मंडी से बीजेपी उम्मीदवार कंगना रनौत ने जोधपुर में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि लोगों में उत्साह और जोश है, बीजेपी के प्रति लोगों का प्यार हम सब देखा सकते हैं।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के पूर्णिया में कहा कि हम लोग हर जगह से आश्वस्त है, कहीं कोई दिक्कत नहीं है। हार में वे लोग बौखाला चुके हैं, एक तरफा माहौल है। पूरा सीमांचल हम जीतने वाले हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार तेजस्वी सूर्या के साथ रोड शो किया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बातचीत की। सीएम ने कहा कि मैंने यूट्यूबर्स और इन्फ्लुएंसर्स से बातचीत की और उनके साथ बातचीत करके अच्छा लगा। इनका बहुत महत्व है क्योंकि ये स्पष्ट और अच्छी जानकारी लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं। हमने बताया कि 10 वर्षों में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने एक नई दशा और दिशा तय की है। देश को विकास का एक नया आयाम दिया गया है। देश की समस्याओं का समाधान किया गया है। यूट्यूबर्स और इन्फ्लुएंसर्स के भी कुछ प्रश्न थे हमने उनके भी जवाब दिए हैं।
दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक बिल्डिंग की छठवीं मंजिल की दीवार और पांचवीं मंजिल की छत गिरी, जिससे 8 लोग जख्मी हो गए।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता व भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने सिलीगुड़ी में कहा कि वे EVM पर सवाल उठाते हैं। जब कांग्रेस ने कर्नाटक और तेलंगाना में चुनाव जीता तो EVM ठीक थी। भाजपा-NDA को 400 सीटें मिलने जा रही हैं।
माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) का 10वीं 12वीं का रिजल्ट बुधवार को घोषित होगा। शाम 4 बजे परिणाम जारी होगा।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने तिरुवनंतपुरम में कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, यूडीएफ, इंडिया गठबंधन बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगा और पहले दौर के चुनावों से पता चला है कि भाजपा बैकफुट पर है। लोगों के वास्तविक मूल मुद्दे मायने रखते हैं। लोगों का ध्यान भटकाने और विवादास्पद मुद्दों, विभाजनकारी मुद्दों पर बात करने से कोई लाभ नहीं मिलेगा। भाजपा नेताओं के भाषण भी बहुत चिंताजनक हैं और हम जानते हैं कि उन्हें कुछ गलत का आभास हो गया है। इसलिए ये सभी धर्म और हिंदू-मुस्लिम की बातें करते हैं, ये सिर्फ लोगों का ध्यान भटकाने की चाल है। केरल में लोगों के आशीर्वाद से हमें सभी 20 सीटें जीतने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस की वजह से ही इतनी बड़ी आबादी पिछड़ी रह गई, वंचित रह गई, शोषित रह गई। कांग्रेस ने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा नहीं दिया, मेडिकल की परीक्षाओं में ओबीसी आरक्षण तक नहीं दिया।
AIMIM स्टेट कोर कमेटी सदस्य सोहेल हाशमी ने बड़ी घोषणा की। मध्य प्रदेश में AIMIM चुनाव नहीं लड़ेगी। असदुद्दीन ओवैसी ने मतदाताओं से अपील है कि पूरी ताकत से मतदान करें। उन ताकतों के खिलाफ मतदान करें, जो देश को तोड़ने की बात कर रहे हैं।
बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक घर में अचानक से गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिसमें 8 लोग बुरी तरह झुलस गए। घायल की पहचान चंदा देवी पति मनोज कुमार, सोनम देवी पति संजीव कुमार, सुधांशु कुमार पिता मनोज कुमार, हिमांशु कुमार पिता मनोज कुमार, लक्ष्मी कुमारी पिता संजीव कुमार, राजन कुमार पिता महेश शाह, लीला देवी पति स्वर्गीय महेश साह, शंकर कुमार पिता स्वर्गीय महेश साह के रूप में हुई।
