कमाल लाजवाब डेब्यू! मानव सुथार के लिए पहला मैच बना यादगार, बने 25 साल में ऐसा करने वाले पहले भारतीय
IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में भारत के 23 साल के युवा खिलाड़ी मानव सुथार ने डेब्यू किया है. उनके लिए ये डेब्यू मैच काफी यादगार रहा. पहले ही मैच में उन्होंने गेंद के साथ-साथ बल्ले से हर किसी को प्रभावित किया. इसी के साथ वो एक अद्भुत कारनामा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
IND vs AFG: टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 564 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके बाद गेंदबाजी में भारतीय गेंदबाजों ने कमाल की लाइन लेंथ दिखाते हुए सस्ते में अफगानी बल्लेबाजों को आउट करना शुरू कर दिया. इस मैच में टीम इंडिया के लिए मानव सुथार ने डेब्यू किया है. घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन को देखते हुए उनको टीम इंडिया में डेब्यू का मौका मिल पाया है. सुथार के लिए ये मुकाबला यादगार बन गया है और उन्होंने एक ऐसा कीर्तिमान हासिल कर लिया है जो कि बीते 25 सालों के इतिहास में कोई भी भारतीय क्रिकेटर नहीं कर पाया था.
मानव सुथार को शुभमन गिल ने अफगानिस्तान की बल्लेबाजी के छठे ओवर में गेंदबाजी करने का मौका दिया. 23 साल के युवा ऑलराउंडर ने अपने पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर विकेट हासिल कर इतिहास रच दिया. उन्होंने अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज अब्दुल मलिक का विकेट चटकाया. स्वीप मारने के चक्कर में अब्दुल मोहम्मद सिराज को कैच थमा बैठे. इसी के साथ बीते 25 साल में मानव सुथार भारत के लिए टेस्ट करियर के पहले ही ओवर में विकेट हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन गए. यहां देखें पहले ही मैच में विकेट हासिल करने वाले भरातीय खिलाड़ी…
खिलाड़ी
विपक्षी टीम
वर्ष
मोंटू बनर्जी
वेस्टइंडीज
1948
मनोहर हार्डिकर
वेस्टइंडीज
1958
वामन कुमार
पाकिस्तान
1961
चेतन शर्मा
पाकिस्तान
1984
डब्ल्यू. वी. रमन
वेस्टइंडीज
1988
निलेश कुलकर्णी
श्रीलंका
1997
टीनू योहानन
इंग्लैंड
2001
मानव सुथार
अफगानिस्तान
2026
बल्ले से भी किया शानदार प्रदर्शन
मानव सुथार ने बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन किया है. अफगानिस्तान के खिलाफ इस टेस्ट मैच के लिए कुछ और खिलाड़ियों को पहली बार स्क्वाड में शामिल किया गया था लेकिन केवल वो ही डेब्यू कर पाए. उन्होंने इस मैच में बल्लेबाजी के दौरान 41 गेंदों का सामना किया और 28 रनों की पारी खेली. इस पारी में उनके बल्ले से 2 चौके तो वहीं 2 छक्के निकले. खबर लिखे जाने तक उन्होंने 7 ओवर की गेंदबाजी की है जिसमें से 4 ओवर उन्होंने मेडन फेंके हैं.