IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन के मैदान पर खेला जाएगा। मेहमान टीम इंडिया ने अपना पहला मुकाबला गंवा दिया है और सीरीज में 1-0 से पीछे हो गई है। गिल की कप्तानी में टीम इंडिया को अगर इस सीरीज में वापसी करनी है तो दूसरे मैच में जीत हासिल करनी होगी। इस मैच में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के पास बल्ले से इतिहास रचने का मौका होगा। अगर उनका बल्ला इस मैच में भी चलता है तो वो डॉन ब्रैडमैन को पीछे छोड़ते हुए महारिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। अभी तक इंग्लैंड के खिलाफ ये काम सिर्फ ब्रैडमैन ही कर पाए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ जायसवाल रचेंगे इतिहास
यशस्वी जायसवाल ने अपने करियर में इंग्लैंड के खिलाफ ही सबसे ज्यादा टेस्ट मुकाबले खेले हैं और उनका रिकॉर्ड भी टीम के खिलाफ शानदार रहा है। अभी तक उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खेले 6 मैचों की 11 पारियों में 817 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 81.70 का रहा है और वो 3 शतक जड़ चुके हैं। इस मैच में अगर जायसवाल 183 रन बना पाते हैं तो उनके इंग्लैंड के खिलाफ 1000 रन पूरे हो जाएंगे। अभी तक ये करनामा सिर्फ डॉन ब्रैडमैन के नाम है। उन्होंने 13 पारियों में इंग्लैंड के खिलाफ 1000 रन पूरे किए थे।
शानदार फॉर्म में हैं जायसवाल
यशस्वी जायसवाल साल 2024 में टीम इंडिया के टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने खेले 15 मैचों की 29 पारियों में 54.74 की औसत से 1478 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 9 अर्धशतक जड़े हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए चक्र की शुरुआत भी उन्होंने शानदार अंदाज में की है और पहली ही पारी में इंग्लैंड की धरती पर शतक जड़ा। हालांकि वो दूसरी पारी में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए और टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।
टीम इंडिया के पास सीरीज बराबरी का मौका
एजबेस्टन के मैदान पर टीम इंडिया जीत दर्ज करती है तो सीरीज में 1-1 की बराबरी हो जाएगी। इस जीत के साथ ही सीरीज का रोमांच भी दोगुना हो जाएगा। टीम इंडिया ने आखिरी बार साल 2007 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में इंग्लैंड की सरजमी पर सीरीज जीती थी। गिल की कप्तानी में अगर टीम इंडिया द्रविड़ वाला कारनामा दोहरा पाती है तो टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया का ये उज्जवल भविष्य की तरफ पहला कदम होगा।