Live Updates
भारत के एक्शन के बाद पाकिस्तान में खलबली! शाहबाज शरीफ ने भी बुलाई बैठक
जम्मू कश्मीर में आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ 5 बड़े फैसले लिए। इसके बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मोहम्मद शहबाज शरीफ ने गुरुवार सुबह 24 अप्रैल 2025 को राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई है।
कोलकाता पहुंचा समीर गुहा का पार्थिव शरीर, पहलगाम आतंकी हमले में गई थी जान
पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए जे.एस. चंद्रमौली को CM एन. चंद्रबाबू नायडू ने दी श्रद्धांजलि
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए इंदौर के सुशील नथानियल का पार्थिव शरीर पहुंचा पैतृक आवास
2 घंटे से चल रही है CCS की बैठक, लिए जा सकते हैं बड़े फैसले
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर CCS की बैठक चल रही है। इस बैठक में तीनों सेना प्रमुख, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, वित्त मंत्री शामिल हैं। यह बैठक 2 घंटे से चल रही है।
पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का अंतिम संस्कार
पीएम मोदी के आवास पर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, शुरू हुई बैठक
मरने वालों के परिजनों को 5 लाख रुपये- सीएम फडणवीस ने की घोषणा
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने पहलगाम में आतंकवादी हमले के दौरान अपने प्रियजनों को खोने वाले 6 परिवारों को 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देगी। घायलों को 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। कश्मीर में महाराष्ट्र के पर्यटकों को वापस लाने के लिए एक विशेष उड़ान की व्यवस्था की जा रही है और राज्य सरकार इसका खर्च वहन करेगी।
आतंकियों को मुंहतोफ जवाब देंगे- आतंकी हमले पर बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पहलगाम में कायरतापूर्ण कृत्य में हमने कई निर्दोष लोगों की जान गंवाई। हम बहुत व्यथित हैं। मैं उन परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। मैं आतंकवाद के खिलाफ भारत के संकल्प को दोहराना चाहता हूं। आतंकवाद के प्रति हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है।
उन्होंने कहा कि मैं देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी। हम न केवल इस कृत्य के दोषियों तक पहुंचेंगे बल्कि पर्दे के पीछे के लोगों तक भी पहुंचेंगे। आरोपियों को जल्द ही जोरदार और स्पष्ट जवाब मिलेगा, मैं देश को आश्वस्त करना चाहता हूं।"
बांग्लादेश की तरफ से पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की
कश्मीर शर्मिंदा है: पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती
पहलगाम आतंकी हमले पर PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा, 'जो कल पहलगाम में हमला हुआ वह केवल मासूम पर्यटकों पर हमला भर नहीं था बल्कि जम्मू कश्मीर के लोगों पर हमला था। हम इसकी निंदा करते हैं। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री यहां आए हुए हैं, मेरी उनसे अपील है कि वे पता लगाएं कि इसमें कौन लोग शामिल थे ताकि उन्हें जल्द से जल्द सजा दी जाए। मैं आपसे शर्मिंदा हूं, कश्मीरी आपसे शर्मिंदा हैं कि आप यहां आए और आपके साथ इतना बड़ा हादसा हुआ। इस समय हमें सियासत करने की जरूरत नहीं है। मैं एक बार फिर अपने देश के लोगों से माफी मांगना चाहती हूं और शर्मिंदगी जाहिर करना चाहती हूं।'
जम्मू-कश्मीर में फंसे यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन की सुविधा
रेलवे की ओर से पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में फंसे हुए यात्रियों की सहायता और अतिरिक्त भीड़ को कंट्रोल करने के लिए एसएमवीडी कटरा से नई दिल्ली के लिए एक विशेष ट्रेन सेवा शुरू की गई है। टिकट कटरा, उधमपुर और जम्मू स्टेशनों से काउंटर पर उपलब्ध होंगे। विशेष ट्रेन संख्या का नंबर 04612 है और ये ट्रेन माता वैष्णो देवी (एसएमवीडी) कटरा से 9:20 बजे रवाना होगी। यह विशेष ट्रेन अतिरिक्त यात्री भार को कम करने और नई दिल्ली तक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ट्रेन सुबह 09:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। साथ ही, रामबन में राष्ट्रीय राजमार्ग को एकतरफा आधार पर चालू कर दिया गया है। कश्मीर और जम्मू में फंसे यात्री इस विशेष ट्रेन का उपयोग कर सकते हैं।
