
1 / 7
IND vs SA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारतीय टीम अपने पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी. दोनों टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. वहीं, इस मैच में टीम इंडिया के 3 गेंदबाजों के पास इतिहास रचने का मौका होगा.

2 / 7
India vs South Africa, T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में टीम इंडिया का पहला मुकाबला रविवार, 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका से होगा. 2024 टी20 वर्ल्ड कप की दोनों फाइनलिस्ट टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. वहीं, इस मैच 3 भारतीय गेंदबाजों के पास पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का महारिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रचने का मौका है.

3 / 7
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के नाम दर्ज है. उन्होंने 2012 से 2022 तक खेले कुल 24 टी20 वर्ल्ड कप मैचों में 32 विकेट हासिल किए. लेकिन अब जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या इस रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए हैं और जल्द ही ये बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.

4 / 7
मौजूद समय में टीम इंडिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज अर्शदीप सिंह इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के बेहद करीब हैं. 27 साल के अर्शदीप टी20 वर्ल्ड कप में अब तक खेले सिर्फ 17 मैचों में ही 30 विकेट चटा चुके हैं. ऐसे में अगर वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 विकेट लेने में कामयाब होते हैं, तो वह अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे और भारत के सबसे सफल टी20 वर्ल्ड कप गेंदबाज बन जाएंगे.

5 / 7
टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद और अनुभवी गेंदबाज बुमराह भी अश्विन के इस रिकॉर्ड के बेहद करीब हैं. 32 साल के बुमराह ने अब तक भारत के लिए 90 टी20I मैचों में 111 विकेट हासिल किए हैं. वहीं, टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 21 मैचों में 30 विकेट झटके हैं. ऐसे में बुमराह भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में 3 विकेट लेते ही अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे और नया इतिहास रच सकते हैं.

6 / 7
बुमराह और अर्शदीप के अलावा, इस लिस्ट में स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का नाम भी शामिल है. हार्दिक टी20 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ-साथ घातक गेंदबाजी के लिए भी जाने जाते हैं. 32 साल के हार्दिक अब तक टी20 वर्ल्ड कप में खेले 28 मैचों की 25 पारियों में 29 विकेट ले चुके हैं. ऐसे में अगर वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में 4 विकेट लेने में सफल रहते हैं तो वह अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे.

7 / 7
बता दें कि, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक अजेय रही है और अपने ग्रुप स्टेज के सभी चार मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बनाई है. अब भारत की नजरें साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मैच में जीत हासिल कर सेमीफाइनल के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने पर टिकी होगी.