Air Pollution: सांसों की इमरजेंसी, दिल्ली के बाद गुरुग्राम में भी 5वीं तक के स्कूल बंद

Air Pollution in Gurugram: गुरुग्राम प्रशासन ने नर्सरी से 5वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। जिले की हवा लगातार खराब होने के कारण यह फैसला लिया गया है।

Air Pollution in Gurugram: School closed up to 5th class

Air Pollution in Gurugram: गुरुग्राम प्रशासन ने नर्सरी से पांचवी कक्षा तक की स्कूल को बंद करने का आदेश दिया है। प्रशासन ने गुरुग्राम में पांचवीं कक्षा तक की सभी कक्षाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी है। एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण से स्कूली बच्चों को बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है। फरीदाबाद के डिप्टी कमिश्नर विक्रम सिंह ने भी कक्षा एक से पांच तक के सभी स्कूलों को 7 से 12 नवंबर तक बंद करने का आदेश दिया है।

गुरुग्राम में 5वीं तक के सभी स्कूल बंद

सोमवार, 6 नवंबर को गुरुग्राम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष और डीसी निशांत कुमार यादव ने इस फैसले की घोषणा की। हालांकि, प्रशासन ने स्कूलों को ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखने का आदेश दिया है ताकि छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो।

हवा हुई बेहद खराब

दरअसल, गुरुग्राम में पिछले एक सप्ताह से वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब बना हुआ है। 6 नवंबर को जिले की वायु गुणवत्ता सूचकांक 412 पर पहुंच गया, जबकि औद्योगिक जिला देश के सबसे प्रदूषित शहरों में पांचवें स्थान पर था। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि वायु गुणवत्ता सूचकांक में लगातार हो रही वृद्धि के कारण स्थिति जीआरएपी चार स्तर पर पहुंच गई है।

इससे पहले, हरियाणा सरकार ने एनसीआर में उपायुक्तों को अपने जिलों में स्थिति का आकलन करने और स्कूलों को बंद करने पर निर्णय लेने के लिए कहा था। पिछले कुछ दिनों से, गुरुग्राम सहित कुछ जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर हो गया है।

राजधानी दिल्ली में ऑड ईवन लागू

इधर केंद्र सरकार ने दिल्ली-एनसीआर को प्रदूषण नियंत्रण के अंतिम चरण के तहत सख्त उपाय लागू करने का निर्देश दिया है। सरकार ने प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों और वाणिज्यिक चार पहिया वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही दिल्ली सरकार ने राजधानी में ऑड ईवन नियम को भी लागू करने का फैसला किया है।

दिल्ली सरकार ने पहले ही कक्षा 1 से 5वीं तक के स्कूल को बंद करने का निर्देश दिया है। वहीं, कक्षा 6वीं से 12वीं तक के स्टूडेंट्स के लिए विद्यालयों को ऑनलाइन क्लास लेने की छूट दी गयी है। विद्यालयों को 10 नवंबर 2023 तक बंद रखने का फैसला किया गया है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