हमारे देश की एकता और अखंडता पर कायराना हमला: कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा निर्दोष पर्यटकों की हत्या से हमें गहरा दुःख और सदमा पहुंचा है। कांग्रेस पार्टी कड़े से कड़े शब्दों में इस कायराना कृत्य की निंदा करती है। यह हमला हमारे देश की एकता और अखंडता पर कायराना हमला है। मैंने कल देर रात गृहमंत्री अमित शाह, जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुलाह और जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ नेताओ से बात की। ये समय कोई राजनीति करने का नहीं है, हमारे पर्यटक जो इस नरसंहार में मरे हैं, उनको न्याय दिलाने का है।
जमीअत उलमा-ए-हिंद ने हमले का किया विरोध
जमीअत उलमा-ए-हिंद अध्यक्ष अरशद मदनी ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि जमीअत उलमा-ए-हिंद इस हमले में मरने वालों के परिवारों के दुख में बराबर की शरीक है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है। कश्मीर में अत्यधिक निगरानी के बावजूद आतंकवादियों द्वारा हत्या और लूटमार का बाजार गर्म करके भाग निकलना आश्चर्यजनक है।
शांति व्यवस्था को आग लगाने वाली ताकतें अपने नापाक इरादों में सफल हो गईं। जमीअत उलमा-ए-हिंद विशेष रूप से धर्म के आधार पर आपराधिक कार्रवाई को देश और देश की शांति व्यवस्था के लिए बर्बादी का कारण समझती है। मस्जिदों से इस प्रकार की हरकतों से घृणा की घोषणा यह बता रहा है कि कश्मीर का आम मुसलमान कश्मीर में शांति व्यवस्था को बढ़ावा देना चाहता है और उसके दिल में धर्म से ऊपर उठकर भाईचारा और सहानुभूति का जज्बा जिंदा है।
EaseMyTrip ने पर्यटकों को दी बढ़ी राहत
EaseMyTrip के संस्थापक एवं अध्यक्ष निशांत पिट्टी ने पहलगाम हमले के बाद पर्यटकों को राहत देते हुए बड़ा ऐलान किया है। निशांत पिट्टी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'श्रीनगर में चल रही स्थिति के मद्देनजर हम श्रीनगर से आने-जाने वाले ग्राहकों की सहायता करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हम समझते हैं कि इस स्थिति के कारण अनिश्चितता हो सकती है और हम आपकी यात्रा योजनाओं में किसी भी असुविधा को कम करने के लिए यहां मौजूद हैं। फ्लेक्सिबिलिटी सुनिश्चित करने के लिए हमने 22 अप्रैल को या उससे पहले की गई सभी बुकिंग में परिवर्तन और रद्द करने के लिए ली जाने वाली राशि को फ्री करते हुए इसे 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है। इसके अतिरिक्त, हम एयरलाइंस और स्थानीय अधिकारियों के साथ कोऑर्डिनेशन बनाए हुए हैं और नियमित अपडेट साझा करेंगे। आपकी सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'
आतंकियों की पहली तस्वीर सामने आई
पहलगाम आतंकी हमले के आतंकियों की पहली तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर में चार दहशतगर्द हथियार के साथ दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये तस्वीर काफी पुरानी है और इस तस्वीर में दाएं तरफ से दूसरा आतंकी पहले ही मर चुका है। वह गगेंगीर हमले में शामिल था और मारा गया था।
हम सभी के लिए एक कठिन घड़ी: ममता बनर्जी
पहलगाम आंतकी हमले के बाद पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट कर हमले में मारे गए राज्य को लोगों के बारे में जानकारी दी। ममता बनर्जी ने एक्स पोस्ट में लिखा, हमें उपलब्ध कराई गई लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, हमारे राज्य के 3 लोग इस दुर्भाग्यपूर्ण कश्मीर हिंसा में मारे गए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर हमारे प्रशासन द्वारा पीड़ितों के परिवार के सदस्यों की मदद करने और कोलकाता तक उनकी आगे की यात्रा के लिए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। फ्लाइट आज शाम 8.30 बजे कोलकाता पहुंचेगी। दिल्ली