Maharashtra Election 2024: (इंद्रजीत सिंह) पिछले पांच साल में महाराष्ट्र की राजनीति में काफी उथल पुथल रहा है। लिहाजा महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के अप्रत्याशित होने का अनुमान तो सभी को था, लेकिन मुंबई की सियासत में सबसे बड़ा टि्वस्ट अब आया है। पेशे से फैशन डिजाइनर और मुंबई के ग्लैमर वर्ल्ड की चर्चित हस्ती शाइना एनसी शिंदे सेना के टिकट पर मुंबादेवी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। शाइना के सामने कांग्रेस के उम्मीदवार अमीन पटेल हैं। वो इस सीट से तीन बार के विधायक हैं और मुस्लिम बहुल इलाका होने की वजह से महायुति की उम्मीदवार शाइना के लिए जीत हासिल करना आसान नहीं है।
2024 में मुंबा देवी विधानसभा सीट का चुनाव इसलिए भी अलग है क्योंकि इस सीट से इस बार न तो सपा का उम्मीदवार चुनावी मैदान में है और न ही एमआईएम ने कोई प्रत्याशी दिया है। बता दें कि मुंबा देवी विधानसभा क्षेत्र दक्षिण मुंबई लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का एक हिस्सा है।
कहा जाता है कि मुंबा देवी विधानसभा का नाम यहां स्थित मुंबा देवी मंदिर के नाम पर पड़ा है। मुंबा देवी के नाम पर ही बॉम्बे का नाम बदलकर मुंबई किया गया, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि मुंबा देवी का मंदिर इस विधान सभा क्षेत्र में नहीं पड़ता। यह एक छोटी विधानसभा है और यहां देश के हर राज्य के लोग रहते हैं।
बीजेपी नेताओं को शुक्रिया कहना नहीं भूलतीं शाइना
मुंबा देवी सीट से कांग्रेस के अमीन पटेल मौजूदा विधायक हैं और महायुति में यह सीट एकनाथ शिंदे की शिवसेना को मिली है। माना जा रहा है कि बीजेपी के बड़े नेताओं की सहमति से ही शाइना ने शिवसेना का टिकट स्वीकार किया है। शिवसेना की तरफ से टिकट घोषित होने के बाद उन्होंने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया।
शाइना एनसी अभी तक बीजेपी की प्रवक्ता थीं। बीजेपी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर सभी बड़े नेताओं तक सीधी पहुंच रखने वाली शाइना एनसी ने अंतिम वक्त में पार्टी छोड़कर सभी को चौंका दिया, लेकिन शाइना इस बात पर जोर देती हैं कि वे महायुति की उम्मीदवार हैं। और हां, अभी भी बीजेपी नेताओं का आभार व्यक्त करना नहीं भूलती हैं।
ये भी पढ़ेंः महाराष्ट्र में कम सीटों पर चुनाव लड़ना BJP की मजबूरी या स्ट्रेटजी, समझें पूरा समीकरण
अमीन पटेल के लिए क्या हैं मुद्दे
दूसरी ओर महा विकास अघाड़ी से कांग्रेस उम्मीदवार अमीन पटेल कहते हैं कि मुंबा देवी विधानसभा में मैंने नगर सेवक से काम शुरू किया था। आज 25 साल से इस इलाके के लोगों से जुड़ा हूं। यहां की जर्जर इमारतों से लेकर ट्रैफिक जाम की समस्या और लोगों को शुद्ध हवा मिलने में हो रही दिक्कतों से मैं वाकिफ हूं। पटेल कहते हैं कि क्लस्टर डेवलेपमेंट को लेकर बात हो चुकी है। प्लान है कि छोटे घरों में रहने वाले सभी लोगों को 500 स्क्वायर फीट का घर मिले।
मुझे अपनी जिम्मेदारियों का एहसासः शाइना
वहीं शाइना एनसी का कहना है कि उनके पिता और वे खुद इस इलाके में सोशल वर्क रही हैं। इसलिए यह इलाका उनके लिए नया नहीं है। शिंदे सेना की प्रत्याशी कहती हैं कि ‘मुझे एहसास है कि यहां के नागरिकों को किस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, चाहे वह क्लस्टर विकास हो, स्थानीय स्वच्छता हो या खुली जगह का सवाल हो… ये सारे मुद्दे हैं। और मुझे अपनी जिम्मेदारियों का एहसास है।’ उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि आपने 15 साल एक नेता को देखा, अब एक नेत्री को मौका दीजिए। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने आधी आबादी के लिए बहुत काम किया है। लड़की बहन योजना से सभी को फायदा हुआ है।
