'आप जनता के सेवक…', IAS अधिकारी ने मांगा अपॉइंटमेंट तो भड़क उठा शख्स; बहस का Video Viral
महाराष्ट्र के नागपुर में जन बदलाव पार्टी के संस्थापक यश गोरखेड़े ने IAS अधिकारी से मिलने के लिए अपॉइंटमेंट लेने पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी जनता के सेवक हैं, किसी निजी कंपनी के कर्मचारी नहीं.
IAS अधिकारी से मुलाकात के दौरान अपॉइंटमेंट को लेकर बातचीत करते यश गोरखेड़े. (Image- Facebook/Yash Gourkhede)
महाराष्ट्र के नागपुर में एक युवक और IAS अधिकारी के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. वीडियो में युवक अधिकारी से मिलने के लिए अपॉइंटमेंट लेने पर सवाल उठाता नजर आ रहा है. उसका कहना है कि सरकारी अधिकारी जनता के सेवक होते हैं और उन्हें आम लोगों के लिए आसानी से मिलना चाहिए. वे किसी निजी कंपनी के अधिकारी की तरह व्यवहार नहीं कर सकते, जिनसे मिलने के लिए पहले समय लेना पड़े. यह वीडियो जन बदलाव पार्टी के संस्थापक यश गोरखेड़े ने फेसबुक पर शेयर किया है. यह एक क्षेत्रीय राजनीतिक दल है.
विज्ञापन
IAS अधिकारी ने पूछा- अपॉइंटमेंट लेकर आए हैं?
वीडियो में IAS अधिकारी एक कॉन्फ्रेंस टेबल पर बैठे दिखाई देते हैं. इसी दौरान वह यश गोरखेड़े से पूछते हैं, ‘क्या आपने मुझसे मिलने के लिए अपॉइंटमेंट लिया था?’ इस पर गोरखेड़े तुरंत सवाल उठाते हुए कहते हैं, ‘कौन सा अपॉइंटमेंट? आप जनता के सेवक हैं, किसी निजी कंपनी के HR नहीं हैं.’
यह पूरा मामला मजदूरों की रोजाना मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन से जुड़ा है. गोरखेड़े ने वीडियो के साथ लिखी पोस्ट में दावा किया कि मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी और ठेकेदार मजदूरों को परेशान कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों की मांगों पर ध्यान देने के बजाय अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. गोरखेड़े के मुताबिक, जन बदलाव पार्टी मजदूरों को मजदूरी, सम्मान और न्याय दिलाने की लड़ाई में उनका साथ दे रही है. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘हम मजदूरों की आवाज को दबने नहीं देंगे.’ साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक मजदूरों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाता, तब तक उनका अभियान जारी रहेगा.