बिहार के पटना जिले में बिहटा थाना क्षेत्र में कोईलवर पुल के पास रविवार अलसुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ है. यात्रियों से भरे एक ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी और इस हादसे में ऑटो सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए. पांचों मृतक आरा के रहने वाले हैं. सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Today Breaking News in Hindi LIVE Updates: आज एक फरवरी 2026 दिन रविवार है और आज देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी, जिसमें भी टैक्स स्लैब को लेकर ऐलान पर देशभर की नजरें टिकी हैं. वहीं आज से दिल्ली से शंघाई के लिए एअर इंडिया की उड़ानें शुरू होने जा रही हैं. उधर आज अजीत पवार का अस्थि कलश बारामती से मुंबई लाया जाएगा और NCP ऑफिस में रखा जाएगा. इधर आज गुरु रविदास जयंती भी है और इस मौके पर आज प्रधानमंत्री मोदी पंजाब जाएंगे और जालंधर के पास डेरा सचखंड बल्लां में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इसके अलावा आज दिनभर की देश-दुनिया से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर के लिए बने रहें News 24 के साथ…
राजस्थान के जयपुर में बड़ा हादसा हुआ है. विश्वकर्मा इलाके में ऑक्सीजन प्लांट में सिलेंडर फटने से 2 युवकों की मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल हुआ है. धमाका इतना तेज था कि गैस प्लांट की ऊपर की टीन शेड उड़ गई और एक दीवार भी गिर गई. घटना की सूचना मिलते ही तुंरत पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची.
तुरंत गैस प्लांट में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. गैस सिलेंडर के तेज धमाके की वजह से आसपास की कुछ दुकानों के शटर टूट गए हैं. यहीं नहीं कुछ घरों में दरारें भी आईं हैं. धमाके के बाद फैक्ट्री की सीमेंट की चादरें काफी दूर जाकर गिरी. फैक्ट्री के पास रहने वाले लोग फैक्ट्री को बंद कराने की मांग कर दी.
प्रधानमंत्री मोदी 1 फरवरी 2026 को पंजाब का दौरा करेंगे. प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 3:45 बजे आदमपुर हवाई अड्डे का दौरा करेंगे और हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा, आदमपुर‘ रखने की घोषणा करेंगे. श्री मोदी पंजाब के लुधियाना में हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे. संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी जालंधर भी जाएंगे, जहां वे डेरा सचखंड बल्लां में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे.