दिल्ली मेयर चुनाव पर MCD मेयर शैली ओबेरॉय ने कहा कि 26 अप्रैल को मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव है। हमने इसके लिए सूचना जारी की है। इस बार लोकसभा के चुनाव हैं इसलिए MCC में ECI की मंजूरी जरूरी है। हम ECI से मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। LG के पास भी एक फाइल भेजी गई है, हम दोनों से मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही चुनाव के लिए ECI से मंजूरी मिलेगी चुनाव होगा।
मैनपुरी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव ने इटावा में कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि उन्होंने युवाओं को कितनी नौकरियां, रोजगार दिया? ये लोग राशन में धांधली कर रहे हैं। इन्होंने राशन में भारी कटौती की है। आज हमारा युवा भटक रहा है। उत्तर प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। सब चीजें महंगी हैं। मैं समझती हूं कि मौजूदा सरकार पूरी तरह विफल रही है।
देश में पुतिन स्टाइल ऑफ डेमोक्रेसी का मॉडल लाने का काम हो रहा है.. एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष को जेल में भेजो या अपने तरफ़ कर लो..विपक्ष के प्रत्याशियों को कोई कारण देकर रिजेक्ट कर दो पहले चंडीगढ़, फिर रामटेक, फिर खजुराहो और अब सूरत जहां बिना विरोध और बग़ैर चुनाव के भाजपा के प्रत्याशी को जिताया गया। अब समय आया है अबकी बार, भाजपा तड़ीपार!..
मध्य प्रदेश के इंदौर से आज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तीनों शूटरों के कनेक्शन कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके करीबी जग्गू भगवान पुरिया के शुभम गैंग से बताया जा रहा है। तीनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं और अमृतसर में बड़ी गैंगवार को अंजाम देने की फिराक में थे। वे हथियार खरीदने के लिए मध्य प्रदेश आए थे। पुनीत, शिवम उर्फ बबलू और रशिम उर्फ रिशु अरोरा से 2 अवैध पिस्टल, 2 देसी कट्टे और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में ब्यावरा में फंदे पर मां-बेटे के शव लटके मिले। ब्यावरा शिवाजी मार्ग कॉलोनी की घटना है। मृतकों की पहचान हरिओम सोनी युवक और उसकी मां रीता सोनी के रूप में हुई। युवक हरिओम सोनी का कुछ दिन पहले ही पटवारी भर्ती में चयन हुआ था। फिलहाल मामला सुसाइड माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बुलंदशहर में खेल-खेल में 2 मासूम बच्चियां कीटनाशक दवाई पी गईं। दोनों बच्चियों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद बच्चियों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मरने वाली बच्चियों की उम्र 3 साल और 5 साल बताई जा रही है। बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र के तहत आने वाले मोहल्ला जंगलपीर का मामला है।
भाजपा ने लद्दाख से अपने मौजूदा सांसद जमयांग सेरिंग नामग्याल का टिकट काट दिया है। उनकी जगह ताशी ग्यालसन को लोकसभा चुनाव 2024 का टिकट देकर चुनावी रण में उतारा है।
जालंधर में आम आदमी पार्टी मजबूत हुई है और BJP को बड़ा झटका लगा है। भाजपा नेता रॉबिन सांपला आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनका स्वागत किया। विधायक रमन अरोड़ा भी इस मौके पर मौजूद रहे। रोबिन सांपला भाजपा एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष थे।
कांग्रेस नेता मीम अफजल ने कहा कि- प्रधानमंत्री मोदी polarisation चाहते हैं। 400 का नारा देकर फंस गए हैं, क्योंकि उन्हें एहसास हो गया है कि बीजेपी को सीटें नहीं मिल रहीं हैं। लिहाजा ध्रुवीकरण के अलावा उन्हें और कोई रास्ता नहीं सूझ रहा।
आरक्षण धर्म के अनुसार हो ही नहीं सकता, क्योंकि ये संविधान ने तय किया है। पिछड़े मुसलमानों को शुरुआत से आरक्षण मिल रहा है तो आरक्षण नये सिरे से मुसलमानो को देने की बात कहां से आई?
कांग्रेस को पता था कि प्रधानमंत्री धर्म की बात करके बांटने की कोशिश करेंगे ही। इस बार ज़रा समय से पहले शुरू हो गए हैं, क्योंकि घबराहट में हैं पीएम मोदी।