मुंबा देवी में क्यों मजबूत है अघाड़ी
पूरे इलाके की बात करें तो काफी सघन इलाका है। मुंबई में यह इलाका काफी पहले बसा इसलिए यहां पुरानी इमारतें, छोटे घर और तंग गालियां हैं। इसे मिनी इंडिया भी बोल सकते हैं, क्योंकि यहां देश के हर कोने के लोग रहते हैं। वैसे तो इस सीट पर कड़ी टक्कर है लेकिन अमीन पटेल के फेवर में जो एक बात जाती है वो ये कि यहां 51 फीसदी के करीब मुस्लिम आबादी है। 3 फीसदी जैन और अच्छी खासी संख्या में मराठी और गुजराती आबादी है। चूंकि पटेल सरनेम गुजरात के हिंदू मुस्लिम दोनों में आता है, इसलिए अमीन पटेल को इसका फायदा मिलता रहा है।
2009, 2014 और 2019 का चुनाव
पिछले विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस के अमीन पटेल को 58952 वोट मिले थे। अविभाजित शिवसेना के उम्मीदवार पांडुरंग गणपत सकपाळ 35297 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। ओवैसी की पार्टी एमआईएम के उम्मीदवार बशीर मूसा पटेल को 6373 वोट मिले थे।
वहीं 2014 के चुनाव में कांग्रेस के अमीन पटेल 39188 वोट के साथ विजयी रहे थे। बीजेपी के अतुल शाह 30675 वोट के साथ दूसरे नंबर पर थे। वहीं एमआईएम के मोहम्मद शाहिद रफी 16165 वोट के साथ तीसरे नंबर पर थे। वहीं शिवसेना के उम्मीदवार सळेकर युगंधरा यशवंत को 15479 वोट मिले थे। बता दें कि 2014 में बीजेपी और शिवसेना का गठबंधन चुनाव के पहले टूट गया था और रिजल्ट के बाद दोनों पार्टियों ने एक साथ मिलकर सरकार बनाई थी।
2009 के विधानसभा चुनाव कांग्रेस के अमीन पटेल को 45285 वोट मिले थे। वहीं शिवसेना के अनिल चंद्रकांत पडवळ को 28646 वोट हासिल हुए। समाजवादी पार्टी के बशीर मूसा पटेल को 19936 वोट मिले थे।
2024 लोकसभा चुनाव का परिणाम
बीते लोकसभा चुनाव के परिणाम को देखें तो मुंबा देवी विधानसभा सीट पर भी महा विकास अघाड़ी को अच्छी खासी लीड मिली थी। शिवसेना यूबीटी के उम्मीदवार अरविंद सावंत को इस इलाके में 40979 वोट की लीड मिली यानि महा विकास आघाड़ी को दक्षिण मुंबई की सीट दिलाने में इस विधान सभा क्षेत्र का बड़ा योगदान रहा।
साफ है कि शाइना एनसी के लिए मुंबा देवी की सीट पर जीत की पताका फहरा पाना आसान नहीं है।
संबंधित खबरें
11 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने नहीं गए तो हमलावरों ने बदला प्लान?
18 hrs agoटाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में एक और गिरफ्तारी, अनिल पंडित से मिलवाए थे शूटर्स
22 hrs ago'मैं तुम्हें जान से मार डालूंगा', NCP के MLA जितेंद्र आव्हाड को मिली धमकी
1 day ago'जो सलमान संग काम करेगा…', टाइगर पर हमले की बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
2 days agoमुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने की गोलीबारी
2 days agoपोस्टमार्टम रूम में शराब पार्टी का आरोप, महाराष्ट्र में डॉक्टर सस्पेंड
3 days agoजिस कंपनी के विमान में अजित पवार की मौत, उस वेंचर्स में मिली खामियां
3 days ago90 हजार सैलरी और BMW कार, पूर्व पुलिस ऑफिसर लाइफस्टाइल पर कोर्ट की नजर
6 days agoमहाराष्ट्र के सूखा प्रभावित किसानों को राहत, ₹5000 की अग्रिम सहायता का ऐलान
6 days agoजुर्माना, FIR, जेल… महाराष्ट्र में 'वाटर कर्फ्यू' जैसी नौबत, अल नीनो का असर
7 days agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines