UP में कोहरे का कहर; सात जिलों में लगातार हादसे, 12 की मौत, 70 से ज्यादा लोग घायल
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

UP News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में सीजन का पहला कोहरा कहर बनकर आया। रविवार और सोमवार को प्रदेश में हुए कई हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई। जबकि 70 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये हादसे उत्तर प्रदेश के नोएडा, हापुड़, औरैया, मैनपुरी, कानपुर देहात, कन्नौज, उन्नाव और कानपुर में हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के सात जिलों औरैया, मैनपुरी, हापुड़, कानपुर देहात, कन्नौज, उन्नाव और कानपुर में कोहरे के कारण कम दृश्यता से कई सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें कुल 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कुछ छात्रों सहित कम से कम 70 लोग घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक औरैया में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर उमरैन के पास एक बस हादसे का शिकार हुई। वहीं कोहरे में अचानक से सामने एक कार को ट्रक चालक ने बचाने की कोशिश की, तो वह डिवाइडर को तोड़ता हुआ हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में बस चालक और दो यात्रियों की मौत हो गई। मरने वालों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। वहीं घायलों को इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा कन्नौज के छिबरामऊ इलाके में एक ट्रक की चपेट में आने से 7 छात्राएं घायल हो गईं। कन्नौज पुलिस ने बताया कि छात्राएं परीक्षा देने के लिए कॉलेज जा रहे थे।
कानपुर की अकबरपुर पुलिस ने बताया कि देहात में एक वाहन सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा भी घने कोहरे के कारण हुआ। उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में पाइप से लदा एक ट्रक पलट जाने से चालक की मौत हो गयी। वहीं ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल है। यहां के ही पुरवा-दही चौकी मार्ग पर ट्रक और डंपर आपस में टकरा गए, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
कानपुर में बिल्हौर के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रोडवेज की एक बस पलट गई। एसीपी बिल्हौर आलोक सिंह ने बताया कि इस हादसे में 18 लोग घायल हो गए। बस आजमगढ़ से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसके अलावा हापुड़ और नोएडा में हुए हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। जबकि हापुड़ में 15 लोग घायल हुए हैं।
और पढ़िए – खेल से जुड़ी खबरें यहाँ पढ़ें
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: