Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

देश

PAK मीडिया में क्यों छाए सिद्धारमैया? BJP ने बताया ‘पाकिस्तान रत्न’, डीके शिवकुमार ने कही ये बात

पाकिस्तान में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया का एक बयान इतना वायरल हुआ कि भाजपा ने उन्हें 'पाकिस्तान रत्न' बता दिया। सिद्धारमैया के बयानों की कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता बीएस येदियुरप्पा ने भी कड़े शब्‍दों में आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब हमें एकजुट होने की जरूरत है, सिद्धारमैया का बयान बेहद निंदनीय और बचकाना है। आइए जानते हैं कर्नाटक के सीएम ने ऐसा क्या कहा?

Author
Edited By : Satyadev Kumar Updated: Apr 27, 2025 19:45
Karnataka Chief Minister Siddaramaiah
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया। (फोटो क्रेडिट PTI)

पहलगाम हमले के बाद देश में आक्रोश है, हर कोई सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। विपक्षी पार्टियां भी इस मुद्दे पर सरकार का समर्थन कर रही है। इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध छेड़ने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कड़े सुरक्षा उपाय शुरू किए जाने चाहिए। हम युद्ध छेड़ने के पक्ष में नहीं हैं। शांति होनी चाहिए, लोगों को सुरक्षित महसूस होना चाहिए। केंद्र सरकार को प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। सिद्धारमैया के इस बयान के बाद भाजपा ने उन्हें ‘पाकिस्तान रत्न’ कहा है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें दो लोग कर्नाटक से थे।

क्या कहा था सिद्धारमैया ने?

सिद्धारमैया ने बेंगलुरु में शनिवार को आतंकी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में कहा था कि युद्ध की कोई जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युद्ध की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि कड़े और प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए। सिद्धारमैया ने कहा, ‘पूरे देश में शांति कायम होनी चाहिए। लोगों की सुरक्षा के लिए केंद्र को सुरक्षा बढ़ानी चाहिए।’

---विज्ञापन---

सिद्धारमैया ने दी सफाई

अपने बयान पर उठे विवाद के बाद उन्होंने रविवार को स्पष्टीकरण जारी किया। जब मुख्यमंत्री से कहा गया कि पाकिस्तानी मीडिया उनके बयान को तूल दे रहा है तो उन्होंने कहा कि मैंने पाकिस्तान के साथ युद्ध के लिए मना नहीं किया। मैंने जो कहा वह यह था कि युद्ध कोई समाधान नहीं है। सिद्धारमैया ने कहा कि कश्मीर में बहुत से पर्यटक जाते हैं, इसलिए वहां सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए थी। सुरक्षा मुहैया कराना किसकी जिम्मेदारी है? यह केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। मैंने कहा कि यह विफलता है। मैंने कहा है कि भारत सरकार ने उचित सुरक्षा मुहैया नहीं कराई। अगर युद्ध अपरिहार्य है तो होना चाहिए, ऐसा नहीं है कि ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए, लेकिन तत्काल युद्ध की कोई जरूरत नहीं है, यही मैंने कहा है।

सिद्धारमैया ने एक्स पर पोस्ट कही ये बात

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘मैंने युद्ध के बारे में अपने बयान के पक्ष और विपक्ष में बहस और चर्चा देखी है। युद्ध हमेशा किसी देश का अंतिम विकल्प होना चाहिए-कभी भी पहला या एकमात्र विकल्प नहीं। केवल तभी जब दुश्मन को हराने के लिए हर दूसरा तरीका विफल हो जाए तभी किसी देश को युद्ध के लिए मजबूर होना चाहिए।पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा पहलगाम में किए गए भयानक आतंकी हमले ने हमारे देश के लोगों और केंद्र सरकार दोनों को यह स्पष्ट कर दिया है कि हमारे खुफिया और सुरक्षा तंत्र में गंभीर खामियां थीं।’

---विज्ञापन---

उन्होंने आगे लिखा, ‘अब सरकार की यह गंभीर जिम्मेदारी है कि वे सबसे पहले इन कमियों को ठीक करे और यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में ऐसी त्रासदियां न दोहराई जाएं। इस महत्वपूर्ण क्षण में दुनिया भर के देश पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए भारत के साथ मजबूती से खड़े हैं। हमें इस अभूतपूर्व वैश्विक समर्थन का लाभ उठाना चाहिए और पाकिस्तान को इतना गहरा सबक सिखाना चाहिए कि वे फिर कभी ऐसी लापरवाह हरकतें करने की हिम्मत न करें।’

 

पाकिस्तानी मीडिया में मिली सुर्खियां

पहलगाम आतंकवादी हमले पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी को पाकिस्तानी मीडिया में तूल दिया जा रहा है। वहीं, भाजपा ने भी सीएम पर हमला बोला। सिद्धारमैया की मूल टिप्पणी की पाकिस्तान मीडिया द्वारा प्रशंसा किए जाने के बाद कर्नाटक भाजपा के प्रमुख बीवाई विजयेंद्र ने एक क्लिप साझा की और 1960 में सिंधु जल संधि पर हस्ताक्षर करने के समय रावलपिंडी में जवाहरलाल नेहरू के स्वागत का उदाहरण दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘सीमापार से वजeर-ए-आला सिद्धारमैया के लिए बहुत-बहुत जयकार! पाकिस्तानी मीडिया सिद्धारमैया की बहुत प्रशंसा कर रहा है और पाकिस्तान के साथ युद्ध के खिलाफ उनकी टिप्पणियों के लिए भाजपा और अन्य लोगों से मिल रही प्रतिक्रिया से स्पष्ट रूप से निराश है।’

भाजपा ने बताया ‘पाकिस्तान रत्न’

वहीं, कर्नाटक में विपक्ष के नेता आर अशोक ने एक कदम आगे बढ़कर सिद्धारमैया को ‘पाकिस्तान रत्न’ बताया। उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, आप अपने बचकाने और बेतुके बयानों के कारण रातों-रात पाकिस्तान में विश्व प्रसिद्ध हो गए हैं।’

डीके शिवकुमार ने कही ये बात

इस मामले में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो कहा है वह उस पर टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन भारत की रक्षा की जानी चाहिए और कांग्रेस पार्टी ने इस पर अपना स्पष्ट रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि इस देश की शांति, एकता और अखंडता महत्वपूर्ण है। हर किसी का जीवन भी महत्वपूर्ण है। हम सभी भारतीय हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने इस मामले पर अपना स्पष्ट रुख अपनाया है, हम सभी इसके लिए प्रतिबद्ध हैं और मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में हम उनके साथ खड़े हैं। शिवकुमार ने राष्ट्रीय अखंडता के महत्व और ऐसी चुनौतियों का सामना करने के लिए शांति बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

First published on: Apr 27, 2025 07:42 PM

संबंधित खबरें