वडोदरा में बेकाबू कार का तांडव, नाबालिग चालक ने 4 लोगों को कुचला; सामने आया वीडियो
गुजरात के वडोदरा में अमित नगर सर्कल के पास तेज रफ्तार होंडा सिटी चलाते हुए एक नाबालिग ने 4 राहगीरों को टक्कर मार दी. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
गुजरात के वडोदरा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. शहर के व्यस्त अमित नगर सर्कल के पास देर रात एक नाबालिग कार चालक ने अपनी बेकाबू होंडा सिटी से कोहराम मचा दिया. तेज रफ्तार होंडा सिटी चला रहे एक नाबालिग ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे चल रहे करीब 4 राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी. एक्सीडेंट इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी की जान जाने की खबर नहीं है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. कार चला रहे नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है और उसे कारेलीबाग पुलिस स्टेशन ले जाया गया है. पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है.
गौरतलब है कि वडोदरा में पहले भी ‘रक्षित कांड’ जैसा बड़ा हादसा हो चुका है. फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा सिर्फ लापरवाही थी या ओवरस्पीडिंग.