में हमारे रेजिडेंट कमिश्नर का कार्यालय परिवार के सदस्यों के संपर्क में है। मैं व्यक्तिगत रूप से देखरेख कर रही हूं और हमारे वरिष्ठ अधिकारी काम कर रहे हैं। यह हम सभी के लिए एक कठिन घड़ी है। पश्चिम बंगाल के पीड़ित हैं: बितान अधिकारी (बैष्णभघाटा, कोलकाता), समीर गुहा (साखर बाजार, कोलकाता), और मनीष रंजन (झालदा, पुरुलिया)। उनके परिवारों के लिए संवेदना व्यक्त करने के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है, हालांकि मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। हम उनके परिवारों के साथ खड़े हैं।
आतंकी हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: अमित शाह
पहलगाम आतंकी हमले के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में गृह मंत्री ने लिखा, 'भारी मन से पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा। इस कायराना आतंकी हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
बोकारो से एक युवक गिरफ्तार
पहलगाम आतंकी हमले पर विवादित पोस्ट करने के मामले में झारखंड के बोकारो से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी युवक ने विवादित पोस्ट में आतंकवादियों को धन्यवाद दिया था।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने सहायता राशि की घोषणा की, शाह घटनास्थल पर पहुंचे
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए और घायल हुए लोगों के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार ने सहायता राशि की घोषणा की है। जम्मू-कश्मीर सरकार के अनुसार, मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहलगाम आतंकी हमले के घटनास्थल बैसरन पहुंच गए हैं।
आतंकवाद विरोधी अभियानों को और तेज करने का आदेश
रक्षा सूत्र के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी सहित सेना प्रमुखों द्वारा पहलगाम में कल हुए आतंकी हमले के बाद कश्मीर घाटी में मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी जा रही है। शीर्ष अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है और स्थानीय टुकड़ियों को अलर्ट रहने और आतंकवाद विरोधी अभियानों को और तेज करने को कहा गया है। सर्च और डिस्ट्रॉय ऑपरेशन चलाने के लिए हमले वाली जगह के पास के इलाकों में और अधिक सैनिकों को तैनात किया गया है।
आतंकी हमले वाली जगह पहुंची NIA
पहलगाम आतंकी हमले वाली जगह पर एनआईए की टीम पहुंच चुकी है। NIA की फॉरेंसिक टीम मौके से सबूत इक्कठा करने में जुटी हुई है। साथ ही घटनास्थल के आसपास की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है। हमले के वक्त जो लोग मौके पर मौजूद थे, उनके बयान लिए जा रहे हैं। एनआईए चश्मदीदों से आतंकियों के हुलिये की जानकारी ले रही। गृह मंत्री अमित शाह दोपहर को पहलगाम पहुंचेंगे, जहां पुलिस-एनआईए और अन्य सुरक्षा एजेंसियां उन्हें हमले की डिटेल देंगे।
श्रीनगर में पीड़ित परिवारों से मिले अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने श्रीनगर में पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर बिहार में महागठबंधन की बैठक रद्द
बिहार में आज महागठबंधन की दूसरी बैठक होने वाली थी। बैठक राजद सुप्रीमो लालू यादव के सरकारी आवास पर होने वाली थी। बैठक का समय दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर रखा गया था, लेकिन पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के कारण आज की बैठक रद्द कर दी गई है।
आतंकी हमले के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन
पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकवादी हमले के खिलाफ भाजपा नेताओं के साथ विभिन्न हिंदू संगठनों के सदस्यों ने विरोध-प्रदर्शन किया।
उम्मीद है कि सरकार इन आतंकवादियों को कड़ी सजा देगी: ओवैसी
पहलगाम आतंकी हमले की AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कड़ी निंदा की। साथ ही उम्मीद जताई कि सरकार आतंकवादियों को दंडित करेगी। उन्होंने कहा, 'कल पहलगाम में जो कुछ हुआ, हम उसकी कड़ी निंदा करते हैं और हमें उम्मीद है कि सरकार इन आतंकवादियों को दंडित करेगी। हम उन सभी परिवारों के साथ खड़े हैं जो आतंकवादियों द्वारा मारे गए और घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। यह घटना उरी और पुलवामा हमलों से भी अधिक निंदनीय है। इस बार आतंकवादियों ने नागरिकों को निशाना बनाया। यह नरसंहार है।'
