
1 / 8
T20 World Cup 2026: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कमाल का प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 तक का सफर तय कर लिया है. विजयी रथ पर सवार भारतीय टीम का अब अगला लक्ष्य सेमीफाइनल में जगह बनाना है. यहां जानिए सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को कितने सुपर-8 मैच जीतने होंगे?

2 / 8
T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया अभी तक अजेय रही है और ग्रुप स्टेज में अपने सभी चार मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बना ली है. लेकिन अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम की असली परीक्षा शुरू होने वाली है. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को तीन कड़े मुकाबले खेलने है, जिसमें उसकी टक्कर साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से होगी.

3 / 8
भारत की तरह इन तीन टीमों ने भी अभी तक इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया और अच्छी लय में नजर आ रही है. यानी ये टीमें भारत के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल कर सकती हैं. ऐसे में अब बड़ा सवाल यह है कि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को कितने सुपर-8 मैच जीतने होंगे? तो चलिए जानते हैं सेमीफाइनल का पूरा समीकरण.

4 / 8
भारत ने ग्रुप स्टेज में एक भी मैच नहीं हारा है. टीम इंडिया ने अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ 29 रन की जीत के साथ की थी. इसके बाद नामीबिया को 93 रन से हराया और फिर पाकिस्तान के खिलाफ 61 रन की बड़ी जीत दर्ज की. वहीं, अपने आखिरी मैच में भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रन से मात दी. अब सुपर-8 में भारत को असली टक्कर मिलेगी, खासकर साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच को सबसे कठिन माना जा रहा है.

5 / 8
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया था. पहले राउंड के बाद 12 टीमों का सफर यहीं खत्म हो गया और अब सिर्फ 8 टीमें खिताब की दौड़ में बची हैं, जिनके बीच सुपर-8 के मुकाबले खेले जा रहे हैं. इन 8 में से सिर्फ चार टीमें ही सेमीफाइनल में पहुंचेगी. यानी सुपर 8 के बाद चार और टीमों का टूर्नामेंट खत्म हो जाएगा और खिताब की जंग और भी रोमांचक हो जाएगी.

6 / 8
सुपर-8 में दो ग्रुप हैं और हर टीम को तीन-तीन मैच खेलने हैं. अगर टीम इंडिया अपने तीनों मैच जीत लेती है, तो सीधे सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो जाएगा. अगर भारत तीन में से दो मैच जीतता है, तब भी सेमीफाइनल की उम्मीद मजबूत रहेगी, लेकिन यहां नेट रन रेट का खेल शुरू होगा. यानी सिर्फ जीत काफी नहीं, जीत का अंतर भी मायने रखेगा. टॉप-4 में जगह बनाने के लिए कम से कम दो जीत जरूरी मानी जा रही है.

7 / 8
सुपर-8 में भारत का शेड्यूल
रविवार, 22 फरवरी- भारत बनाम साउथ अफ्रीका, नरेंद्र मोदी स्टेडियम (अहमदाबाद), शाम 7 बजे (IST)
गुरुवार, 26 फरवरी- भारत बनाम जिम्बाब्वे, एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेन्नई), शाम 7 बजे (IST)
रविवार, 01 मार्च- भारत बनाम वेस्टइंडीज, ईडन गार्डन्स (कोलकाता), शाम 7 बजे (IST)

8 / 8
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, संजू सैमसन, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज.