बच्चों ने पूछे पीएम मोदी से सवाल: आप जनता से ज्यादा प्यार करते हो या परिवार से...जवाब मिला-जनता ही परिवार

pm modi news, up news

PM modi varanasi visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अटल आवासीय विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों ने हैरान कर देने वाले सवाल पूछे। पीएम बच्चों के सवाल सुनकर आश्चर्यचकित रह गए। इसके बाद मोदी ने बच्चों को हंसते हुए जवाब दिए। कक्षा छह के छात्र आकाश कुमार ने पीएम से सवाल किया कि आप क्या बनना चाहते थे। जिसके जवाब में पीएम ने कहा कि बेटा, मैंने तो चाय बेचकर अपना गुजारा किया। पता ही नहीं था कि क्या बनना है। बच्चों की प्रतिभा देख पीएम कायल नजर आए।

इससे पहले पीएम मोदी ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से काशी समेत यूपी में बने 16 अटल आवासीय विद्यालयों का लोकार्पण किया। इन विद्यालयों के निर्माण के ऊपर 1115 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके बाद बच्चों के साथ पीएम ने स्कूल के हॉल में सीधा संवाद कर पढ़ाई की जानकारी ली। इसी दौरान पीएम से बच्चों ने सवाल पूछने शुरू कर दिए। जिसका प्रधानमंत्री ने अपने भाषण के दौरान भी जिक्र किया।

पीएम ने बच्चों के आत्मविश्वास की भी जमकर तारीफ की। अटल आवासीय विद्यालय के 20 बच्चों के साथ पीएम ने सीधा संवाद किया। बच्चे पीएम से मिलकर काफी खुश नजर आए। कक्षा 6 की उत्साहित छात्रा रामेश्वरी ने पीएम से पूछा कि वे जनता से प्यार करते हैं या अपने परिवार से। जिसके बाद पीएम मुस्कुराए और कहा कि जनता ही उनके लिए परिवार है। और इस परिवार से वे बेहद प्यार करते हैं। वहीं, विकास नामक बच्चे ने पूछा कि वे हमेशा ही स्वच्छता को लेकर लोगों से बात करते हैं। इसके पीछे आपकी मंशा क्या है।

मन हो या समाज, हर जगह सफाई जरूरी

पीएम ने कहा कि चाहे मन हो या फिर समाज। हर जगह सफाई जरूरी होती है। इसलिए हमेशा स्वच्छता की बात करता हूं। एक बच्ची सुनैना ने पीएम से पूछा कि उनको घर अच्छा लगता है या हॉस्टल। पीएम ने जवाब दिया कि उनको हमेशा हॉस्टल में रहना पसंद है। हर काम यहां पर समय से करना पड़ता है।

पीएम ने इसके बाद सुनैना को शाबाशी दी और हंसे बिना नहीं रह सके। बच्ची सुजाता ने पूछा कि आपको कौन सी सब्जी खाने में पसंद है। पीएम ने सभी सब्जियों को पसंद करने की बात कही। एक बच्ची आकृति ने पूछा कि उनको कौन सा खेल पसंद है। पीएम ने बताया कि उनको बैडमिंटन पसंद है। पीएम ने बच्ची के पूछने पर अपनी पसंदीदा खिलाड़ी का नाम साइना नेहवाल बताया। वहीं, पीएम से मिलने के बाद सभी बच्चों के चेहरे खिले नजर आए।

बच्चे बोले-पीएम से मिल गदगद हो गए

पीएम से मिलने वाले बच्चों में अंशिका, प्रिया प्रजापति, मुस्कान प्रजापति, नैंसी पटेल, हिमांशु यादव, मिथिलेश संगम, सृष्टि कुमारी, प्रीति चौहान, रुचिका चौहान, हिमांशु बिंद, आदर्श मौर्या, नित्यांश शर्मा शामिल थे। सभी बच्चों ने मोदी से मिलने के बाद अपने अनुभव शेयर किया। सभी बच्चों ने कहा कि पीएम से खूब प्यार मिला। वे सौभाग्यशाली हैं कि मोदी जैसी शख्सियत से वे लोग मिले। पीएम ने उनकी जमकर पीठ थपथपाई और पढ़ाई, खेल के बारे में जानकारी ली।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