
1 / 9
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त को लेकर किसानों में उत्सुकता बढ़ती जा रही है. इस बीच एक अहम जानकारी सामने आई है कि कुछ किसानों को इस बार 2,000 रुपये के बजाय 3,000 रुपये मिल सकते हैं. यह फैसला सरकार की ओर से घोषित किया गया है. आइए आसान भाषा में समझते हैं पूरी जानकारी, ताकि आप किसी भी जरूरी अपडेट से न चूकें.

2 / 9
किन किसानों को मिलेंगे 3,000 रुपये?- बिहार सरकार ने घोषणा की है कि राज्य के किसानों को अब अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसका मतलब यह है कि पीएम किसान योजना की नियमित राशि के साथ राज्य सरकार भी सहयोग करेगी. इससे बिहार के किसानों को हर किस्त में 2,000 रुपये के बजाय 3,000 रुपये मिलेंगे और सालाना कुल सहायता 6,000 से बढ़कर 9,000 रुपये हो जाएगी.

3 / 9
वित्त मंत्री ने बजट में किया ऐलान- राज्य विधानसभा में बजट पेश करते समय वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि के अतिरिक्त राज्य सरकार भी किसानों को सालाना 3,000 रुपये देगी. यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए भेजी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की बिचौलिया व्यवस्था खत्म हो और पैसा सीधे लाभार्थी तक पहुंचे.

4 / 9
फार्मर आईडी अब जरूरी- पीएम किसान योजना का लाभ जारी रखने के लिए अब फार्मर आईडी अनिवार्य कर दी गई है. यानी हर किसान को अपनी किसान पहचान बनवानी होगी. इसके लिए ब्लॉक और पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां किसान अपना पंजीकरण करा सकते हैं.

5 / 9
कब आएगी 22वीं किस्त?- फिलहाल सरकार की ओर से 22वीं किस्त की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. हालांकि संकेत मिल रहे हैं कि सरकार इस समय फार्मर आईडी और दस्तावेजों के सत्यापन पर ज्यादा ध्यान दे रही है. ऐसे में किस्त जारी होने से पहले जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.

6 / 9
कई किसानों के नाम सूची से हटे- कुछ राज्यों में लाभार्थियों की सूची में बदलाव किया गया है. उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश में करीब 19 लाख किसानों की 22वीं किस्त रोकी गई है. इसके अलावा राजस्थान समेत अन्य राज्यों में भी कई नाम हटाए गए हैं.

7 / 9
क्यों रोकी जा रही है किस्त?- सरकारी जांच में ऐसे मामलों की पहचान हुई है जो योजना के पात्रता मानकों पर खरे नहीं उतरते. जैसे 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन का स्वामित्व पाने वाले किसान या एक ही परिवार के एक से अधिक सदस्य द्वारा योजना का लाभ लेना. ऐसे मामलों को सत्यापन के लिए चिन्हित किया गया है और जांच पूरी होने तक किस्त रोकी जा सकती है.

8 / 9
Beneficiary List में ऐसे चेक करें नाम- किसान अपना नाम लाभार्थी सूची में ऑनलाइन देख सकते हैं. इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर “Beneficiary List” विकल्प चुनना होगा. यहां से आप अपनी स्थिति की जानकारी ले सकते हैं.

9 / 9
गांववार सूची देखने का तरीका- पोर्टल पर राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव का चयन करने के बाद “Get Report” पर क्लिक करें. इसके बाद गांववार लाभार्थियों की पूरी सूची सामने आ जाएगी. किसान इसमें अपना नाम खोजकर यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उन्हें अगली किस्त मिलेगी या नहीं.