
1 / 10
क्रिकेट की दुनिया में स्टीव बकनर की छवि हमेशा विवादित अंपायर की रही है. सचिन तेंदुलकर को गलत आउट देने के कारण वह कई सालों तक भारतीय फैंस के निशाने पर रहे. हालांकि, अब करीब 22 साल बाद बकनर ने उन गलत फैसलों के लिए माफी मांगी है.

2 / 10
Sachin Tendulkar: क्रिकेट इतिहास के सबसे विवादित पलों में से एक पर से आखिरकार 22 साल बाद पर्दा हट गया है. क्रिकेट फैंस को आज भी वह पल याद होगा, जब 2003-04 की ऑस्ट्रेलिया सीरीज में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को वेस्टइंडीज के अंपायर स्टीव बकनर ने विवादास्पद तरीके से आउट दे दिया था. इस घटना ने न केवल उस मैच को बल्कि पूरे क्रिकेट जगत को हिला कर रख दिया था.

3 / 10
वेस्टइंडीज के पूर्व अंपायर स्टीव बकनर के गलत फैसलों के कारण क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को अपने करियर में कई बार पवेलियन लौटने पर मजबूर होना पड़ा था. बकनर ने पांच दिनों के भीतर दो बार सचिन को गलत आउट करार दिया था. इन विवादित फैसलों के चलते बकनर को भारतीय फैंस की कड़ी आलोचना झेलनी पड़ी थी.

4 / 10
उस समय डिसिजन रिव्यू सिस्टम (DRS) भी नहीं था, इसलिए फैसले पलटे नहीं जा सकते थे और सचिन हर बार फैसले का सम्मान करते हुए बिना विवाद के पवेलियन लौट जाते थे, जिससे फैंस के दिल में कसक रह जाती थी. हालांकि, अब लगभग 22 साल बाद, स्टीव बकनर ने अपनी गलती मान ली है और उन गलत फैसलों को मानवीय भूल बताया है.

5 / 10
दरअसल, यह घटना साल 2003-04 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ब्रिस्बेन टेस्ट में हुई थी. मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी की गेंद सचिन के पैड पर लगी और जोरदार अपील हुई. अंपायर बकनर ने उंगली उठाते हुए सचिन को LBW आउट दे दिया.

6 / 10
सचिन सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि रिप्ले में साफ दिख रहा था कि गेंद स्टंप्स के ऊपर से गुजर रही थी. कमेंटेटर टोनी ग्रेग ने इसे लाइव कमेंट्री में “भयानक फैसला” बताया था. इस फैसले ने भारतीय फैंस को हिला कर रख दिया था. लेकिन इसके दो साल बाद बकनर ने फिर सचिन को गलत आउट दिया.

7 / 10
यह विवादित घटना 2005 में सिडनी में हुई. पाकिस्तान के अब्दुल रज्जाक की गेंद पर सचिन को कैच आउट दे दिया गया, जबकि गेंद उनके बल्ले से काफी दूर से जा रही थी. इन दोनों फैसलों के बाद स्टीव बकनर भारतीय फैंस के निशाने पर आ गए. सोशल मीडिया के दौर से पहले भी उन पर पक्षपात के आरोप लगे और उन्हें कभी-कभी ‘बेईमान अंपायर’ तक कहा गया.

8 / 10
अब 79 साल के बकनर ने वेस्टइंडीज क्रिकेट अंपायर्स एसोसिएशन को इंटरव्यू में कहा कि यह उनकी गलती थी. उन्होंने साफ कहा, “सचिन तेंदुलकर को LBW देना मेरी भूल थी. जिंदगी में गलतियां होती हैं और यह भी वही थी.” यह बकनर का यह कबूलनामा उन भारतीय फैंस के लिए बड़ा पल है, जो सालों से उस फैसले को क्रिकेट की बड़ी चूक मानते रहे हैं.

9 / 10
कुल 128 टेस्ट और 181 वनडे में अंपायरिंग कर चुके स्टीव बकनर ने कहा कि अब DRS की वजह से अंपायरिंग में काफी सुधार आया है. उन्होंने उन अंपायरों से भी अपील की जो इस प्रणाली का विरोध कर रहे हैं कि वे इसे फिर से गंभीरता से सोचें.

10 / 10
वहीं, सचिन ने पिछले साल एक Ask Me Anything सेशन में इसे मजाकिया अंदाज में याद किया. उन्होंने हंसते हुए कहा, “जब मैं बल्लेबाजी कर रहा होता था, तो मुझे बॉक्सिंग ग्लव्स पहन लेना चाहिए था, ताकि उंगली न उठ सके.”