॉडल बच्चे के जन्म के बाद शारीरिक और मानसिक रिकवरी से लेकर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी और उसके बाद लगातार निगरानी तक की पूरी प्रक्रिया को कवर करता है.
जय शाह ने बताया अहम कदम
ICC के चेयरमैन जय शाह ने कहा, “महिला क्रिकेट की लगातार तरक्की के लिए जरूरी है कि खिलाड़ियों को हर स्तर पर और उनके करियर के हर पड़ाव पर मौके मिलें, उन्हें शामिल किया जाए और उनकी देखभाल की जाए. किसी भी खिलाड़ी को माँ बनने और देश के लिए सबसे ऊँचे स्तर पर खेलने में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए. ICC की ‘प्रेग्नेंसी के बाद खेल में वापसी’ से जुड़ी गाइडलाइंस खेल की दुनिया में ज़्यादा सपोर्टिव और जानकारीपूर्ण माहौल बनाने की दिशा में एक अहम कदम हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “सदस्यों को प्रैक्टिकल गाइडेंस देकर हम यह पक्का करना चाहते हैं कि महिला क्रिकेटरों को प्रेग्नेंसी के दौरान सपोर्ट मिले और वे पूरे आत्मविश्वास के साथ क्रिकेट में वापसी कर सकें. जैसे-जैसे महिला क्रिकेट दुनिया भर में बढ़ रहा है, यह ज़रूरी है कि हम खिलाड़ियों की भलाई का ध्यान रखें, टैलेंटेड खिलाड़ियों को बनाए रखें और मौजूदा व आने वाली पीढ़ियों के लिए रास्ते मज़बूत करें. ये गाइडलाइंस एक ऐसा खेल बनाने के हमारे संकल्प को दिखाती हैं, जहां महिलाएं मैदान के अंदर और बाहर, दोनों जगह तरक्की कर सकें.”
ये भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: लियोनेल मेसी का अगला मैच कब और किसके खिलाफ होगा? जानें भारत में कहां देख पाएंगे LIVE स्ट्रीमिंग
एफी फ्लेचर ने किया गाइडलाइंस का स्वागत
वेस्टइंडीज की अनुभवी स्पिनर एफी फ्लेचर, जिन्होंने 2021 में अपने बेटे को जन्म दिया था और फिलहाल वह आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा ले रही हैं. उनका मानना है कि नई गाइडलाइंस कई महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा साबित होंगी और उन्हें मातृत्व के बाद क्रिकेट में वापसी करने का आत्मविश्वास देंगी. फ्लेचर ने कहा, “यह बेहद सकारात्मक कदम है. आईसीसी द्वारा क्रिकेट बोर्डों को प्रेग्नेंसी के बाद खिलाड़ियों की देखभाल के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश देना महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है. इससे खिलाड़ियों को परिवार और करियर के बीच बेहतर संतुलन बनाने का अवसर मिलेगा.”
उन्होंने अपनी वापसी के अनुभव साझा करते हुए कहा कि शारीरिक रूप से फिट होना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उससे भी अधिक कठिन अपने बच्चे से दूर रहना और उसके महत्वपूर्ण पलों को मिस करना था. फ्लेचर के मुताबिक, मैदान पर उनका हर प्रयास अपने बेटे से मिलने वाली प्रेरणा का परिणाम है. उन्होंने कहा, “हर खिलाड़ी की यात्रा अलग होती है, लेकिन मजबूत सपोर्ट सिस्टम, अच्छी सेहत और प्रक्रिया पर भरोसा आपको सफलता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं.”
ये भी पढ़ें- SA से हार के बाद कैसे सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी टीम इंडिया? जानें समीकरण
संबंधित खबरें
IND vs NZ 1st ODI: ऑकलैंड में बल्लेबाज मचाएंगे धमाल या गेंदबाज बरपाएंगे कहर
3 hrs agoIPL 2027 से पहले लियाम लिविंगस्टोन की होगी छुट्टीृ?
3 hrs agoJohn Cena ने नई WWE चैंपियनशिप लॉन्च कर मचाई खलबली
4 hrs agoरोहित-विराट समेत वनडे सीरीज में इन 5 खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
4 hrs agoNZ में कैसा है कप्तान शुभमन गिल का वनडे रिकॉर्ड? आंकड़ों ने खोली पोल
5 hrs ago2008 के बाद सिर्फ इस पाकिस्तानी क्रिकेटर ने खेला IPL
5 hrs agoपहले वनडे में विराट कोहली तोड़ सकते हैं सचिन-सहवाग का बड़ा रिकॉर्ड
6 hrs ago5 विकेट लेने का मिला इनाम, ICC रैंकिंग में चमकीं वैष्णवी शर्मा
6 hrs agoन्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ी राहत
6 hrs agoIPL 2027 से पहले हार्दिक पांड्या की हो गई MI से छुट्टी?
7 hrs agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines