IND vs AFG Test Day 2 Report: टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट मैच में अपना शिकंजा कसना शुरु कर दिया है. दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए आधी अफगानिस्तान टीम को पवेलियन भेज दिया है. दूसरे दिन की शुरुआत भारतीय बल्लेबाजों ने की. टीम इंडिया ने 564 रनों से स्कोर पर पारी को घोषित करते हुए अफगानिस्तान को बल्लेबाजी का न्योता दिया. मेहमान टीम की बल्लेबाजी शुरुआत से ही लड़खड़ाती हुई नजर आई और टीम ने महज 113 रनों के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए हैं. मैच का तीसरा दिन अफगानिस्तान के लिए निर्णायक साबित हो सकता है.
मुल्लांपुर में दिखा भारतीय बल्लेबाजों का कहर
टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में दूसरे दिन अपनी पारी को आगे बढ़ाना शुरू किया. टीम के लिए ऋषभ पंत और शुभमन गिल की जोड़ी बल्लेबाजी करने के लिए उतरी. शुभमन गिल अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा पाए और 126 के स्कोर पर आउट हो गए. इसके बाद पंत और वाशिंगटन सुंदर ने भी अर्धशतक जड़ दिए. कप्तान शुभमन गिल ने 564 के स्कोर पर पारी को घोषित करने का फैसला किया. अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद सलीम सैफी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए.
मानव सुथार के लिए हुआ डेब्यू यादगार
बल्ले के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद से भी कमाल किया. अफगानिस्तान को सधी हुई शुरुआत मिली लेकिन टीम को मानव सुथार ने 28 रन पर पहला झटका दिया. इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला रुका ही नहीं. यादगार डेब्यू करते हुए मानव सुथार ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट अपने नाम कर लिए हैं तो वहीं प्रसिद्ध कृष्णा भी 2 विकेट ले चुके हैं.
तीसरे दिन टीम इंडिया के लिए इस मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत करने का मौका होगा. जल्द से जल्द टीम इंडिया अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को आउट करना चाहेगी और फॉलोऑन देना चाहेगी. देखना होगा कि अफगानिस्तान के बल्लेबाज कितनी देर तक भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक पाएंगे.