आगरा-भरतपुर हाईवे पर भीषण हादसा; इवेंट कंपनी की एमडी और उनके साथी की मौत, इंडियाज गॉट टैलेंट से कमाया था नाम

bharatpur car accident

Bharatpur News: राजस्थान (Rajasthan) के भरतपुर (Bharatpur) जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा-भरतपुर हाईवे (Agra-Bharatpur Highway) पर टोल कटाने के लिए रुकी कार को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल डाला।

कार ट्रक के अगले हिस्से में समा गई। हादसे में कार सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। कार को काट कर दोनों के शवों को निकाला। हादसे में मरने वाली युवती इंडियाज गॉट टेलेंट की कंटेस्टेंट बताई जा रही है।

इवेंट कंपनी चलाते थे दोनों, रणथंभोर से लौट रहे थे 

जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के आगरा में बेलनगंज इलाके के रहने वाले शांतनु चक्रबोती (32) कैटरिंग का कारोबार करते थे। जबकि आगरा के ही थाना नाई की मंडी क्षेत्र के ढाकरान इलाके की प्रियंका गुप्ता (25) इवेंट कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर थीं। दोनों को राजस्थान के रणथंभोर में एक शादी ऑर्गेनाइज कराने का काम मिला था। शुक्रवार को दोनों वहीं से लौट रहे थे।

टोल कटाने के लिए अमोली टोल पर रुके थे

दोनों अपनी कार में थे। आगरा-भरतपुर हाईवे पर अमोली टोल प्लाजा पर टोल कटाने के लिए कार को रोका था। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को रौंद डाला। हादसा इतना वीभत्स था कि कार ट्रक के अगले हिस्से में समा गई। हादसे को देख मौके पर हड़कंप मच गया। टोल कर्मियों समेत आसपास के गांव वाले मौके पर इकट्ठे हो गए।

कार को काटकर दोनों के शव निकाले

लोगों ने थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। भरतपुर के संबंधित थाना प्रभारी विजय सिंह छौंकर ने बताया कि कार पूरी तरह से ट्रक में समा गई थी। जेसीबी मंगा कर कार को ट्रक के नीचे से निकाला गया। इसके बाद कार को काट कर दोनों के शवों को बाहर निकाला। हादसे में मृतक दोनों के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। प्रियंका के पिता आगरा के जाने-माने सराफा कारोबारी है।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