राजस्थान-बिहार में बारिश से हाहाकार; अब तक 16 लोगों की मौत, IMD ने फिर जारी किया अलर्ट
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Weather Update: राजस्थान में रविवार शुरू हुई बारिश का दौर जारी है। आज यानी सोमवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। रिपोर्ट के अनुसार, बारिश से राजस्थान में अभी तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। कुछ हिस्सों में भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को बांसवाड़ा में अलग-अलग घटनाओं में आठ मौतें हुईं, जबकि बीकानेर और उदयपुर में एक-एक मौत हुई। उत्तर पश्चिम रेलवे ने बारिश के कारण कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। बताया गया है कि पड़ोसी राज्य गुजरात में भरूच और अंकलेश्वर के बीच एक पुल पर पानी का स्तर खतरे के निशान से ऊपर है। उधर बिहार में भी बारिश का कहर जारी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से कहा गया है कि 19 सितंबर को बाड़मेर, जालौर और जैसलमेर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य हिस्सों में कम बारिश की उम्मीद जताई गई है। आईएमडी के अनुसार, राजस्थान के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। डूंगरपुर में निथुवा में 21 सेमी और प्रतापगढ़ में 16 सेमी बारिश हुई है।
इसी दौरान सादड़ी (पाली) में 200 मिमी, प्रतापगढ़ में 160 मिमी, माउंट आबू (सिरोही) में 130 मिमी, झालरा (उदयपुर) में 124 मिमी, कोट (पाली) में 122 मिमी, भांगड़ा में 120 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बांसवाड़ा, जहां माही बांध से पानी छोड़े जाने के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है, वहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।
बांसवाड़ा के जिला कलेक्टर प्रकाश चंद्र शर्मा ने बताया कि दो व्यक्तियों स्वरूपी (60) और संतू ताबियार (68) की झोपड़ियां गिरने से मौत हो गई। शिल्पा पटेल और देवला मैदा वेयर बाढ़ में बह गए, जबकि दीवार गिरने से सुगना लबाना (48) की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि अलग-अलग घटनाओं में काला कटारा (50), अमर सिंह डामोर और दिनेश गरासिया (45) बाढ़ वाले नालों में बह गए।
उन्होंने बताया कि सोमवार को बांसवाड़ा में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। पुलिस ने बताया कि बीकानेर के गुंगारन इलाके में एक घर की दीवार गिरने से 75 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उदयपुर के खेरवाड़ा में दीवार गिरने से बबली देवी की मौत हो गई। आईएमडी ने कहा कि राज्य को 20 सितंबर के बाद से बारिश से राहत मिल सकती है।
उधर बिहार में भी मौसम का कहर जारी है। यहां के औरंगाबाद जिले में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से छह लोगों की दर्दनाक हो गई है। जिले के अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिजली गिरने से छह लोगों की मौत पर शोक जताया है। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा भी की गई है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: