त्योहारी सीजन और दिवाली की दस्तक के बीच महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने मिलावटखोरी और खराब खाद्य उत्पादों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. 4 और 5 नवंबर को चलाए गए इस विशेष कैंपेन के दौरान नियमों के उल्लंघन पर राज्य भर में 105 फूड बिजनेस लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं. इनमें अकेले मुंबई के 28 लाइसेंस शामिल हैं.
इसके अलावा, FSSAI के दिशा-निर्देशों की अनदेखी करने पर 7 प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह बंद करने का आदेश दिया गया है. बंद कराए गए आउटलेट्स में पुणे के तीन, अमरावती के दो और मुंबई और कोंकण संभाग के एक-एक प्रतिष्ठान शामिल हैं.
नामी फूड चेन पर गिरी गाज
FDA की इस कार्रवाई में कई प्रमुख फूड चेन और क्विक डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स की खामियां मिली. मुंबई के वर्ली में Zepto और Blinkit के लाइसेंस सस्पेडं किए गए हैं. वहीं, फेमस फूड आउटलेट ‘बिरयानी बाय किलो’, ‘टॉसिन पिज्जा’ और ‘जंबो बर्गर’ के खिलाफ भी लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं. वहीं, बोरीवली स्थित राजधानी बिरयानी सेंटर को नियमों की घोर अवहेलना पर पूरी तरह सील करने का आदेश दिया गया.
नागपुर के कामठी रोड स्थित डी-मार्ट आउटलेट पर लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की गई, जहां से रिफाइंड सोयाबीन तेल का स्टॉक जब्त किया गया.
मिलावटी स्टॉक जब्त
त्योहारी मांग के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए की गई इस छापेमारी में 69 से अधिक प्रतिष्ठानों से 1.35 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत का घटिया और संदिग्ध मिलावटी खाद्य भंडार जब्त किया गया. इस मामले में 3 एफआईआर दर्ज की गई हैं. दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और मिलावटी माल ले जा रहे दो वाहनों को भी जब्त किया गया है.