
1 / 9
आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आप आराम से बैठे हों या लेटे हों और जैसे ही अचानक खड़े हुए, आंखों के सामने कुछ पल के लिए अंधेरा छा गया हो? कई लोग इसे मामूली बात समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन बार-बार ऐसा होना शरीर का एक संकेत भी हो सकता है. आखिर यह क्यों होता है, आइए समझते हैं आसान शब्दों में.

2 / 9
डॉक्टरों की भाषा में अचानक खड़े होने पर चक्कर या धुंधलापन महसूस होने को ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन (Orthostatic Hypotension) कहा जाता है. इसमें बैठी या लेटी अवस्था से उठते समय ब्लड प्रेशर थोड़ी देर के लिए गिर जाता है, जिससे दिमाग तक खून और ऑक्सीजन की आपूर्ति कम हो सकती है. इसके पीछे कई वजह हो सकती हैं, जिसके बारे में हमने नीचे की स्लाइड्स में बताया है.

3 / 9
शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन (Dehydration) इस समस्या का सबसे आम कारण है. जब शरीर में पर्याप्त नहीं होता, तो ब्लड वॉल्यूम घट जाता है. ऐसे में अचानक खड़े होने पर ब्लड प्रेशर गिर सकता है और चक्कर या अंधेरा महसूस हो सकता है.

4 / 9
कुछ दवाएं, खासकर ब्लड प्रेशर या पेशाब बढ़ाने वाली दवाएं, ब्लड प्रेशर को प्रभावित कर सकती हैं. इनके साइड इफेक्ट के कारण शरीर तुरंत संतुलन नहीं बना पाता, जिस कारण खड़े होते ही सिर हल्का लगना या आंखों के आगे अंधेरा छा सकता है.

5 / 9
साथ ही, दिल ठीक से खून पंप नहीं करता, तो दिमाग तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती. हार्ट वाल्व में खराबी या धड़कन का अनियमित होना भी खड़े होते ही चक्कर या अंधेरा आने की वजह बन सकता है.

6 / 9
कुछ न्यूरोलॉजिकल बीमारियां, जैसे पार्किंसन्स रोग, शरीर की ब्लड फ्लो और ब्लड प्रेशर रेगुलेट करने की क्षमता को प्रभावित कर सकती हैं. ऐसे मामलों में शरीर जल्दी प्रतिक्रिया नहीं दे पाता, जिससे खड़े होते समय चक्कर या अंधेरा दिखने की समस्या हो सकती है.

7 / 9
अगर शरीर में खून की कमी है, यानी रेड ब्लड सेल्स कम हैं, तो दिमाग तक ऑक्सीजन की आपूर्ति घट जाती है. एनीमिया (Anemia) से पीड़ित लोगों को कमजोरी, थकान और अचानक खड़े होने पर चक्कर आने की शिकायत हो सकती है.

8 / 9
यदि यह समस्या कभी-कभार हो तो सामान्य हो सकती है, लेकिन बार-बार चक्कर आना, बेहोशी, सीने में दर्द या तेज धड़कन जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें. समय पर जांच और सही इलाज से गंभीर हालात से बचा जा सकता है.

9 / 9
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है. (Image: Pexels)