मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा समेत चार प्रमुख जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. जिन जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई है, उनमें बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और वर्ली रेसकोर्स भी शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक, बॉम्बे हाईकोर्ट को एक ई-मेल मिला था. इसमें इन चारों जगहों पर बम हमले की चेतावनी दी गई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है.
अमिताभ बच्चन को दूसरी बार मिली धमकी
अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की यह दूसरी घटना है. इससे पहले 22 अक्टूबर को मुंबई के एक स्कूल को धमकी भरा ई-मेल भेजा गया था. इसमें अमिताभ बच्चन का नाम भी शामिल था. हालांकि, उस समय अधिकारियों ने साफ किया था कि अभिनेता को सीधे तौर पर कोई धमकी नहीं मिली है. इस घटना के बाद अमिताभ बच्चन का हर रविवार को अपने घर के बाहर प्रशंसकों से मिलने का कार्यक्रम भी चर्चा में रहा. इस बार वह बेटे अभिषेक बच्चन के साथ सुरक्षा के लिए लगाए गए बुलेट प्रूफ शीशे के पीछे खड़े दिखाई दिए. इसके बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कार्रवाई की मांग की और बॉलीवुड सितारों व उनके परिवारों की सुरक्षा पर चिंता जताई.
बॉलीवुड सितारों को मिल रही धमकियों से बढ़ी चिंता
हाल के दिनों में फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है. 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी. इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी. इसी हफ्ते अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकियां मिलीं. पुलिस इन धमकी भरे ऑडियो की जांच कर रही है. इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बुधवार को बेंगलुरु के 30 वर्षीय आईटी इंजीनियर को गिरफ्तार किया था. उस पर तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को धमकी भेजने का आरोप है. शुरुआती जांच में उसके बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का कोई सबूत नहीं मिला है.