
1 / 9
अगर आप लंबे समय से पुराना एंड्रॉयड स्मार्टफोन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो यह खबर आपको जरूर ध्यान से पढ़नी चाहिए. गूगल ने खुद एक बड़ी चेतावनी जारी की है, जिसमें बताया गया है कि दुनिया भर में करोड़ों एंड्रॉयड यूजर्स मैलवेयर और स्पाईवेयर के गंभीर खतरे में हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह है पुराने Android OS वर्जन, जिन पर अब सिक्योरिटी अपडेट मिलना बंद हो चुका है.

2 / 9
रिपोर्ट के मुताबिक, Android 13 या उससे पुराने वर्जन पर चलने वाले स्मार्टफोन सबसे ज्यादा जोखिम में हैं. इन ऑपरेटिंग सिस्टम को अब नियमित सिक्योरिटी अपडेट नहीं मिलते, जिससे हैकर्स के लिए कमजोरियों का फायदा उठाना आसान हो जाता है.

3 / 9
1 अरब से ज्यादा यूजर्स पर मंडरा रहा खतरा- फॉर्ब्स की रिपोर्ट बताती है कि दुनियाभर में 1 अरब से ज्यादा ऐसे एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स हैं, जो पुराने OS पर निर्भर हैं. यही वजह है कि यह खतरा छोटे स्तर का नहीं, बल्कि ग्लोबल लेवल पर चिंता का विषय बन चुका है.

4 / 9
दिसंबर तक के डेटा के अनुसार, Android 16 सिर्फ 7.5 प्रतिशत डिवाइस में ही मौजूद है. वहीं Android 15 पर 19.3 प्रतिशत, Android 14 पर 17.9 प्रतिशत और Android 13 पर 13.9 प्रतिशत स्मार्टफोन काम कर रहे हैं. इसका मतलब साफ है कि बड़ी संख्या में यूजर्स अब भी पुराने वर्जन पर टिके हुए हैं.

5 / 9
रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब 58 प्रतिशत स्मार्टफोन ऐसे हैं, जो अभी सिक्योरिटी अपडेट के दायरे में आते हैं. वहीं लगभग 40 प्रतिशत स्मार्टफोन ऐसे हैं, जिनके लिए अब कोई सिक्योरिटी अपडेट उपलब्ध नहीं है, जिससे वे सीधे खतरे की जद में हैं.

6 / 9
पुराने फोन यूजर्स के लिए जरूरी सलाह- गूगल की तरफ से यूजर्स को सलाह दी गई है कि अगर उनका फोन पुराने Android OS पर चल रहा है, तो उसे जल्द से जल्द लेटेस्ट एंड्रॉयड वर्जन पर अपडेट करें. साथ ही सिक्योरिटी अपडेट को नजरअंदाज न करें और समय-समय पर उन्हें इंस्टॉल करते रहें.

7 / 9
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि iPhone को लंबे समय तक सिक्योरिटी अपडेट मिलते रहते हैं, जबकि कई एंड्रॉयड फोन में कुछ साल बाद सपोर्ट बंद हो जाता है. अगर किसी एंड्रॉयड फोन के लिए कंपनी ने सपोर्ट खत्म कर दिया है, तो नया स्मार्टफोन लेना ज्यादा सुरक्षित विकल्प माना जाता है.

8 / 9
कंपनियां कितने साल देती हैं सिक्योरिटी अपडेट- आमतौर पर स्मार्टफोन कंपनियां अपने डिवाइस के लिए 4 से 5 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देती हैं. हालांकि अब सैमसंग और गूगल पिक्सल जैसे ब्रांड्स ने 7 साल या उससे ज्यादा समय तक सिक्योरिटी अपडेट देने का ऐलान किया है, जो यूजर्स के लिए बड़ी राहत है.

9 / 9
सिक्योरिटी अपडेट क्यों होते हैं जरूरी- सिक्योरिटी अपडेट फोन में मौजूद खामियों और बग्स को ठीक करने के लिए जारी किए जाते हैं. इन्हीं कमजोरियों का फायदा उठाकर हैकर्स डिवाइस में घुसपैठ कर सकते हैं, डेटा चोरी कर सकते हैं या फोन को पूरी तरह हैक कर सकते हैं. यही वजह है कि सिक्योरिटी अपडेट स्मार्टफोन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी माने जाते हैं.