अमित शाह ने श्रीनगर में मृतकों को दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच गए हैं, जहां उन्होंने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। वह अस्पताल में भर्ती घायलों से भी मिलेंगे और बाद में पहलगाम भी जाएंगे। उनके दिल्ली लौटने के बाद CCS की बैठक होगी।
पार्थिव शरीर को ले जाने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था
अधिकारियों ने पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के पार्थिव शरीर को ले जाने के लिए एक विशेष उड़ान की व्यवस्था की है।
4 विशेष विमानों का इंतजाम
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने एयरलाइन कंपनियों को श्रीनगर से आने जाने वाले यात्रियों के लिए उचित किराया रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने एयरलाइंस कंपनियों को नियमित किराया रखने का निर्देश है। साथ ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने पहलगाम पीड़ितों के लिए चार विशेष विमानों का इंतजाम किया है। दो फ्लाइट कश्मीर से दिल्ली के लिए, जबकि दो फ्लाइट कश्मीर से मुंबई के लिए संचालित की जाएंगी। नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू निजी तौर पर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
मृतकों के शव श्रीनगर एयरपोर्ट पहुंचे, देश में शोक की लहर
पूरा देश निर्दोष पर्यटकों की दुखद मौत पर शोक मना रहा है। इस बीच आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों के शव श्रीनगर हवाई अड्डे पर लाए गए हैं। पीड़ितों और पर्यटकों को उनके घर वापस ले जाने के लिए कई राज्यों के सरकार के प्रतिनिधि श्रीनगर पहुंचे हैं। सिद्धारमैया सरकार की ओर से कर्नाटक के मंत्री संतोष लाड श्रीनगर पहुंचे, वहीं अन्य राज्यों के मंत्री और अधिकारी भी एयरपोर्ट पर मौजूद हैं। श्रीनगर हवाई अड्डे के बाहर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है, इसलिए एयर इंडिया ने घाटी से पर्यटकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आज दिल्ली और मुंबई के लिए दो-दो अतिरिक्त फ्लाइट शुरू की है।
हरसंभव मदद मुहैया कराएंगे: नेपाल के पीएम ओली
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। नेपाल आतंकवाद से निपटने की इस जंग में भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। इस हमले के पीड़ितों में नेपाली नागरिक के होने की रिपोर्ट्स को सत्यापित कर रहे हैं और हरसंभव मदद मुहैया कराएंगे।
निर्मला सीतारमण ने भी रद्द की अपनी अमेरिकी यात्रा, जल्द लौटेंगी भारत
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपनी अमेरिकी यात्रा बीच में ही रद्द कर दी है। वह भी जल्द ही भारत लौट रही हैं। बताया जा रहा है कि पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर बुलाई गई कैबिनेट की सुरक्षा मामलों (CCS) की बैठक में वह शामिल हो सकती है। पीएम नरेंद्र मोदी इस बैठक की अगुवाई करेंगे। सुबह 11 बजे कैबिनेट के सुरक्षा मामलों की बैठक होगी।
सेना ने नाकाम की घुसपैठ की कोशिश
पहलगाम आतंकी हमले के बीच उरी सेक्टर के बारामूला के सरजीवन में सेना ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम की है। सेना का सर्च ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि 2 से 3 आतंकी एलोसी पार करने की कोशिश कर रहे थे।
श्रीनगर पहुंची NIA की टीम
पहलगाम हमले को लेकर नेशनल इन्वेस्टिगेटिंग एजेंसी (NIA) की टीम श्रीनगर पहुंच गई है। राष्ट्रीय एजेंसी जल्द ही आतंकी घटना वाली जगह पहुंचकर संबंधित जांच एजेंसियों को सहयोग करेगी। आतंकियों के खिलाफ आज बड़ा ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। वहीं, आर्मी, सीआरपीएफ, एसओजी और जम्मू पुलिस ने पूरे इलाके को घेर रखा है। हेलीकॉप्टर और ड्रोन का इस्तेमाल कर आतंकियों की तलाश की जा रही है। पहलगाम में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन खत्म होने का बाद एनआईए की टीम लोकेशन पर पहुंचेगी।
