Greater Noida: 15 लाख रुपये लेकर की थी सुंदर भाटी गिरोह के नागेश की हत्या, दो शार्पशूटर गिरफ्तार
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित जेवर इलाके में कुख्यात सुंदर भाटी गिरोह के हिस्ट्रीशीटर की पिछले दिनों हत्या हुई थी। अब इसी मामले में पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद दो शार्पशूटर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। शार्पशूटरों की पहचान यूपी के मथुरा जिले के रहने वाले सोमेश गौतम और पवन के रूप में हुई है। वहीं तीसरे आरोपी की पहचान दिलीप के रूप में हुई है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
पुलिस की पूछताछ में शार्पशूटर ने बताया कि चमन नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें 15 लाख रुपये में हिस्ट्रीशीटर नागेश की हत्या का काम दिया था। उसकी जेवर के ही रहने वाले नागेश (36) के साथ पुरानी दुश्मनी थी। वहीं डीसीपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि पिछले गुरुवार को बाइक सवार हमलावरों ने नागेश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने इन अपराधियों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया था। नागेश के खिलाफ एनसीआर में 12 से ज्यादा हत्या, लूट और अपहरण के मुकदमे दर्ज थे।
थाना जेवर पुलिस व हिस्ट्रीशीटर नागेश की गोली मारकर हत्या करने वाले बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रूपये का इनामी वांछित बदमाश दिलीप गोली लगने से घायल/गिरफ्तार तथा बदमाश के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व अवैध हथियार बरामद।
@AdcpGreno द्वारा दी गई बाइट। https://t.co/9UERF2oLdf pic.twitter.com/qxEIyaiJCX— POLICE COMMISSIONERATE GAUTAM BUDDH NAGAR (@noidapolice) September 7, 2022
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार की रात सूचना मिली कि दोनों आरोपी टप्पल रोड पर आ सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वारदात में इस्तेमाल हथियारों को बरामद करने के लिए जंगल की ओर ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि हथियारों की बरामदगी होते ही आरोपियों ने उन्हीं हथियारों से पुलिस पर फायरिंग कर दी।
डीसीपी ने बताया कि बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए हैं। दोनों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बुधवार देर शाम पुलिस ने एक और मुठभेड़ के बाद दिलीप नाम के बदमाश को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चार बंदूकें, कई कारतूस और एक चोरी की बाइक बरामद की है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: