Who is Salil Arora: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के आगाज होने में अब बस 6 दिनों का समय बचा है. 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल 2026 को लेकर सभी 10 टीमें जमकर तैयारियां कर रही हैं. इसी बीच सनराइजर्स हैदराबाद ने शनिवार (21 मार्च) को एक इंट्रा स्क्वॉड मैच खेला, जिसमें अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया.
लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां 23 साल के युवा बल्लेबाज सलिल अरोड़ा ने बटोरी. सलिल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए लगातार 5 गेंदों पर 5 छक्के जड़कर तहलका मचा दिया. आइए जानते हैं कौन हैं सलिल अरोड़ा?
सलिल अरोड़ा ने 5 गेंदों में 5 छक्के जड़कर मचाया तहलका
सनराइजर्स हैदराबाद की बैटिंग लाइनअप उसे आईपीएल की सबसे खतरनाक टीम बनाती है, जिसमें ओपनिंग में अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे आक्रामक बल्लेबाज शामिल हैं. अब इस लाइनअप में 23 साल के सलिल अरोड़ा का नाम भी जुड़ गया है, जिन्होंने प्रैक्टिस मैच में धमाल मचा दिया. 21 मार्च को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए एक इंट्रा-स्क्वॉड मैच में सलिल अरोड़ा ने सबका ध्यान खींचा.
डेथ ओवर्स में बल्लेबाजी करने उतरे सलिल ने सिर्फ 16 गेंदों में 47 रन ठोक दिए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 300 से भी ज्यादा का रहा. इस धमाकेदार पारी के दौरान सलिल ने लगातार 5 गेंदों पर 5 छक्के जड़ दिए, जो देखने लायक था. उन्होंने जयदेव उनादकट के ओवर की आखिरी 2 गेंदों पर छक्के जमाए. फिर अगले ओवर में लगातार 3 छक्के और जड़ दिए.
WILDFIRE has a 🆕 name 🔥😍 pic.twitter.com/IUIKnHNUS5
— SunRisers Hyderabad (@SunRisers) March 21, 2026
कौन हैं सलिल अरोड़ा?
सलिल अरोड़ा घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए खेलते हैं और पहले भी अपनी बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर चुके हैं. हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने झारखंड के खिलाफ 39 गेंदों में शतक जड़ा था और 45 गेंदों में नाबाद 125 रन बनाए थे. आईपीएल 2026 के ऑक्शन में सलिल ने खुद को 30 लाख के बेस प्राइस पर रखा था.
कई टीमों ने उनमें दिलचस्पी दिखाई, लेकिन आखिर में सनराइजर्स हैदराबाद ने 5 गुना ज्यादा कीमत 1.50 करोड़ रुपये में उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया. सलिल के धमाकेदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इस सीजन आईपीएल में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है. अब देखना दिलचस्प होगा कि वह आईपीएल 2026 के मैचों क्या कमाल दिखाते हैं.