अमित शाह जीएमसी अनंतनाग और पहलगाम का करेंगे दौरा
मृतक पर्यटकों के शवों को पुलिस नियंत्रण कक्ष श्रीनगर ले जाया जा रहा है, जहां गृह मंत्री अमित शाह उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिवारों से भी मिलेंगे। इसके बाद शाह जीएमसी अनंतनाग और पहलगाम का दौरा कर सकते हैं।
पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर की आपात बैठक
प्रधानमंत्री ने भारत पहुंचते ही हवाई अड्डे पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री और विदेश सचिव के साथ एक आपात बैठक की। इस बैठक में कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई।
न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री ने की हमले की निंदा, कहा- हम भारत के साथ
न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की और कहा कि इस कठिन समय में हम भारत के साथ खड़े हैं। विंस्टन पीटर्स ने 'एक्स' पर लिखा, 'न्यूजीलैंड कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता है। हम पीड़ितों, उनके परिवारों और भारतीय लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम इस कठिन समय में अपने भारतीय मित्रों के साथ खड़े हैं।'
सिर्फ निंदा करना पर्याप्त नहीं, कार्रवाई की जरूरत: श्री श्री रविशंकर
पहलगाम में हुए आतंकी हमले में लोगों की मौत पर पूरा देश शोक मना रहा है। ऐसे में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि केवल निंदा करना अब पर्याप्त नहीं है। श्री श्री रविशंकर ने कहा, 'दुख और गुस्से की इस घड़ी में पूरी दुनिया को एक साथ मिलकर आतंकवादियों को उनकी जगह दिखानी चाहिए। हर समझदार व्यक्ति इसकी निंदा करेगा, लेकिन अब केवल निंदा करना ही पर्याप्त नहीं है; कार्रवाई की जरूरत है। सभी को एक साथ आकर ऐसे लोगों को घेरना चाहिए, जिन्हें इस तरह की आतंकी मानसिकता में ढाला गया है। दुनिया में जहां भी इस तरह की मानसिकता को बढ़ावा दिया जा रहा है, उसे जड़ से खत्म किया जाना चाहिए। इस अमानवीय व्यवहार से निर्दोष लोगों की जान को निशाना बनाया जा रहा है, जिसे खत्म किया जाना चाहिए। दुख की इस घड़ी में आइए हम सभी पीड़ित परिवारों की शक्ति के लिए प्रार्थना करें।'
पीड़ितों के परिवारों को न्याय और पूरी सहायता मिलनी चाहिए: राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 'X' पर लिखा, 'गृह मंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक कर्रा से पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बारे में बात की और स्थिति पर अपडेट जानकारी ली। पीड़ितों के परिवारों को न्याय और हमारी पूरी सहायता मिलनी चाहिए।'
पुणे के पति-पत्नी आतंकी हमले में घायल
पुणे के संतोष जगदाले और उनकी पत्नी को आतंकी हमले में गोली लगी है। फिलहाल उनका इलाज पहलगाम में ही चल रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फोन पर उनके परिवार से बात की है।
अमित शाह कर रहे सुरक्षा समीक्षा बैठक
गृह मंत्री अमित शाह घायल पर्यटकों को देखने के लिए जीएमसी अनंतनाग का दौरा कर सकते हैं। शाह फिलहाल राजभवन श्रीनगर में एक और सुरक्षा समीक्षा बैठक कर रहे हैं।
जम्मू में हाई अलर्ट
पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद मंगलवार को कई स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन भी हुए। जिस इलाके में हमला हुआ वह किश्तवाड़ जिले के चटरू इलाके से सटा हुआ है, जहां 10-11 अप्रैल को सुरक्षा बलों और पुलिस ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया था, जिनके बारे में माना जा रहा है कि वे विदेशी थे। उनके पास से एम-4 और एके सीरीज की राइफलों, गोला-बारूद और विस्फोटकों सहित बड़ी मात्रा में हथियार जब्त किए गए थे।
शिवसेना (यूबीटी) ने की ये मांग
शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि बस अब बहुत हो गया, हमारे निर्दोष नागरिक मारे जा रहे हैं। पहलगाम में जो हुआ उससे मन व्यथित है, प्रधानमंत्रीजी, गृहमंत्रीजी आपसे निवेदन है की पाकिस्तान को उसके घर में घुस के जवाब देने का समय आ गया है, देश एक साथ है, अब पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक हो या पूरे पाकिस्तान पर हमला भी करना पड़े तो तैयारी करनी चाहिए वरना देश हमें कभी माफ नहीं करेगा।
पहलगाम के बैसरन में पसरा सन्नाटा
पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद आज सुबह बैसरन की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया।
पीएम मोदी पहुंचे दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर अपनी सऊदी अरब यात्रा को बीच में ही छोड़कर दिल्ली पहुंच गए हैं।
पहलगाम टैक्सी एसोसिएशन ने की हमले की निंदा
पहलगाम टैक्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलजार अहमद वानी ने कहा कि 'मैं इस हमले की निंदा करता हूं। यह सिर्फ पर्यटकों का मामला नहीं है बल्कि हमारी आजीविका, हमारे परिवारों का मामला है। हम उन्हें पर्यटक नहीं मानते। ऐसा लगता है जैसे हमारे परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी गई हो। मैं सरकार से अनुरोध करता हूं कि इस मामले की तह तक जाए। पहलगाम हमेशा से शांतिपूर्ण रहा है और यह पर्यटन से चलता है।'
निकाली जा रही पर्यटकों की गाड़ियां
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद वहां आए पर्यटकों में डर का माहौल हैं। ऐसे में पहलगाम से एक के बाद एक पर्यटकों की गाड़ियों को निकाला जा रहा है। वहीं, एयर इंडिया और इंडिगो ने श्रीनगर से पर्यटकों को लाने के लिए अतिरिक्त उड़ानों की घोषणा की है।
जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के पहलगाम के बैसरन में मंगलवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ, जिसके बाद पूरे देश में आक्रोश है। आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हमले के मद्देनजर सऊदी अरब की ओर से आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज में पीएम मोदी ने हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने अपनी सऊदी यात्रा बीच में छोड़कर वापस आने का फैसला किया। वे सऊदी दौरे को बीच में छोड़कर नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री दो दिनों के दौरे के लिए सऊदी गए थे। आज कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की बैठक में प्रधानमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी की यूएस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ फोन पर बातचीत हुई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने श्रीनगर में हाई-लेवल मीटिंग की है। इस हमले से पूरे देश में आक्रोश है और आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
संबंधित खबरें
स्मिथ मच्छार की बहादुरी ने दिलाई इंडियन नैनी की याद, 9/11 हमले में बचाई थी 2 साल के इजरायली बच्चे की जान
1 hr agoCEC ज्ञानेश कुमार और SIR विवाद के बीच मुख्य चुनाव अधिकारी ने मांगी VRS, बोले-निजी फैसला
3 hrs agoपेंडिंग हैं चालान तो न बनेगा PUC और न रिन्यू होगा ड्राइविंग लाइसेंस, सुप्रीम कोर्ट का सख्त आदेश; ब्लैकलिस्ट होंगी गाड़ियां
5 hrs agoबचपन में कैसे थे कैप्टन स्मित मच्छार, दोस्त ने याद किए पुराने दिन; पड़ोसियों ने बताए परिवार के हाल
6 hrs ago'आसमान में आपको कौन बचाएगा?', Flydubai के पायलट स्मित मच्छार का पुराना VIDEO हो रहा वायरल
6 hrs agoफॉर्म-6 में चेंज का आदेश किसने दिया? राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से पूछा सवाल
7 hrs ago'INDIA' महाबैठक में सोनिया गांधी की एंट्री ने क्यों चौंकाया? हॉल में कैसे मची अफरातफरी
8 hrs agoCBSE Datesheet 2027: 10वीं, 12वीं के टाइम टेबल को लेकर आया अपडेट, इस डायरेक्ट लिंक से करें डाउनलोड
8 hrs agoAaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: सऊदी से एयरलिफ्ट हुए कैप्टन स्मित मच्छार, अब अबू धाबी में होगा बेहतर इलाज
11 hrs ago'प्रधानमंत्री सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ', राहुल गांधी ने PM मोदी पर साधा निशाना
20 hrs agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines